MP CG TOP NEWS LIVE: भोपाल में आज से शिक्षकों का हल्लाबोल, उज्जैन में दोहरे हत्याकांड के आरोपियों का शॉर्ट एनकाउंटर

MP CG TOP NEWS LIVE: भोपाल में आज से शिक्षकों का हल्लाबोल, उज्जैन में दोहरे हत्याकांड के आरोपियों का शॉर्ट एनकाउंटर


MP CG News in Hindi: अगर आप मध्य प्रदेश और छत्तीसगढ़ की हर हलचल से अपडेट रहना चाहते हैं, तो दोनों राज्यों की ताजा खबरें पढ़ने के लिए हमारे साथ बने रहें. यहां आपको भोपाल, उज्जैन, इंदौर, ग्वालियर, जबलपुर, रायपुर, बिलासपुर, दुर्ग जैसे प्रमुख शहरों के समाचार और सभी जरूरी अपडेट्स मिलेंगे. इसके अलावा आपको राजनीति, अपराध, मौसम, प्रशासन, क्षेत्र के विकास से जुड़ी और अन्य काम की खबरें भी मिलेंगी. चलिए जानते हैं आज मध्य प्रदेश और छत्तीसगढ़ में क्या-क्या है खास. मध्य प्रदेश और छत्तीसगढ़ की लेटेस्ट खबरें…

राजधानी भोपाल में जारी है बिजली कटौती
राजधानी भोपाल के कई इलाकों में आज 4 से 6 घंटे तक बिजली कटौती रहेगी. बिजली कंपनी मेंटेनेंस कार्यों के चलते कटौती कर रही है. सुबह 10 बजे से दोपहर दो बजे तक हेमू कॉलोनी, स्काई ड्रीम, बसंत विहार, प्रियदर्शनी प्लाजा, रोहित नगर, रघुनाथ नगर और आसपास के इलाकों में लाइट नहीं आएगी. वहीं सुबह 10 बजे से शाम चार बजे तक न्यू सुभाष नगर, अर्जुन नगर, अशोक नगर, चंबल कॉलोनी, शालीमार कॉम्प्लेक्स, अशोका एन्क्लेव, बाग दिलकुशा, पुल बोगदा, गोविंदपुरा मार्केट, गोविंद गार्डन कॉलोनी, गोविंदपुरा मुख्य बाजार, ध्रुव पेस्टिसाइड्स गोविंदपुरा, मैकेनिकल कंस्ट्रक्शन, जीके इंडस्ट्रीज, इंदर इंजीनियरिंग यूनिट-द्वितीय, इंदर इंजीनियरिंग इंडस्ट्रियल एरिया और आसपास के इलाके प्रभावित होंगे.

जगदलपुर शहर में बाढ़ से बिगड़े हालात
जगदलपुर शहर में बाढ़ से हालात बिगड़ गए हैं. प्रवीर वार्ड और विजय वार्ड जलमग्न हो गया है. बीती रात से रेस्क्यू अभियान जारी है. प्रशासन का पूरा अमला मौके पर मौजूद है. अभी भी 100 से ज्यादा लोग वार्डों में फंसे हैं. न्यूज 18 से एसडीएम जगदलपुर ने हेलीकॉप्टर की मदद से लोगों की निकालने की बात कही. बस्तर कलेक्टर को पत्र भेजा है.

मुख्यमंत्री डॉ मोहन यादव के आज के कार्यक्रम
मुख्यमंत्री डॉ मोहन यादव आज उज्जैन दौरे पर रहेंगे. वह सुबह 7 बजे दशहरा मैदान उज्जैन पहुंचे. स्थानीय कार्यक्रम में शामिल हुए. इसके बाद सीएम सुबह 7.55 बजे वीआईपी गेस्ट हाउस पहुंचेंगे. वह 10.45 बजे महाकाल मंदिर पार्किंग परिसर पहुंचेंगे. मुख्यमंत्री आज वहीं ‘मन की बात’ कार्यक्रम सुनेंगे. इसके बाद वह सिंगल क्लिक से विकास कार्यों का लोकार्पण और भूमिपूजन करेंगे. दोपहर दो बजे शहडोल में आयोजित बलराम कृषि महोत्सव में वर्चुअली शामिल होंगे. दोपहर 2:25 बजे उज्जैन से भोपाल के लिए रवाना होंगे. सीएम दोपहर 3.25 बीजेपी प्रदेश कार्यालय पहुंचेंगे. वह शाम 6.30 बजे रवींद्र भवन में आयोजित कार्यक्रम में शामिल होंगे.

मध्य प्रदेश में विश्व पर्यटन दिवस पर पर्यटकों को सौगात
मध्य प्रदेश में विश्व पर्यटन दिवस पर पर्यटकों को सौगात मिली है. आज यानी 27 सितंबर को प्रदेश के सभी संग्रहालयों और स्मारकों में प्रवेश निःशुल्क रहेगा. देशी-विदेशी पर्यटकों को प्रवेश शुल्क नहीं देना होगा. पुरातत्व, अभिलेखागार एवं संग्रहालय संचालनालय ने आदेश जारी किया. प्रदेश के सभी संबंधित संग्रहालयों और स्मारकों में निशुल्क प्रवेश की व्यवस्था की गई है. विश्व पर्यटन दिवस के अवसर पर पर्यटकों को मुफ्त प्रवेश की सुविधा मिलेगी.

भोपाल में आज से शिक्षकों का अनिश्चितकालीन धरना
TET और ई-अटेंडेंस हटाने समेत तीन मांगों को लेकर शिक्षक आर-पार की लड़ाई के मूड में नजर आ रहे हैं. अपनी मांगों को लेकर शिक्षक संगठनों ने सरकार के खिलाफ आंदोलन का ऐलान कर दिया है. शिक्षक भोपाल के नीलम पार्क में आज से अनिश्चितकालीन धरने पर बैठेंगे. उन्होंने तीनों मांगों के निराकरण तक आंदोलन जारी रखने की चेतावनी दी है. उनकी तीन मांगें हैं- टीईटी निरस्त हो, सेवावधि की गणना प्रथम नियुक्ति दिनांक से हो और ई-अटेंडेंस स्वैच्छिक हो. बताते चलें कि शिक्षक TET परीक्षा को लेकर इससे पहले भी विरोध दर्ज करा चुके हैं.

उज्जैन में दोहरे हत्याकांड के आरोपियों का शॉर्ट एनकाउंटर
उज्जैन में दोहरे हत्याकांड के आरोपियों का शॉर्ट एनकाउंटर हुआ है. देर रात उज्जैन की नीलगंगा थाना पुलिस ने मुठभेड़ के बाद दोनों आरोपियों को पकड़ लिया. नीलगंगा थाना प्रभारी तरुण कुरील ने आरोपी सोनू उम्र 35 वर्ष और विजय उर्फ छोटू गोल्डन उम्र 30 वर्ष के शॉर्ट एनकाउंटर की पुष्टि की. घायलों को जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है.



Source link