UP Weather Today: यूपी में आसमान से बरसा काल, कहीं बाढ़ तो कहीं चली गई जान, यहां जानें जिलों का हाल

UP Weather Today: यूपी में आसमान से बरसा काल, कहीं बाढ़ तो कहीं चली गई जान, यहां जानें जिलों का हाल


लखनऊः उत्तर प्रदेश के कई हिस्सों में मानसून की गतिविधियां तेज होने से शनिवार को भारी बारिश हुई. वहीं रविवार को भी कई जिलों में बारिश का सिलसिला जारी है. अधिकारियों ने यह जानकारी दी. राजधानी लखनऊ में शनिवार सुबह तक पिछले 24 घंटों में 125.8 मिलीमीटर (मिमी) बारिश दर्ज की गई. अधिकारियों ने बताया कि तेज हवा के कारण ग्रामीण क्षेत्रों में खड़ी फसलों को भी नुकसान पहुंचा है. राहत आयुक्त डॉ. हृषिकेश भास्कर यशोद ने बताया कि राज्य के 63 जिलों में सामान्य से अधिक बारिश दर्ज की गई है और पिछले 24 घंटों में पूरे प्रदेश में सामान्य से 19 गुना अधिक वर्षा हुई है. यहां जानें जिलावार मौसम का हाल…

गोरखपुर में भारी बारिश के कारण शहर में गंभीर एवं भीषण जलजमाव. आम जनजीवन पूरी तरह प्रभावित. सांसद रवि किशन ने प्रभावित इलाकों का जायजा लिया. जिले में शनिवार को तेज हवा और भारी बारिश के कारण अलग-अलग स्थानों पर पेड़ गिरने से चार लोगों की मौत हो गई और 14 अन्य लोग घायल हो गए.

सीतापुर में बारिश से किसानों को हुआ भारी नुकसान. खेतों में खड़ी धान और गन्ने की फसल गिरी. बारिश के साथ तेज हवाओं से गिरी फसलें. किसानों के चेहरों पर चिंता की लकीरे. किसानों ने सर्वे करवाकर मुआवजा दिलाए जाने की मांग की.

हरदोई के बिलग्राम तहसील में जलभराव का निरीक्षण करने जा रही एडीएम की गाड़ी सड़क किनारे फंसी, ग्रामीणों ने कड़ी मशक्कत के बाद बाहर निकाला.

बहराइच में पिछले 40 घंटे से जारी बारिश और नेपाल से पानी छोड़े जाने के कारण सरयू नदी का जलस्तर बढ़ा. तटीय इलाकों में बाढ़ का खतरा. बहराइच जिले में लगातार हो रही बारिश और आंधी-तूफान के कारण अलग-अलग तहसीलों में तीन लोगों की मौत हो गई. अधिकारियों ने रविवार को यह जानकारी दी.

उन्नाव में लगातार मूसलाधार बारिश से जल निगम शहरी कार्यालय में घुटनों तक पानी भरा. फाइलों व सामान को बचाने के लिए पंपिंग सेट से निकासी जारी. सदर तहसील के बंथर गांव में तेज बारिश से कच्चा मकान ढहने से 6 मवेशियों की मौत. 36 घंटे की बारिश से गंगा एक्सप्रेसवे की सोनिक एग्जिट रोड और सर्विस लेन में 3 से 4 फीट जलभराव.

गोंडा में धानेपुर थाना क्षेत्र में बारिश व आंधी के कारण सड़क पर पेड़ गिरने से 2 बाइक सवारों की मौत.

लखनऊ में लगातार बारिश के कारण ऐतिहासिक हुसैनाबाद गेट (सतखंडा लेक गेट) का ऊपरी हिस्सा और गुंबद ढहा. यातायात बाधित.

बरेली में मॉडल टाउन में भारी-भरकम पेड़ खड़ी कार पर गिरा. पास से गुजर रहे लोग बाल-बाल बचे.

गंगा एक्सप्रेसवे पर भारी बारिश के बाद हुए जलजमाव पर पूर्व सीएम अखिलेश यादव ने सरकार पर निशाना साधते हुए ‘गंगा एक्सप्रेस वॉटर वे’ का तंज कसा.

देवरिया में तेज हवाओं और मूसलाधार बारिश से पेड़ व बिजली के खंभे गिरे; जनजीवन अस्त-व्यस्त.

अम्बेडकरनगर में मौसम विभाग के ऑरेंज अलर्ट और आकाशीय बिजली के खतरे को देखते हुए डीएम के आदेश पर सभी स्कूल-कॉलेज बंद.

बाराबंकी में लगातार 40 घंटे से जारी बारिश और तेज हवाओं से जगह-जगह पेड़ उखड़े. फसलों को भारी नुकसान.

मौसम विभाग अलर्ट. लखनऊ, मुरादाबाद, बरेली और देवीपाटन मंडल के तराई क्षेत्रों में अति-भारी बारिश का ‘रेड अलर्ट’ जारी



Source link