सुबह खाली पेट केला खाना सही या रात में? जानिए कब और किसे नहीं खाना चाहिए?

सुबह खाली पेट केला खाना सही या रात में? जानिए कब और किसे नहीं खाना चाहिए?


केला उन फलों में शामिल है जिसे लोग दिन के अलग-अलग समय पर खाना पसंद करते हैं. कोई इसे सुबह नाश्ते में खाता है, तो कई लोग वर्कआउट से पहले या बाद में इसे स्नैक के तौर पर लेते हैं. कुछ लोग रात में हल्की भूख लगने पर भी केला खा लेते हैं. हालांकि, सोशल मीडिया पर इसे लेकर कई तरह की बातें कही जाती हैं, लेकिन वैज्ञानिक नजरिए से केला खाने का कोई एक “सही समय” तय नहीं है. आप इसे अपनी डाइट, दिनचर्या और शरीर की जरूरत के अनुसार खा सकते हैं.

केले में कार्बोहाइड्रेट, फाइबर, पोटैशियम और विटामिन B6 जैसे कई पोषक तत्व पाए जाते हैं. अमेरिकी नेशनल इंस्टीट्यूट्स ऑफ हेल्थ के अनुसार, एक केले में करीब 422 मिलीग्राम पोटैशियम और 0.4 मिलीग्राम विटामिन B6 होता है. पोटैशियम शरीर में नसों और मांसपेशियों के सामान्य कामकाज के साथ तरल पदार्थों का संतुलन बनाए रखने में भूमिका निभाता है. वहीं, विटामिन B6 शरीर में प्रोटीन के इस्तेमाल समेत कई जरूरी प्रक्रियाओं में मदद करता है.

केले में मौजूद कार्बोहाइड्रेट इसे जल्दी ऊर्जा देने वाला आसान स्नैक बनाता है. यही वजह है कि जिम जाने वाले लोग और खिलाड़ी इसे वर्कआउट से पहले या बाद में खाना पसंद करते हैं. हालांकि, सिर्फ केला खाने से शरीर की सभी पोषण संबंधी जरूरतें पूरी नहीं होतीं. इसे संतुलित डाइट का हिस्सा मानना बेहतर है.

क्या खाली पेट केला खाना सही है?

अगर सुबह खाली पेट केला खाने से आपको किसी तरह की परेशानी नहीं होती, तो इसे नाश्ते में शामिल किया जा सकता है. लेकिन कुछ लोगों को खाली पेट फल खाने के बाद पेट फूलने या भारीपन की शिकायत हो सकती है. ऐसे लोग केले को ओट्स, ब्रेड, दही या किसी दूसरे भोजन के साथ ले सकते हैं.

केला और दूध भी एक आम कॉम्बिनेशन है. केले से कार्बोहाइड्रेट मिलते हैं, जबकि दूध प्रोटीन और दूसरे पोषक तत्व देता है. अगर किसी व्यक्ति को दूध आसानी से पचता है, तो केला-दूध का शेक या स्मूदी सामान्य डाइट का हिस्सा हो सकता है. वहीं, लैक्टोज को पचाने में परेशानी वाले लोगों को दूध से गैस या पेट फूलने जैसी समस्या हो सकती है. इसे केवल केले से जोड़ना सही नहीं होगा.

क्या रात में केला खाने से नुकसान होता है?

रात में केला खाना अपने आप में नुकसानदायक नहीं माना जाता. अगर इसे खाने के बाद आपको पेट भारी या असहज महसूस नहीं होता, तो रात में भी खा सकते हैं. लेकिन अगर रात में केला खाने के बाद पाचन संबंधी परेशानी होती है, तो इसे दिन के किसी दूसरे समय लेना बेहतर हो सकता है.

डायबिटीज और किडनी के मरीज रखें ध्यान

डायबिटीज वाले लोगों को केले की मात्रा पर ध्यान देना चाहिए, क्योंकि इसमें प्राकृतिक शर्करा और कार्बोहाइड्रेट होते हैं, जो ब्लड शुगर को प्रभावित कर सकते हैं. वहीं, किडनी की बीमारी में शरीर के लिए अतिरिक्त पोटैशियम बाहर निकालना मुश्किल हो सकता है. ऐसे में केला खाने की मात्रा व्यक्ति की स्थिति पर निर्भर करती है. इसलिए किडनी रोगियों को डॉक्टर या डाइटीशियन की सलाह के अनुसार ही इसे डाइट में शामिल करना चाहिए.

कुल मिलाकर, केला एक पौष्टिक और आसानी से मिलने वाला फल है. लेकिन किसी एक फल को पूरी डाइट का विकल्प नहीं माना जा सकता. बेहतर सेहत के लिए केले के साथ अलग-अलग फल, सब्जियां, दालें, साबुत अनाज और प्रोटीन वाले खाद्य पदार्थों को भी भोजन का हिस्सा बनाना जरूरी है. (IANS से इनपुट के साथ)



Source link