Last Updated:
Shivpuri News: शिवपुरी में एक आवारा कुत्ते की दहशत से हड़कंप मच गया. कुत्ते ने करीब 24 घंटे में 35 से ज्यादा लोगों को काट लिया. स्थानीय लोगों ने नगरपालिका को सूचना दी. कड़ी मशक्कत के बाद कुत्ते को पकड़ लिया गया. कुत्ते को रेबीज है या नहीं, इसकी जांच की जा रही है.
नगरपालिका ने कड़ी मशक्कत के बाद कुत्ते को पकड़ा.
शिवपुरी. मध्य प्रदेश के शिवपुरी में एक कुत्ते ने तहलका मचा दिया. शनिवार शाम से लेकर रविवार सुबह के बीच कुत्ते ने 35 से ज्यादा लोगों को काट लिया. घायलों में कुछ बच्चे भी शामिल हैं. शिकायत मिलने के बाद नगरपालिका की टीम ने रविवार को कड़ी मशक्कत के बाद कुत्ते को पकड़ लिया. जिसके बाद स्थानीय लोगों ने राहत की सांस ली.
पीड़ितों ने बताया कि काले रंग के कुत्ते ने गुरुद्वारा चौराहा, मनियर, पुरानी शिवपुरी स्थित राधा रमण मंदिर के पास और लुहारपुरा में लोगों को काटा. मनियर के रहने वाले रूपेश उपाध्याय ने बताया कि उनके भाई हृदयेश और इलाके के 6 साल के बच्चे समेत करीब पांच लोगों को कुत्ते ने काट लिया. घायलों में शांति नगर निवासी प्रमोद कुशवाह और गुना निवासी राजू भी शामिल हैं.
प्राइवेट अस्पतालों में भी कराया इलाज
शिवपुरी जिला अस्पताल की नर्स रश्मि सोलंकी ने कहा कि शनिवार से रविवार दोपहर तक 35 लोगों को एंटी-रेबीज इंजेक्शन लगाए गए. कटखने कुत्ते का शिकार हुए कुछ लोगों ने निजी अस्पतालों में भी इलाज कराया.
नगरपालिका को अस्पताल से मिली सूचना
नगरपालिका के मुख्य नगरपालिका अधिकारी यशवंत राठौड़ ने बताया कि पालिका को अस्पताल से सूचना मिली थी कि एक कुत्ते ने कई लोगों को काट लिया है. सूचना मिलने के बाद कुत्ते की तलाश के लिए टीमें भेजी गईं. कड़ी मशक्कत के बाद कुत्ते को पकड़ लिया गया है. कुत्ते को रेबीज है या नहीं, इसकी पुष्टि जांच के बाद ही की जा सकेगी.
कुत्ते ने एक दिन में 60 लोगों को काटा
बताते चलें कि इसी साल मई में शिवपुरी में एक आवारा कुत्ते ने एक ही दिन में करीब 60 लोगों को काट लिया था. कुत्ते ने दो साल की एक मासूम बच्ची के चेहरे को बुरी तरह नोच दिया था. बच्ची घर के बाहर खेल रही थी कि तभी कुत्ता उसपर झपट पड़ा. हमले में बच्ची के गाल, कान और चेहरे पर गहरे जख्म हो गए थे. परिजन फौरन उसे जिला अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां डॉक्टरों ने उसके चेहरे पर 35 टांके लगाए थे.