Last Updated:
सतना जिले के सोहावल विकासखंड स्थित फुटौंधी शासकीय प्राथमिक विद्यालय में सोमवार दोपहर हादसा हो गया. कमरों में बारिश का पानी भरने के कारण छात्र बरामदे में पढ़ाई कर रहे थे. इसी दौरान बरामदे की छत का प्लास्टर गिर गया. हादसे में चार बच्चे घायल हो गए, जिनमें तीन छात्राएं शामिल हैं.
स्कूल का प्लास्टर गिरने से 4 बच्चे घायल.
Satna News: सतना जिले के सोहावल विकासखंड के फुटौंधी गांव में स्थित शासकीय प्राथमिक विद्यालय से एक घटना सामने आई है. सोमवार दोपहर करीब 12:30 बजे स्कूल भवन के बरामदे की छत का प्लास्टर अचानक टूटकर नीचे गिर गया. हादसे में वहां पढ़ाई कर रहे चार बच्चे घायल हो गए. घायलों में तीन छात्राएं हैं. घटना से अफरा-तफरी मच गई.
मिली जानकारी के अनुसार, बारिश के कारण स्कूल भवन के कमरों में पानी भर गया था. इस वजह से सभी बच्चों को बरामदे में बैठाकर पढ़ाया जा रहा था. बच्चे पढ़ाई कर रहे थे, तभी अचानक छत का प्लास्टर नीचे आ गिरा. अचानक हुए इस हादसे से घबराकर बच्चे इधर-उधर भागने लगे और वहां भगदड़ जैसी स्थिति बन गई.
घायल बच्चों में हर्ष कोल (पिता छोटेलाल कोल), पल्लवी कोल (पिता कैलाश कोल), जानवी कोल (पिता प्रकाश) और रागनी पाल (पिता राजेंद्र पाल) शामिल हैं. इनमें से हर्ष, जानवी और रागनी के सिर में चोट लगी है. वहीं, छात्रा पल्लवी कोल के पैर में चोट आई है.
तुरंत डॉक्टर को बुलाया गया
घटना के तुरंत बाद स्कूल प्रबंधन ने इलाज की व्यवस्था कराई. घायल छात्रा रागनी पाल के चाचा रजनीश पाल ने बताया कि हेडमास्टर एसएन त्रिपाठी ने स्थानीय निजी डॉक्टर को स्कूल बुलवाया. डॉक्टर ने स्कूल पहुंचकर सभी घायल बच्चों का प्राथमिक उपचार किया. इलाज के बाद फिलहाल सभी बच्चों की हालत सामान्य बताई जा रही है.
10 साल पुराना स्कूल
स्थानीय निवासियों का कहना है कि लगातार बारिश की नमी से लगभग 10 साल पुराने इस स्कूल भवन का प्लास्टर कमजोर हो गया था. इस घटना ने बारिश के दौरान स्कूल भवनों की सुरक्षा और बच्चों की व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए हैं. स्थानीय लोगों ने मांग की है कि प्रशासन जल्द से जल्द भवन का निरीक्षण करवाकर स्थिति स्पष्ट करे.