रिपोर्ट: रमाकांत दुबे
मध्य प्रदेश की राजधानी भोपाल के एमपी नगर थाना क्षेत्र में रविवार को एक दर्दनाक हादसा हुआ. सड़क पर लगे एक पोल से करंट लगने के कारण एक व्यक्ति की जान चली गई. मृतक की पहचान भाजपा युवा मोर्चा के जिला महामंत्री दिव्यऋषि तिवारी के रूप में हुई है. उनकी उम्र लगभग 35 से 40 वर्ष के बीच थी.
परिवार के साथ आए थे शॉपिंग करने
घटनास्थल पर मौजूद ट्रैफिक पुलिसकर्मी ने बताया, दिव्यऋषि तिवारी अपने पूरे परिवार के साथ डीबी मॉल में शॉपिंग और घूमने के लिए आए थे. उन्होंने डीबी मॉल के पीछे गाड़ी खड़ी की थी. इसके बाद पूरा परिवार पैदल सड़क क्रॉस कर रहा था.
खंभे और खुले तार से लगा जोरदार करंट
सड़क क्रॉस करते समय अचानक उन्हें करंट लग गया. सड़क किनारे लगे खंभे से एक तार बाहर निकल रहा था. दिव्यऋषि तिवारी ने खंभे और उससे निकल रहे तार को एक साथ पकड़ लिया. इससे उन्हें तेज करंट लगा और वे तड़पकर नीचे गिर गए. उनके साथ उनकी पत्नी भी थीं. उन्हें भी करंट का झटका लगा, लेकिन उनका हाथ तुरंत छूट गया.
ट्रैफिक पुलिस ने दी सीपीआर
घटनास्थल पर मौजूद ट्रैफिक पुलिसकर्मी तुरंत दौड़कर पहुंचे. उन्होंने दिव्यऋषि तिवारी के हाथ और पैर मले. इसके बाद उन्हें बचाने के लिए तुरंत सीपीआर (CPR) भी दिया.
अस्पताल पहुंचने से पहले ही स्थिति बिगड़ी
वहां मौजूद ऑटो की मदद से 5 मिनट के भीतर उन्हें नर्मदा अस्पताल ले जाया गया. नर्मदा अस्पताल में सुविधाएं कम होने के कारण डॉक्टरों ने उन्हें तुरंत एम्स (AIIMS) ले जाने को कहा. इसके बाद उन्हें एम्स अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया.
सुरक्षा उपाय और जांच का सवाल
हादसे के बाद सुरक्षा के तौर पर मौके पर तुरंत स्टॉपर लगा दिए गए हैं. साथ ही डीबी मॉल के कर्मचारी को बुलाकर पोल से निकल रहे तार को हटवा दिया गया है. यह खंभा मेट्रो प्रशासन का है या ब्रिज निर्माण विभाग का, इसकी स्पष्ट जानकारी नहीं मिल सकी है. वहीं इस घटना को प्रशासनिक लापरवाही से जोड़कर देखा जा रहा है.
मंत्री विश्वास कैलाश सारंग ने जताया दुख
भारतीय जनता युवा मोर्चा भोपाल के जिला महामंत्री श्री दिव्यऋषि तिवारी जी के आकस्मिक निधन का समाचार अत्यंत दुःखद है।
ईश्वर से प्रार्थना है कि दिवंगत को अपने श्रीचरणों में स्थान दें तथा शोकाकुल परिजनों को यह वज्रपात सहन करने का सामर्थ्य प्रदान करें।
— विश्वास कैलाश सारंग (@VishvasSarang) September 27, 2026