Bihar MLC Chunav : जनसुराज उम्मीदवार के लिए वोट मांगेंगे अनंत सिंह, नीरज कुमार के खिलाफ खोला मोर्चा

Bihar MLC Chunav : जनसुराज उम्मीदवार के लिए वोट मांगेंगे अनंत सिंह, नीरज कुमार के खिलाफ खोला मोर्चा


पटना. बिहार विधान परिषद चुनाव को लेकर पटना स्नातक सीट पर सियासी हलचल तेज हो गई है. JDU के विधायक अनंत सिंह ने अपनी ही पार्टी के उम्मीदवार नीरज कुमार के खिलाफ खुलकर मोर्चा खोल दिया है. अनंत सिंह ने प्रशांत किशोर की पार्टी जन सुराज के पटना स्नातक सीट से उम्मीदवार अनुज कुमार सिंह के समर्थन का ऐलान किया है. अनंत सिंह और अनुज कुमार सिंह ने एक साथ प्रेस कॉन्फ्रेंस कर अपना पक्ष रखा.

अनंत सिंह ने कहा कि 1 अक्टूबर को अनुज कुमार सिंह का नामांकन है और उनके नामांकन के लिए वह पूरी तरह तैयार हैं. उन्होंने कहा कि नामांकन के बाद पूरे इलाके में अनुज कुमार सिंह के लिए चुनाव प्रचार करेंगे और उनके पक्ष में वोट मांगेंगे. अनंत सिंह ने साफ कहा कि यह पार्टी का चुनाव नहीं है और पार्टी की ओर से उन्हें ऐसा करने के लिए नहीं कहा गया है.

‘यह मेरा और नीरज कुमार का व्यक्तिगत मामला’

JDU विधायक ने कहा कि अनुज कुमार सिंह का समर्थन करना उनका व्यक्तिगत फैसला है. उन्होंने कहा, ‘यह मेरा और नीरज कुमार का व्यक्तिगत मामला है. नीरज कुमार ने मेरा विरोध किया था, इसलिए हम उनके चुनाव में विरोध करेंगे.’ अनंत सिंह ने कहा कि उन्हें इससे कोई मतलब नहीं है कि चुनाव में कौन-कौन उम्मीदवार मैदान में है. उन्होंने कहा कि वह अनुज कुमार सिंह का पूरी तरह समर्थन करेंगे और पूरे इलाके में उनके लिए वोट मांगेंगे.

‘पार्टी ने कुछ नहीं कहा’

जब अनंत सिंह से पूछा गया कि क्या जन सुराज उम्मीदवार का समर्थन करने पर JDU की ओर से उनके खिलाफ कार्रवाई हो सकती है, तो उन्होंने नीरज कुमार का हवाला देते हुए पलटकर सवाल किया. अनंत सिंह ने कहा कि नीरज कुमार ने उनका विरोध किया था. उन्होंने सवाल उठाया कि क्या नीरज कुमार के खिलाफ पार्टी ने कोई कार्रवाई की थी? उन्होंने यह भी कहा कि नीरज कुमार ने ललन सिंह का विरोध किया था, तब क्या पार्टी ने उनके खिलाफ कोई कार्रवाई की थी.

अनुज सिंह ने भी मांगा समर्थन

प्रेस कॉन्फ्रेंस में जन सुराज के पटना स्नातक सीट से उम्मीदवार अनुज कुमार सिंह भी मौजूद थे. उन्होंने कहा कि 1 अक्टूबर को वह अपना नामांकन दाखिल करेंगे. अनुज सिंह ने लोगों से अपने समर्थन की अपील करते हुए कहा कि वे उनके साथ आएं और समर्थन करें.

बता दें, पटना स्नातक सीट पर JDU ने नीरज कुमार को उम्मीदवार बनाया है, जबकि जन सुराज की ओर से अनुज कुमार सिंह मैदान में हैं. ऐसे में JDU विधायक अनंत सिंह का अपनी ही पार्टी के उम्मीदवार के खिलाफ खुलकर जन सुराज प्रत्याशी का समर्थन करना चुनावी मुकाबले को लेकर चर्चा का नया विषय बन गया है.

MLC चुनाव से पहले JDU में नई हलचल

अनंत सिंह के इस ऐलान के बाद पटना स्नातक सीट का चुनाव और दिलचस्प हो गया है. एक तरफ JDU अपने उम्मीदवार नीरज कुमार के पक्ष में चुनावी तैयारी कर रही है, वहीं दूसरी ओर पार्टी के विधायक अनंत सिंह ने जन सुराज के उम्मीदवार के समर्थन का सार्वजनिक ऐलान किया है. अब नजर इस बात पर रहेगी कि अनंत सिंह के इस रुख पर JDU नेतृत्व की ओर से क्या प्रतिक्रिया आती है और क्या पार्टी उनके खिलाफ कोई कार्रवाई करती है.



Source link