अनंत सिंह-नीरज कुमार कंट्रोवर्सी पर विजय चौधरी ने कह दी बड़ी बात, क्या अब JDU लेगी एक्शन?

अनंत सिंह-नीरज कुमार कंट्रोवर्सी पर विजय चौधरी ने कह दी बड़ी बात, क्या अब JDU लेगी एक्शन?


Last Updated:

Anant Singh-Neeraj Kumar Dispute: पटना स्नातक विधान परिषद चुनाव को लेकर JDU में अनंत सिंह और नीरज कुमार के बीच विवाद लगातार चर्चा में है. अनंत सिंह ने JDU उम्मीदवार नीरज कुमार के खिलाफ मोर्चा खोलते हुए जन सुराज प्रत्याशी अनुज कुमार सिंह को समर्थन देने का ऐलान किया है. वहीं इस मामले को लेकर अब मंत्री विजय चौधरी ने बड़ा बयान दिया है.

Zoom

अनंत सिंह और नीरज कुमार विवाद पर मंत्री विजय चौधरी ने बड़ा बयान दिया है.

पटना. पटना स्नातक विधान परिषद चुनाव को लेकर जेडीयू के भीतर अनंत सिंह और नीरज कुमार के बीच चल रहा विवाद अब पार्टी नेतृत्व के संज्ञान में पहुंच गया है. अनंत सिंह ने नीरज कुमार के खिलाफ खुलकर मोर्चा खोल रखा है और जन सुराज के उम्मीदवार अनुज कुमार सिंह के समर्थन का ऐलान किया है. वहीं, नीरज कुमार भी अनंत सिंह के बयानों पर जवाब दे चुके हैं.

इसी बीच जब जेडीयू के वरिष्ठ नेता और डिप्टी सीएम विजय कुमार चौधरी से सवाल किया गया कि क्या पार्टी अनंत सिंह के खिलाफ कार्रवाई करेगी, तो उन्होंने कहा कि जिस विवाद की चर्चा हो रही है, वह पार्टी के संज्ञान में है और बहुत जल्द इसका निदान हो जाएगा.

अनंत सिंह ने JDU उम्मीदवार के खिलाफ खोला मोर्चा

दरअसल, पटना स्नातक MLC चुनाव में जेडीयू ने नीरज कुमार को अपना उम्मीदवार बनाया है. इसी सीट पर जन सुराज पार्टी ने अनुज कुमार सिंह को मैदान में उतारा है. अनंत सिंह ने अनुज कुमार सिंह के समर्थन का ऐलान किया है. उन्होंने कहा है कि वह नीरज कुमार के खिलाफ प्रचार करेंगे. इस पूरे घटनाक्रम के बाद यह सवाल उठने लगा कि पार्टी लाइन से अलग जाकर अपनी ही पार्टी के उम्मीदवार का विरोध करने वाले अनंत सिंह के खिलाफ जेडीयू क्या कदम उठाएगी.

नीरज कुमार से पुराना विवाद

अनंत सिंह और नीरज कुमार के बीच विवाद नया नहीं है. दोनों नेताओं के बीच पिछले दिनों कई मुद्दों को लेकर सार्वजनिक तौर पर बयानबाजी हुई है. सितंबर में अनंत सिंह ने नीरज कुमार पर गंभीर आरोप लगाए थे. इसके जवाब में नीरज कुमार ने भी पलटवार किया था. MLC चुनाव के दौरान यह विवाद तब और बढ़ गया, जब अनंत सिंह ने जेडीयू उम्मीदवार नीरज कुमार के बजाय जन सुराज प्रत्याशी अनुज कुमार सिंह को समर्थन देने की घोषणा कर दी.

पार्टी नेतृत्व के सामने क्या है चुनौती?

अनंत सिंह के रुख के बाद जेडीयू के सामने पार्टी के अंदर अनुशासन और चुनावी रणनीति से जुड़ा सवाल खड़ा हुआ है. पार्टी के नेताओं की ओर से लगातार यह संकेत दिया जा रहा है कि मामले को संगठन के स्तर पर सुलझाने की कोशिश की जा रही है. जेडीयू नेता श्रवण कुमार ने भी कहा है कि अनंत सिंह और नीरज कुमार से जुड़ा मामला पार्टी के वरिष्ठ नेताओं के संज्ञान में है और उचित समय पर इसका समाधान किया जाएगा.

अब विजय चौधरी के बयान के बाद यह साफ है कि पार्टी नेतृत्व इस विवाद से अवगत है. हालांकि अनंत सिंह के खिलाफ किसी तरह की कार्रवाई होगी या नहीं, इस पर उन्होंने कोई स्पष्ट फैसला सार्वजनिक नहीं किया है. पार्टी की ओर से अगले कदम का इंतजार है.



Source link