Last Updated:
सरकारी बैंकों के कर्मचारियों ने तीन दिन की बैंक हड़ताल टाल दी है.
बैंकों की हड़ताल टल गई है.
नई दिल्ली. सरकारी बैंकों के कर्मचारी संगठनों ने 28 सितंबर से होने वाली तीन दिन की हड़ताल को टाल दिया है. यह फैसला 27 सितंबर की रात 9.30 बजे बैंक कर्मचारी संगठनों और इडिंयन बैंकिंग एसोसिएशन के बीच हुई बातचीत के बाद लिया गया. माना जा रहा है कि इस बैठक में हर महीने 2 और शनिवार को अवकाश घोषित करने पर कुछ सहमति बनी है. आईबीए ने इस पर विचार करने के लिए एक समिति बनाने का आश्वासन दिया है. इससे पहले सप्ताह में 5 दिन काम को लेकर देश के सभी सरकारी बैंकों और क्षेत्रीय ग्रामीण बैंकों में हड़ताल का ऐलान किया गया था.
इंडियन बैंकिंग एसोसिएशन यानी आईबीए और यूनाइटेड फेडरेशन ऑफ बैंक यूनियन के बीच 27 सितंबर की रात काफी देर तक मंथन चला और आखिर में 28 सितंबर से प्रस्तावित देशव्यापी हड़ताल को स्थगित करने का फैसला किया गया. आईबीए ने कहा है कि वह महीने में 2 अतिरिक्त शनिवार को भी अवकाश घोषित करने की डिमांड पर विचार करने के लिए जल्द ही हाई लेवल कमेटी बनाएंगे.
बैंक कर्मचारियों को मिल सकती है सौगात
बैठक में हुई बातचीत पर सहमति बनती है तो बैंक कर्मचारियों को हर महीने 2 अतिरिक्त छुट्टी तो मिलेगी ही. लेवल 4 से ऊपर के कर्मचारियों को पीएलआई का भुगतान भी ज्यादा होगा. सरकार ने नए पीएलआई समीकरण को अभी लागू नहीं करने का फैसला किया है. इसका भी कर्मचारियों ने विरोध किया था. बैठक में इस बात पर सहमति बनी कि कर्मचारियों की मांग पर विचार करने के लिए हाई लेवल कमेटी बनाई जाएगी. इससे पहले रविवार को भी बैंक खुलने पर तमाम लोगों ने कर्मचारियों के प्रति सहानुभूति भी जताई थी.