Last Updated:
पश्चिम बंगाल में बीजेपी जब संगठन को धार देने और सत्ता तंत्र से तालमेल बिठाने में जुटी थी, तभी बीरभूम से आई एक खौफनाक खबर ने पूरे राज्य में हड़कंप मचा दिया. पार्टी के पुनर्गठन के बाद पहले दौरे पर पहुंचे राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन जब कोलकाता में सांसदों, विधायकों और जिला पदाधिकारियों के साथ मैराथन बैठकें कर रहे थे, ठीक उसी वक्त बीरभूम के बोलपुर में बीजेपी मंडल अध्यक्ष चंदन भल्ला को बीच सड़क पर गोलियों से भून दिया गया.
बीजेपी नेता चंदन भल्ला के हत्यारों की तलाश के लिए पुलिस सीसीटीवी खंगाल रही है. (फाइल फोटो)
कोलकाता. पश्चिम बंगाल में भारतीय जनता पार्टी (बीजेपी) अपने नए संगठनात्मक ढांचे को धार देने और पार्टी तंत्र को राज्य सरकार के साथ तालमेल में लाने की कसरत में जुटी है. ठीक उसी वक्त बीरभूम से आई एक खौफनाक वारदात ने पूरे राज्य को दहला दिया. संगठनात्मक फेरबदल के बाद राज्य के पहले दौरे पर पहुंचे पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष नेता नितिन नवीन जब कोलकाता में सांसदों, विधायकों, जिला प्रभारियों और पदाधिकारियों के साथ अहम रणनीति बना रहे थे. उसी दौरान बीरभूम के बोलपुर में बीजेपी के मंडल अध्यक्ष चंदन भल्ला (47) की सरेराह बेहद करीब से गोली मारकर हत्या कर दी गई.
मोटरसाइकिल पर सवार होकर आए दो हमलावरों ने चंदन भल्ला को निशाना बनाया और मौके से फरार हो गए. एक तरफ जहां राजधानी में संगठन को बूथ स्तर तक मजबूत करने के लिए मैराथन बैठकों का दौर चल रहा था, वहीं दूसरी तरफ अपने ही नेता की इस सनसनीखेज हत्या ने कार्यकर्ताओं के गुस्से को भड़का दिया है. इस खूनी वारदात ने बंगाल की कानून व्यवस्था और राजनीतिक हिंसा के पुराने जख्मों को एक बार फिर ताजा कर दिया है, जिससे राज्य का सियासी पारा अचानक सातवें आसमान पर पहुंच गया है.
बोलपुर नगरपालिका के वार्ड नंबर 12 स्थित त्रिशूलापट्टी इलाके में रविवार रात को बाइक सवार दो शूटरों ने बीजेपी नेता चंदन भल्ला को बीच सड़क पर घेर लिया और बेहद करीब से ताबड़तोड़ गोलियां बरसा दीं. जब हमलावरों को पूरा यकीन हो गया कि चंदन की सांसें थम चुकी हैं, तब वे बाइक पर सवार होकर अंधेरे का फायदा उठाते हुए मौके से फरार हो गए. सरेआम हुए इस कत्ल के बाद पूरे इलाके में दहशत और भारी तनाव फैल गया है. वारदात की सूचना मिलते ही भारी पुलिस बल मौके पर पहुंच गया. पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी फुटेज खंगालकर हमलावरों की पहचान और रूट तलाशने में जुटी है, हालांकि अधिकारियों ने अभी तक आधिकारिक बयान नहीं दिया है.
नितिन नवीन का पार्टी, नेताओं और सरकार में तालमेल पर जोर
दूसरी ओर, नितिन नवीन ने पश्चिम बंगाल में पार्टी संगठन, निर्वाचित प्रतिनिधियों तथा संगठन और सरकार के बीच बेहतर समन्वय की जरूरत पर रविवार को जोर दिया. नवीन ने राज्य इकाई के हाल में किए गए पुनर्गठन के बाद उसके कामकाज की समीक्षा की. बीते 25 सितंबर को राज्य भाजपा में किए गए संगठनात्मक फेरबदल के बाद पश्चिम बंगाल के अपने पहले दौरे पर आए नवीन ने राज्य पदाधिकारियों, जिला नेताओं, सांसदों, विधायकों और अन्य पदाधिकारियों के साथ कई बैठकें कीं. इन बैठकों का उद्देश्य पार्टी के संगठनात्मक तंत्र को राज्य में उसकी सरकार के साथ समन्वित करना था.
पार्टी सूत्रों ने बताया कि नवीन का संदेश स्पष्ट था कि संगठन के पदाधिकारियों और निर्वाचित प्रतिनिधियों के बीच मतभेदों के कारण गतिविधियों के अलग-अलग केंद्र नहीं बनने चाहिए. उन्होंने कहा कि पार्टी तंत्र को सरकार के साथ मिलकर काम करना चाहिए, ताकि उसके कार्यों को लोगों तक पहुंचाया जा सके. भाजपा की राज्य इकाई के नेता ने कहा, “संगठन और निर्वाचित प्रतिनिधियों को करीबी समन्वय के साथ काम करना चाहिए और पार्टी तथा सरकार को एक-दूसरे का पूरक होना चाहिए.” न्यू टाउन स्थित विश्व बांग्ला कन्वेंशन सेंटर में संगठनात्मक समीक्षा बैठक के दौरान नवीन ने राज्य पदाधिकारियों, विभाग संयोजकों, राज्य मोर्चा अध्यक्षों, जिला पदाधिकारियों और पार्टी के आईटी, मीडिया तथा सोशल मीडिया संचालन का काम संभालने वाले लोगों से मुलाकात की.