US-UK की खुफिया एजेंसियां सोती रहीं, महिला ने बचा लिया अमेरिकी एयरबेस, क्या ईरान ने रची साजिश- RAF Airbase Par Hamla Sajish

US-UK की खुफिया एजेंसियां सोती रहीं, महिला ने बचा लिया अमेरिकी एयरबेस, क्या ईरान ने रची साजिश- RAF Airbase Par Hamla Sajish


Last Updated:

UK Base Attack News: ब्रिटेन के RAF फेयरफोर्ड एयरबेस के पास संदिग्ध आतंकी साजिश के मामले में 5 लोगों को गिरफ्तार किया गया है. तीन संदिग्ध वैन मिलने के बाद 85 घर खाली कराए गए हैं. बम निरोधक दल ने मौके पर जांच शुरू की है. एक स्थानीय महिला की सतर्कता से पुलिस को सूचना मिली.

Zoom

यूके के बेस पर खड़ा अमेरिकी बॉम्बर.

UK Tension News: ब्रिटेन के एक शांत गांव में रविवार सुबह अचानक ऐसा मंजर दिखा, जैसे किसी हॉलीवुड फिल्म का सीन हो. यहां बंदूक लिए पुलिस वाले, बम निरोधक दस्ता तैनात थे. तीन संदिग्ध वैन को घेरा जा चुका था और घरों से लोगों को जल्दी-जल्दी निकाला जा रहा था. अमेरिकी वायुसेना के बॉम्बर जिस बेस में रहते हैं, उस RAF फेयरफोर्ड (Fairford) के पास पांच संदिग्धों की गिरफ्तारी हुई. इस गिरफ्तारी ने पूरे इलाके में हड़कंप मचा दिया. करीब 85 घर खाली कराए गए, तीन वैन की जांच के लिए सेना का बम निरोधक दल पहुंचा और मामला अब आतंकवाद रोधी पुलिस के हाथ में है. माना जा रहा है कि एयरबेस को दहलाने की साजिश थी, लेकिन इसमें कामयाबी नहीं मिली. अलर्ट जारी कर दिया गया था. सवाल उठ रहा है कि क्या ईरान ने कोई साजिश रची?

संदिग्ध कैसे पकड़े गए?

इस पूरे मामले में एक स्थानीय महिला की सतर्कता ने काम किया, नहीं तो कहानी कुछ और हो सकती थी. तड़के उसने गांव में तीन संदिग्ध वैन देखीं. रिपोर्ट्स के मुताबिक उसे इन वाहनों और उनमें मौजूद लोगों की गतिविधियां सामान्य नहीं लगीं. उसने पुलिस को तुरंत फोन किया. इसके बाद मौके पर पहुंची पुलिस ने पांच लोगों को हिरासत में लिया गया. पुलिस के मुताबिक शुरुआती कार्रवाई रात करीब 12:45 बजे शुरू हुई. तीन संदिग्ध वाहन RAF Fairford की दिशा में जा रहे थे. पांचों को पहले विस्फोटक कानून के तहत गिरफ्तार किया गया और बाद में आतंकवादी हमले की तैयारी के संदेह में भी गिरफ्तार किया गया.

तीन वैन, रोबोट और 400 मीटर का घेरा

मामले की गंभीरता का अंदाजा इसी से लगाया जा सकता है कि सेना के एक्सपर्ट बम निरोधक टीम को बुलाया गया. तीनों वैन की जांच की जा रही है और उनके आसपास करीब 400 मीटर का सुरक्षा घेरा बनाया गया. हवाई तस्वीरों में बम निरोधक रोबोट को वैन के आसपास जांच करते देखा गया. पुलिस ने एहतियात के तौर पर Whelford के करीब 85 घरों को खाली कराया और लोगों को पास के मनोरंजन केंद्र में पहुंचाया. ब्रिटिश आतंकवाद रोधी पुलिस ने कहा है कि पांचों लोग हिरासत में हैं और जांच अभी शुरुआती दौर में है. MI5 भी जांच में मदद कर रही है.

‘हॉलीवुड फिल्म जैसा लग रहा था’

Whelford के लोगों के लिए यह सुबह बिल्कुल अलग नजारा था. द सन की रिपोर्ट के मुताबिक एक स्थानीय निवासी ने इसे शांत गांव में हॉलीवुड फिल्म जैसा नजारा बताया. कई लोगों को घर से जरूरी सामान लेकर तुरंत बाहर निकलने को कहा गया. एक व्यक्ति के मुताबिक सुबह करीब 7 बजे पुलिस ने दरवाजा खटखटाकर घर खाली करने को कहा. सड़कें बंद थीं, पुलिस बंदूकों के साथ तैनात थी और बड़ी संख्या में आपातकालीन वाहन इलाके में खड़े थे. इमरजेंसी सर्विसेस की करीब 30 गाड़ियां मौके पर थीं, जिनमें पुलिस की गाड़ियां, एंबुलेंस, फायर ब्रिगेड की गाड़ियां शामिल थीं.

RAF Fairford क्यों है इतना अहम?

जिस जगह यह पूरा घटनाक्रम हुआ, वह कोई सामान्य सैन्य अड्डा नहीं है. RAF Fairford में अमेरिकी वायुसेना की इकाइयां मौजूद रहती हैं. यह अड्डा हाल के महीनों में ईरान के खिलाफ अमेरिकी हमले के कारण खास चर्चा में रहा है. अमेरिकी बॉम्बर विमानों ने यहां से उड़ान भरी थीं. यही वजह है कि इस घटना के बाद सुरक्षा को लेकर सवाल और गंभीर हो गए हैं. हालांकि पुलिस ने अभी तक यह नहीं कहा है कि गिरफ्तार लोगों का मकसद अमेरिकी एयरबेस पर हमला करना ही था. अभी यह भी पता नहीं चला है कि वैन में क्या था, और इसका पता लगाने की कोशिश की जा रही है.

क्या ईरान से जुड़ा है मामला?

सबसे बड़ा सवाल यही है कि क्या इसमें ईरान का हाथ है? लेकिन फिलहाल इसका जवाब नहीं मिला है. ईरान की ओर से पहले ब्रिटेन को अमेरिकी के लिए अपने सैन्य ठिकानों का इस्तेमाल नहीं करने की चेतावनी भी सामने आई थी. ऐसे में जांच में ईरान कनेक्शन की संभावना पर भी नजर होने की खबरें हैं, लेकिन अभी किसी सरकारी एजेंसी ने गिरफ्तार लोगों को ईरान से जोड़ने की पुष्टि नहीं की है.

ब्रिटेन में अमेरिकी ठिकाने निशाने पर हैं?

RAF Fairford की घटना के बीच ब्रिटेन में दूसरे अमेरिकी सैन्य ठिकानों की सुरक्षा भी चर्चा में है. RAF लेकनहीथ (Lakenheath) पर भी सुरक्षा स्तर बढ़ाए जाने की रिपोर्टें सामने आई हैं. फिलहाल ब्रिटिश अधिकारियों का कहना है कि Fairford के पास की घटना नियंत्रण में है.



Source link