चुपके से UAE पहुंचे नेतन्याहू, शेख मोहम्मद से 1 घंटे की मुलाकात, ईरान पर क्या पक रही खिचड़ी- Benjamin Netanyahu UAE Visit Israel News International

चुपके से UAE पहुंचे नेतन्याहू, शेख मोहम्मद से 1 घंटे की मुलाकात, ईरान पर क्या पक रही खिचड़ी- Benjamin Netanyahu UAE Visit Israel News International


Last Updated:

Israel PM UAE Visit: इजरायल के प्रधानमंत्री बेंजामिन नेतन्याहू ने कथित तौर पर वीकेंड पर गुपचुप तरीके से UAE की यात्रा की. रिपोर्ट के मुताबिक उन्होंने UAE के राष्ट्रपति शेख मोहम्मद बिन जायद अल नाहयान से करीब एक घंटे मुलाकात की. इजरायली मीडिया के मुताबिक बातचीत का मुख्य मुद्दा ईरान था.

Zoom

इजरायल के पीएम अचानक UAE पहुंचे. (Reuters/File)

यरूशलम: इजरायल के प्रधानमंत्री बेंजामिन नेतन्याहू ने वीकेंड पर चुपके से संयुक्त अरब अमीरात (UAE) की यात्रा की. इजरायली मीडिया ने इसकी पुष्टि की है, हालांकि खुद पीएम कार्यालय ने इसे लेकर कोई जानकारी नहीं दी है. सरकारी ‘कान टीवी न्यूज’ की रिपोर्ट के अनुसार, नेतन्याहू ने रविवार को संयुक्त अरब अमीरात के राष्ट्रपति शेख मोहम्मद बिन जायद अल नाहयान से मुलाकात की. उनकी बातचीत का मुख्य केंद्र ईरान था. ‘कान’ ने बताया कि नेतन्याहू एक निजी विमान से यूएई गए और दिन भर वहीं रहे. दोनों में से किसी भी सरकार की ओर से इस दौरे के बारे में तुरंत कोई आधिकारिक घोषणा नहीं की गई.

इजरायल और यूएई ने 2020 में अमेरिका की मध्यस्थता वाले ‘अब्राहम समझौते’ के तहत राजनयिक संबंध स्थापित किए थे. वहीं, द टाइम्स ऑफ इजरायल ने नेतन्याहू की यात्रा के बारे में जानकारी रखने वाले दो लोगों के अनुसार, प्रधानमंत्री ने कल (रविवार) यूएई के राष्ट्रपति के साथ एक घंटे तक बैठक की. इस यात्रा की खबर सबसे पहले इजरायल के चैनल 12 टीवी स्टेशन ने दी थी. मीडिया आउटलेट ने इस सूत्र के हवाले से कहा कि बातचीत इस महीने की शुरुआत में इजरायली अखबार ‘हारेट्ज’ में छपी एक रिपोर्ट पर केंद्रित थी.

हमास के हमले के लिए आगाह किया

रिपोर्ट में कहा गया था कि अमीराती नेता ने 7 अक्टूबर, 2023 को हमास की ओर से किए गए नरसंहार (जिसके कारण युद्ध शुरू हुआ) से ठीक पहले नेतन्याहू को हमास के खतरे से आगाह किया था. बैठक के बारे में प्रत्यक्ष जानकारी रखने का दावा करने वाले व्यक्ति के अनुसार, नेतन्याहू ने शेख मोहम्मद बिन जायद से उस रिपोर्ट का खंडन करने को कहा. नेतन्याहू के कार्यालय ने पहले ही ‘हारेट्ज’ की रिपोर्ट को खारिज कर दिया था. दूसरी ओर UAE के विदेश मंत्रालय ने बैठक के बारे में खबरों पर टिप्पणी करने से इनकार कर दिया है. लेकिन मंत्रालय का कहना है कि वह इजरायल के साथ ‘खुला और सीधा संचार’ बनाए रखता है और ‘सभी संबंधित खुफिया जानकारी’ साझा करता है.



Source link