October 2026 School Holidays: अक्टूबर में छुट्टियों की सौगात, हर राज्य में छप्परफाड़ हॉलिडे, इतने दिन बंद रहेंगे स्कूल

October 2026 School Holidays: अक्टूबर में छुट्टियों की सौगात, हर राज्य में छप्परफाड़ हॉलिडे, इतने दिन बंद रहेंगे स्कूल


Last Updated:

October 2026 School Holidays: अक्टूबर 2026 में गांधी जयंती और दशहरा समेत कई बड़े त्योहारों की धूम रहेगी. जानिए दिल्ली, यूपी, तेलंगाना और पश्चिम बंगाल समेत अलग-अलग राज्यों में अक्टूबर में स्कूल कब-कब बंद रहेंगे. अक्टूबर शुरू होने से पहले ही पूरा फेस्टिव कैलेंडर चेक करना जरूरी है.

Zoom

October 2026 School Holidays: साल के 10वें महीने में छुट्टियों की भरमार है

नई दिल्ली (October 2026 School Holidays). अक्टूबर शुरू होते ही बच्चों के चेहरे पर एक अलग ही चमक आ जाती है. हो भी क्यों न! साल के इस खूबसूरत महीने में त्योहारों की ऐसी बहार आती है कि स्कूल के बस्ते और सुबह-सुबह की होमवर्क की टेंशन कुछ दिनों के लिए गायब हो जाती है. हल्की-हल्की गुलाबी ठंड और फेस्टिव वाइब्स के बीच साल का 10वां महीना यानी अक्टूबर स्कूल-कॉलेज के स्टूडेंट्स के लिए किसी ट्रीट से कम नहीं होता.

इस बार अक्टूबर में छुट्टियों का ऐसा सिलसिला बन रहा है कि स्टूडेंट्स को पढ़ाई से लंबा ब्रेक मिलने की पूरी उम्मीद है. राष्ट्रपिता महात्मा गांधी की जयंती से लेकर बुराई पर अच्छाई की जीत का प्रतीक दशहरा और करवा चौथ जैसे बड़े पर्व भी इसी महीने में पड़ रहे हैं. ऐसे में स्टूडेंट्स और उनके पैरेंट्स अभी से हिसाब लगाने में जुट गए हैं कि अक्टूबर में किस राज्य में कब-कब स्कूल बंद रहने वाले हैं और इस दौरान अपनी छुट्टियों की प्लानिंग कैसे करें.

अक्टूबर में स्कूल कब-कब बंद रहेंगे?

स्कूल की छुट्टियां हर राज्य और बोर्ड के हिसाब से अलग-अलग होती हैं. किसी राज्य में दुर्गा पूजा की धूम रहती है तो कहीं बथुकम्मा जैसे क्षेत्रीय त्योहारों पर खास अवकाश घोषित किया जाता है. कई बार राष्ट्रीय अवकाश के अलावा स्कूल अपने स्तर पर भी शरदकालीन या फेस्टिव ब्रेक जोड़ देते हैं. इससे बच्चों को घूमने-फिरने या परिवार के साथ वक्त बिताने का मौका मिल जाता है. जानिए अक्टूबर 2026 में देश के किन-किन राज्यों में स्कूलों में कब-कब छुट्टियां रहने वाली हैं और किस दिन कौन सा बड़ा त्योहार पड़ रहा है.

अक्टूबर 2026 हॉलिडे कैलेंडर

स्टूडेंट्स की सुविधा के लिए अक्टूबर में आने वाले प्रमुख त्योहारों और छुट्टियों की लिस्ट नीचे दी गई है. इससे आप पहले से ही अपनी प्लानिंग कर सकते हैं:

तारीख दिन छुट्टी/अवसर
02 अक्टूबर 2026 शुक्रवार गांधी जयंती
18 अक्टूबर 2026 रविवार दशहरा/सप्तमी
19 अक्टूबर 2026 सोमवार दशहरा/महा अष्टमी
20 अक्टूबर 2026 मंगलवार दशहरा/विजयादशमी
26 अक्टूबर 2026 सोमवार महर्षि वाल्मीकि जयंती
29 अक्टूबर 2026 गुरुवार करवा चौथ/कारक चतुर्थी

दिल्ली के स्कूलों में छुट्टियों का गणित

राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली में अक्टूबर हमेशा से ही खुशनुमा रहा है. यहां 2 अक्टूबर को गांधी जयंती की राष्ट्रीय छुट्टी के बाद 20 अक्टूबर को विजयादशमी अवकाश रहेगा. इसके अलावा 26 और 29 अक्टूबर को प्रतिबंधित अवकाश (Restricted Holiday) की सूची में रखा गया है. हालांकि, दिल्ली के कई प्राइवेट और सरकारी स्कूल दशहरा या शरदकालीन (Autumn) ब्रेक के तहत कुछ अतिरिक्त दिन भी स्कूल बंद रख सकते हैं. इसकी पुख्ता जानकारी संबंधित स्कूल के सर्कुलर से ही मिलेगी.

उत्तर प्रदेश में विजयादशमी और त्योहारों की धूम

उत्तर प्रदेश में त्योहारों का उत्साह देखते ही बनता है. यहां अक्टूबर की मुख्य छुट्टियों में 2 अक्टूबर को गांधी जयंती और 20 अक्टूबर को विजयादशमी का अवकाश शामिल है. हालांकि, यूपी के अलग-अलग जिलों और बोर्ड्स के स्कूलों में दुर्गा पूजा और दशहरा को लेकर मिलने वाला ब्रेक कई बार 3 से 5 दिनों तक का होता है. यह स्कूल के वार्षिक शैक्षणिक कैलेंडर पर निर्भर करता है कि वे बच्चों को कितना लंबा फेस्टिव ब्रेक दे रहे हैं. बेहतर रहेगा कि छुट्टियों का सटीक हिसाब-किताब स्कूल कैलेंडर में देख लें.

तेलंगाना में बथुकम्मा और दशहरे का खास रंग

दक्षिण भारत के तेलंगाना राज्य में अक्टूबर का महीना सांस्कृतिक उत्सवों से भरा होता है. यहां पारंपरिक त्योहार ‘सद्दुला बथुकम्मा’ (18 अक्टूबर), महा नवमी (19 अक्टूबर), विजयादशमी (20 अक्टूबर) और उसके अगले दिन (21 अक्टूबर) तक छुट्टियों का तांता लगा रहता है. इसके अलावा 26 अक्टूबर को हजरत सैयद मोहम्मद के जन्मदिन के मौके पर भी अवकाश रहेगा, जिससे स्टूडेंट्स को अक्टूबर में एक के बाद एक कई छुट्टियां मिलेंगी.

पश्चिम बंगाल में दुर्गा पूजा का भव्य अवकाश

बात अक्टूबर और छुट्टियों की हो तो पश्चिम बंगाल की दुर्गा पूजा को कैसे भूला जा सकता है! यहां अक्टूबर स्कूल हॉलिडे की शुरुआत गांधी जयंती से होगी. फिर 19 और 20 अक्टूबर को दशहरा और महाष्टमी की मुख्य छुट्टियों के साथ-साथ बंगाल के स्कूलों में दुर्गा पूजा का लंबा और भव्य अवकाश देखने को मिलता है. पूजा के इन दिनों में पढ़ाई लगभग थम जाती है और पूरा राज्य जश्न में डूब जाता है. छुट्टियों की सटीक तारीखों के लिए अपने स्कूल के नोटिस बोर्ड या आधिकारिक वेबसाइट की मदद जरूर लें.



Source link