Last Updated:
Best Place To Visit In Lucknow During Rain : लखनऊ में बारिश के मौसम में घूमने के लिए 1090 चौराहा, फूड वैली, अंबेडकर मेमोरियल पार्क, हजरतगंज, कुकरैल रिजर्व फॉरेस्ट और पुराना चौक जैसी 5 शानदार जगहें हैं, जो फोटोग्राफी और रील्स के लिए बेहतरीन बैकग्राउंड देंगे. यहां का रील अक्सर वायरल होता है. यहां की रीलें दिखाकर कई क्रिएटर अचानक से वायरल भी हो गए हैं. अब इंतजार मत कीजिए. मौसम का आनंद लीजिए और कैमरे का लेंस साफ कीजिए और निकल जाइन इन खूबसूरत स्पॉट पर.
बारिश में लखनऊ में घूमने और रील बनाने की 5 खूबसूरत जगहें. जानें से पहले उनके बारे में जान लें (फोटो क्रेडिट- सोशल मीडिया)
बारिश के मौसम में लखनऊ में घूमने की जगह. मौसम का मिजाज पूरी तरह बदल चुका है. बंगाल की खाड़ी में बने डीप डिप्रेशन और साइक्लोनिक सर्कुलेशन के असर से उत्तर भारत के मैदानी इलाकों, खासकर उत्तर प्रदेश में ठंडी हवाओं और रिमझिम फुहारों का दौर जारी है. जब समुद्र में तापमान बढ़ता है और कम दबाव का क्षेत्र बनता है, तो मानसूनी हवाएं नमी खींचकर चक्रवाती रूप ले लेती हैं. इसी मौसमी तंत्र की वजह से लखनऊ का पारा गिरा है और शहर की सड़कों पर बादलों का डेरा जमा हुआ है.
अगर आप इस भीगे मौसम में कैमरे और फोन के साथ शहर को नए नजरिए से देखना चाहते हैं, तो नवाबों के शहर की ये 5 जगहें आपकी रील्स और तस्वीरों के लिए शानदार बैकग्राउंड बन सकती हैं.
- 1090 चौराहा: बारिश में मिलेगा सिनेमैटिक बैकग्राउंड
गोमती नगर के मुहाने पर बसा 1090 चौराहा युवाओं के बीच काफी लोकप्रिय है. बारिश और ठंडी हवाओं के बीच यहां का खुला इलाका, चौड़ी सड़कें और फव्वारों का बैकग्राउंड किसी फिल्मी सीन जैसा लगता है. शाम ढलते ही जब स्ट्रीट लाइट्स जलती हैं और गीली सड़कों पर उनकी रोशनी का रिफ्लेक्शन पड़ता है, तो स्लो-मोशन रील्स और वॉक-थ्रू वीडियो के लिए अच्छे विजुअल्स मिलते हैं. - फूड वैली और अंबेडकर मेमोरियल पार्क: फोटोग्राफी के साथ स्ट्रीट फूड का मजा
1090 चौराहे से आगे बढ़ते ही गोमती नदी के समानांतर बना फूड वैली और उससे सटा डॉ. भीमराव अंबेडकर मेमोरियल पार्क का इलाका आता है.अंबेडकर पार्क: राजस्थान के लाल बलुआ पत्थरों से बना यह भव्य स्मारक बादलों के घिरने पर बिल्कुल अलग रूप ले लेता है. इसके विशाल खंभे, हाथियों की कतार और पत्थर की चौड़ी सीढ़ियां एस्थेटिक फोटोग्राफी और सिनेमैटिक रील्स के लिए शानदार फ्रेम देती हैं.
फूड वैली: पार्क घूमने के बाद गरमा-गरम चाय, कुल्हड़ मैगी और चाट के साथ स्ट्रीट लाइफ और फूड व्लॉग रील्स शूट करने के लिए यह जगह काफी जीवंत नजर आती है.
- हजरतगंज: ‘गंजिंग’ का क्लासिक अंदाज
अगर आपको विंटेज और रॉयल वाइब पसंद है, तो हजरतगंज से बेहतर कुछ नहीं. ब्रिटिशकालीन स्थापत्य कला से प्रेरित एक जैसे क्रीम रंग के फसाड, ब्लैक मेटल के विक्टोरियन लैंप पोस्ट और सफेद रेलिंग बारिश के दिनों में किसी यूरोपीय सड़क जैसे दिखाई देते हैं. ‘गंजिंग’ करते हुए हाथ में छाता लेकर या किसी क्लासिक कैफे के बाहर कॉफी के साथ ट्रांजिशन रील्स बनाने के लिए यह जगह फोटोग्राफर्स की पसंद बन सकती है. - कुकरैल रिजर्व फॉरेस्ट: प्रकृति के बीच खूबसूरत जगह
शहर के कंक्रीट से दूर अगर आपको घने बादलों के बीच जंगल, हरियाली और प्राकृतिक बैकड्रॉप चाहिए, तो कुकरैल रिजर्व फॉरेस्ट एक अच्छा स्पॉट है. पेड़ों की पत्तियों से छनकर आती धूप-छांव और भीगी मिट्टी की सौंधी खुशबू आपके ट्रैवल वीडियो को और खूबसूरत बना सकती है.जरूरी सावधानी: बारिश और नमी के मौसम में यह इलाका जितना खूबसूरत होता है, उतना ही संवेदनशील भी. घने जंगलों के बीच जंगली जानवरों, आवारा श्वानों और खासकर जहरीले सांपों की सक्रियता बढ़ सकती है. इसलिए पगडंडियों से ज्यादा भीतर न जाएं, हमेशा मुख्य रास्तों पर रहें और झाड़ियों के पास रील बनाने से बचें.
- पुराना चौक, ग्रीन कॉरिडोर और छावनी
चौक का इलाका: नवाबियत की रूह को कैद करना हो तो अकबरी गेट और चौक की तंग, ऐतिहासिक गलियों में निकलिए. भीगी दीवारों, पुराने दरवाजों, टुंडे कबाबी के धुएं और मलाई-मक्खन के शॉट्स आपके फ्रेम को कल्चरल रिचनेस दे सकते हैं.ग्रीन कॉरिडोर और कैंट में स्कूटी राइड: अगर आप टू-व्हीलर से घूमना पसंद करते हैं, तो गोमती नदी के किनारे तैयार ग्रीन कॉरिडोर पर हवा को महसूस करते हुए चलना एक अलग सुकून देता है. वहीं, कैंटोनमेंट यानी कैंट का शांत, साफ और दोनों तरफ घने पेड़ों से ढका इलाका स्कूटी पर रोड-ट्रिप रील बनाने के लिए अच्छा बैकग्राउंड देता है.
मौसम हमेशा ऐसा नहीं रहता. इसलिए फोन उठाइए. लेंस साफ कीजिए. और नवाबों के शहर के इस दिलकश मिजाज को अपने कैमरे में कैद कर लीजिए.