सुल्तानपुर से जाना है लखनऊ, तो निकलने से पहले देख लें ये रूट, समय और टोल का पूरा गणित

सुल्तानपुर से जाना है लखनऊ, तो निकलने से पहले देख लें ये रूट, समय और टोल का पूरा गणित


अगर आप सुल्तानपुर से लखनऊ जाने की तैयारी कर रहे हैं, तो सही रूट चुनना आपकी यात्रा को काफी आसान बना सकता है. अक्सर गलत रास्ते या भीड़भाड़ वाले मार्ग की वजह से सफर में ज्यादा समय लग जाता है और जाम में फंसने से परेशानी भी बढ़ जाती है. ऐसे में अगर आप चाहते हैं कि सुल्तानपुर से लखनऊ का सफर कम रुकावटों के साथ पूरा हो और रास्ते में जाम की परेशानी भी कम मिले, तो निकलने से पहले रूट की जानकारी जरूर कर लें. कुछ रास्ते ऐसे हैं, जहां ट्रैफिक अपेक्षाकृत कम मिल सकता है. तो आइए जानते हैं सुल्तानपुर से लखनऊ जाने का यह आसान रूट.

सुल्तानपुर से लखनऊ जाने के दो प्रमुख रास्ते

अगर आप सुल्तानपुर से लखनऊ जाना चाहते हैं, तो आपके पास कई रास्ते हैं. सबसे आसान और तेज रास्तों में से एक है पूर्वांचल एक्सप्रेसवे. सुल्तानपुर से लखनऊ की दूरी इस रास्ते से करीब 125 से 130 किलोमीटर पड़ती है. सड़क अच्छी होने की वजह से इस रास्ते से सफर करने में समय भी कम लगता है. सुल्तानपुर मुख्यालय से फैजाबाद/अयोध्या रोड या कूरेभार मार्ग से होते हुए कूरेभार क्षेत्र के मुजेश गांव के पास पहुंचें. यंहीं पर पूर्वांचल एक्सप्रेसवे का आधिकारिक टोल प्लाजा और प्रवेश/निकास रैंप स्थित है. सुल्तानपुर-कूरेभार स्थानीय संपर्क मार्ग से एक्सप्रेसवे की सर्विस लेन और निर्धारित रैंप के जरिए आप मुख्य कैरिजवे पर आ सकते हैं. इस रास्ते से 2 घण्टे 30 मिनट लगेगा. यह एक्सप्रेसवे आपको लखनऊ के चाँद सराय पर उतारेगा, जो कि पूर्वांचल एक्सप्रेसवे का आधिकारिक शुरुआती और अंतिम छोर है.

दूसरा रास्ता

इसके अलावा आप लखनऊ-वाराणसी हाईवे, यानी एनएच-731 से भी लखनऊ जा सकते हैं. इसे पहले एनएच-56 के नाम से जाना जाता था. इस रास्ते से दूरी करीब 135 से 140 किलोमीटर है. यानी दोनों रास्तों की दूरी में बहुत ज्यादा फर्क नहीं है. अहिमामऊ चौराहा इस हाईवे का लखनऊ में मुख्य प्रवेश बिंदु है. यहाँ से आप सीधे शहीद पथ पर चढ़ सकते हैं, जहाँ से गोमती नगर, लुलु मॉल, और एयरपोर्ट जाना बेहद आसान हो जाता है. इस रास्ते से आपको लगभग 3 घंटे लगेगा.

किस रास्ते पर कितना टोल?

अब बात करते हैं टोल की. अगर आप सुल्तानपुर से पूर्वांचल एक्सप्रेसवे के रास्ते लखनऊ जाते हैं, तो आपको रास्ते में सिर्फ एक जगह लगभग 255-270 रुपए टोल देना पड़ता है. यही वजह है कि यह रास्ता कई लोगों के लिए सुविधाजनक रहता है. वहीं अगर आप लखनऊ-वाराणसी हाईवे से लखनऊ जाते हैं, तो रास्ते में दो टोल प्लाजा पड़ते हैं. पहला असरोगा टोल प्लाजा और दूसरा हैदरगढ़ टोल प्लाजा. यानी इस रास्ते पर आपको दो जगह लगभग 205 रुपए टोल देना होगा.

हलियापुर-जगदीशपुर वाला रास्ता भी है विकल्प

सुल्तानपुर से लखनऊ जाने के लिए एक रास्ता हलियापुर और जगदीशपुर होते हुए भी जाता है. अपनी जरूरत और गंतव्य के हिसाब से लोग इस रास्ते का भी इस्तेमाल कर सकते हैं. हालांकि अगर आप जल्दी लखनऊ पहुंचना चाहते हैं, तो पूर्वांचल एक्सप्रेसवे वाला रास्ता समय बचाने वाला हो सकता है. खास बात यह है कि दोनों प्रमुख रास्तों की दूरी लगभग बराबर ही है, लेकिन सफर के समय और टोल में अंतर है. इसलिए सुल्तानपुर से लखनऊ निकलते समय अगर आपका मकसद कम समय में सफर पूरा करना है, तो पूर्वांचल एक्सप्रेसवे आपके लिए एक विकल्प हो सकता है. वहीं अगर आपको रास्ते में किसी दूसरे इलाके में काम है, तो उसी हिसाब से हाईवे या हलियापुर-जगदीशपुर वाला रास्ता चुना जा सकता है.



Source link