Last Updated:
Bihar Politics: रोहिणी आचार्य ने केंद्रीय मंत्री चिराग पासवान पर तंज कसा है. उन्होंने पूछा कि इस्तीफा देने के लिए वे किस शुभ मुहूर्त का इंतजार कर रहे हैं. दरअसल, चिराग ने बिहार में बढ़ते अपराध को लेकर अपनी ही सरकार पर सवाल उठाए थे. रोहिणी ने इसे चिराग का पुराना ड्रामा बताया है.
रोहिणी आचार्य और चिराग पासवान की फाइल फोटो
पटनाः आरजेडी की नेता रोहिणी आचार्य ने केंद्रीय मंत्री चिराग पासवान पर बड़ा हमला बोला है. उन्होंने चिराग पासवान से तीखा सवाल पूछते हुए कहा है कि वे इस्तीफा देने के लिए किस शुभ मुहूर्त का इंतजार कर रहे हैं. बिहार में बढ़ते अपराध पर चिराग पासवान के हालिया बयान के बाद राजनीति गरमा गई है.
दरअसल, चिराग पासवान ने अपनी ही सरकार के खिलाफ मोर्चा खोल दिया था. उन्होंने राज्य में बेलगाम अपराध और महिलाओं की असुरक्षा पर गहरी नाराजगी जताई थी. चिराग ने साफ कहा था कि उन्हें ऐसी सरकार का समर्थन करने में शर्मिंदगी महसूस हो रही है। उनके इसी बयान को पकड़कर अब रोहिणी आचार्य ने उन पर तंज कसा है.
रोहिणी आचार्य ने फेसबुक पर किया तंज
रोहिणी आचार्य ने अपने फेसबुक पोस्ट के जरिए चिराग पासवान की नीयत पर सवाल उठाए .उन्होंने लिखा कि ‘शर्म’ का भारी बोझ उठाकर भी सत्ता की मलाई खाते रहना कोई चिराग पासवान जी से सीखे. जब बिहार बहन-बेटियों के लिए पूरी तरह असुरक्षित हो चुका है और चिराग को सरकार में रहने से ‘शर्मिंदगी’ हो रही है, तो फिर वे पद छोड़ने की हिम्मत क्यों नहीं दिखा रहे हैं? वे किस मुहूर्त का इंतजार कर रहे हैं?
रोहिणी ने चिराग पर ड्रामा करने का आरोप लगाया. उन्होंने आगे लिखा कि सिर्फ बयानों में झूठा दुख जताना और मगरमच्छ के आंसू बहाना चिराग पासवान का पुराना तरीका है. जब सब कुछ इतना असहनीय और शर्मनाक है, तो फिर इस्तीफा पत्र पर दस्तखत करने में क्या हर्ज है? क्या वे इस्तीफा देने के लिए किसी से अनापत्ति प्रमाण पत्र (NOC) मिलने का इंतजार कर रहे हैं?
चिराग पासवान ने क्या कहा था?
आपको बता दें कि चिराग पासवान ने बिहार पुलिस और प्रशासन को सीधे तौर पर कटघरे में खड़ा किया था. उन्होंने कहा था कि पुलिस-प्रशासन पूरी तरह निकम्मा हो चुका है. अब अधिकारियों के बस में बिहारियों को सुरक्षित रखना नहीं रह गया है.
चिराग ने तल्ख लहजे में कहा था कि उन्हें इस बात का गहरा दुख है कि वे एक ऐसी सरकार का समर्थन कर रहे हैं, जहां अपराध बेलगाम है. समय रहते इस पर कड़ा एक्शन लेना होगा. वरना बिहार और बिहारियों की जिंदगी के साथ खिलवाड़ का अंजाम बहुत बुरा होगा. इसी बयान के बाद रोहिणी आचार्य ने उन पर जोरदार जुबानी हमला बोल दिया है.