Last Updated:
Jamshedpur Special Cafe: जमशेदपुर के सर्किट हाउस इलाके में बना ‘ला ग्रेविटा’ कैफे अपनी खूबसूरती और शांत माहौल के लिए जाना जाता है. यहां का स्टाफ सुन और बोल नहीं सकता, फिर भी ग्राहकों के स्वागत से लेकर ऑर्डर और सर्विस तक का पूरा काम बेहद सहज तरीके से किया जाता है.
जमशेदपुर. अक्सर लोग परिवार, दोस्तों या कॉर्पोरेट मीटिंग के लिए ऐसी जगह तलाशते हैं, जहां शांति हो, सुकून हो और बातचीत के बीच किसी तरह का डिस्टर्बेंस न हो. अगर आप भी जमशेदपुर में ऐसी ही कोई यूनिक और कंफर्टेबल जगह तलाश रहे हैं तो सर्किट हाउस इलाके में मौजूद ला ग्रेविटा कैफे आपके लिए खास हो सकता है. यह कैफे अपनी खूबसूरती के साथ-साथ एक और खास वजह से लोगों का ध्यान खींचता है.
सुन और बोल नहीं सकते यहां के कर्मचारी
ला ग्रेविटा की सबसे खास बात यहां काम करने वाला स्टाफ है. यहां के कर्मचारी सुन और बोल नहीं सकते, लेकिन इसके बावजूद ग्राहकों के स्वागत से लेकर ऑर्डर और सर्विस तक का पूरा काम बेहद सहज तरीके से किया जाता है. इशारों और एक्शन के जरिए स्टाफ ग्राहकों को समझता है और अपनी जिम्मेदारी निभाता है. यहां निकित, मंजू और विक्की जैसे कर्मचारी ग्राहकों का स्वागत करते हैं. कैफे में आने वाले लोगों के लिए यह अनुभव काफी अलग और यादगार होता है.
कई यूनिक आइटम मिलते हैं यहां
कैफे के संचालक अश्विनी डुग्गर ने इसे काफी खूबसूरत तरीके से तैयार किया है. करीब 10 साल पहले एक छोटे से ठेले से शुरू हुआ यह सफर आज जमशेदपुर के सर्किट हाउस इलाके तक पहुंच चुका है. कैफे का इंटीरियर और यहां रखी गई चीजें इसे बाकी सामान्य कैफे से अलग बनाती हैं. यहां आपको कई ऐसी विदेशी और आकर्षक चीजें देखने को मिलेंगी, जो फोटो और वीडियो के लिए काफी अच्छी लगती हैं. यही वजह है कि युवाओं के बीच यह जगह फोटो और सोशल मीडिया कंटेंट के लिए भी पसंद की जाती है.
चार सिटिंग स्पेस हैं
ला ग्रेविटा में अलग-अलग तरह के करीब चार स्पेस बनाए गए हैं, जहां लोग अपनी जरूरत के हिसाब से बैठ सकते हैं. परिवार के साथ समय बिताना हो, दोस्तों के साथ बैठना हो या फिर कोई छोटी कॉर्पोरेट मीटिंग करनी हो, यहां शांत माहौल में समय बिताया जा सकता है. खास बात यह है कि यहां का माहौल काफी शांत रहता है, जिससे लोग बिना ज्यादा शोर-शराबे के अपना समय बिता सकते हैं.
आटे वाला समोसा है खास
खाने की बात करें तो यहां आटे वाला समोसा लोगों के बीच काफी पसंद किया जाता है. इसके अलावा पापड़ी चाट, नेपाली मोमो, नेपाली भेल और कॉफी जैसे कई विकल्प भी मिलते हैं. खास तरीके से तैयार किए गए इन व्यंजनों का स्वाद लेने के लिए भी लोग यहां पहुंचते हैं. कैफे की सजावट और खाने के साथ यहां का शांत वातावरण लोगों के अनुभव को और खास बना देता है.
मेहनत के आगे अक्षमता फीकी
अगर आप जमशेदपुर में ऐसी जगह तलाश रहे हैं, जहां कुछ अलग देखने को मिले, शांति के साथ बैठने का मौका मिले और साथ ही अच्छी तस्वीरें भी क्लिक की जा सकें, तो ला ग्रेविटा एक अलग तरह का अनुभव दे सकता है. यहां की सबसे बड़ी खासियत सिर्फ इसका इंटीरियर या खाना नहीं, बल्कि यह संदेश भी है कि सुनने और बोलने में सक्षम न होने के बावजूद हुनर और मेहनत के जरिए काम को पूरी जिम्मेदारी से किया जा सकता है.