Last Updated:
ग्वालियर में पुरानी रंजिश को लेकर रिटायर्ड आबकारी अधिकारी से घर में घुसकर मारपीट का मामला सामने आया है. आरोपी घर पहुंचा और पुरानी बात को लेकर विवाद करने लगा, जिसके बाद मारपीट की गई. पुलिस ने शिकायत के आधार पर मामले की जांच शुरू कर दी है. पुलिस पुराने विवाद, घटना के समय मौजूद लोगों और अन्य साक्ष्यों की जानकारी जुटा रही है.
रिटायर्ड आबकारी अधिकारी के साथ मारपीट
ग्वालियर. ग्वालियर में पुरानी रंजिश को लेकर रिटायर्ड आबकारी अधिकारी के साथ घर में घुसकर मारपीट करने का मामला सामने आया है. मारपीट का आरोप एक ट्रैफिक पुलिसकर्मी पर लगा है. बताया जा रहा है कि आरोपी और फरियादी आपस में रिश्तेदार हैं. घटना के बाद रिटायर्ड अधिकारी ने मामले की शिकायत पुलिस से की है. पुलिस ने शिकायत के आधार पर जांच शुरू कर दी है.
ग्वालियर में रहने वाले रिटायर्ड आबकारी अधिकारी का अपने ही रिश्तेदार से पुराना विवाद चल रहा था. इसी रंजिश को लेकर दोनों पक्षों के बीच पहले भी कहासुनी और विवाद की स्थिति बन चुकी है. आरोपी ने दंपत्ति को काटकर हत्या करने की धमकी भी दी है.
ग्वालियर के कैलाश विहार स्थित देवाशीष एन्क्लेव में रहने वाले रिटायर्ड आबकारी अधिकारी राकेश शर्मा ने पुलिस को बताया कि 19 सितंबर की शाम वह घर पर बैठे थे. तभी रजनीश द्विवेदी घर में घुस आए और पुराने विवाद को लेकर बहस करने लगे. राकेश शर्मा के मुताबिक घर में घुसते ही रजनीश ने गाली-गलौज शुरू कर दी. विरोध करने पर आरोपी ने लात-घूंसों से मारपीट कर दी. हमले में राकेश की दाहिनी आंख के नीचे, होंठ, सिर, घुटने और पैर में चोट आई है. मारपीट देखकर राकेश की पत्नी रजनी शर्मा बीच-बचाव करने पहुंचीं.
जान से मारने की दी धमकी
आरोप है कि रजनीश ने उन्हें धक्का देकर जमीन पर गिरा दिया और उठने के बाद थप्पड़ मारे. रजनी के हाथ और कूल्हे में चोट आई है. घटना के बाद दंपती ने परिजन को सूचना दी और विश्वविद्यालय थाने पहुंचकर शिकायत दर्ज कराई. घटना घर के अंदर लगे CCTV कैमरे में कैद हो गई. आरोप है कि आबकारी अधिकारी जब थाने पर शिकायत करने पहुंचे तब भी आरोपी ने थाने के भीतर भी धमकी दी. आरोपी ने दंपत्ति को काटकर जान से मारने की धमकी भी दी. जाते-जाते बोला, आज तो बच गए, अगली बार जान से खत्म कर दूंगा.
जानकारी के मुताबिक फरियादी और आरोपी दोनों आपस में समधी लगते हैं. विश्वविद्यालय थाना पुलिस ने शिकायत पर मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है. पुलिस ने आरोपी के खिलाफ मारपीट, गाली-गलौज और धमकी सहित संबंधित धाराओं में मामला दर्ज किया है.