Last Updated:
MP Weather Today: मध्य प्रदेश में आज (27 सितंबर 2026, दिन रविवार) 7 जिलों में भारी बारिश का अलर्ट है. शेष जनपदों में गरज-चमक के साथ हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है. वहीं 30 से 40 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से झोंकेदार हवा चलने का अनुमान भी जताया गया है. IMD ने लोगों से सतर्क रहने की अपील की है.
रिपोर्ट- कृष्णा साहू मंडला/जबलपुर. सितंबर का अंतिम सप्ताह चल रहा है. मानसून की विदाई नजदीक है. मानसून की विदाई से पहले यह आखिरी दौर की बारिश मानी जा रही है. उत्तर-पूर्वी मध्य प्रदेश और उससे लगे छत्तीसगढ़ के ऊपर बने डिप्रेशन का प्रभाव एमपी के मौसम पर दिखाई दे रहा है. इसके चलते कई जिलों में भारी बारिश के साथ वज्रपात और तेज हवा चलने की संभावना बनी हुई है. आज यानी 27 सितंबर 2026, दिन रविवार को 7 जिलों में भारी बारिश को लेकर चेतावनी जारी की गई है. वहीं शेष जिलों में कहीं-कहीं हल्की से मध्य बारिश होने का अनुमान है. भोपाल स्थित मौसम विज्ञान केंद्र ने सभी जिलों के लिए येलो अलर्ट जारी किया है. लोगों से सतर्क रहने की अपील की जा रही है. मंडला, डिंडौरी समेत आसपास के जिलों में पिछले 24 घंटे में हुई बारिश ने जनजीवन बुरी तरह प्रभावित किया है. रिहायशी इलाकों में नदियों का पानी घुस गया, जिससे लोगों की आवाजाही पर असर पड़ा है.
मौसम विभाग के अनुसार आज रीवा, सतना, छतरपुर, टीकमगढ़, निवाड़ी, भिंड और मुरैना में तीव्र वर्षा की संभावना बन रही है. यहां 64.5 मिमी से लेकर 115.5 मिमी तक बारिश दर्ज की जा सकती है. वहीं शेष जिलों में कुछ-कुछ स्थानों पर हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है. वज्रपात और झोंकेदार हवा चलने का अनुमान भी जताया गया है.
मंडला के रिहायशी इलाकों में घुसा नर्मदा का पानी
मंडला जिले में नर्मदा और उसकी सहायक नदियों का जलस्तर लगातार बढ़ता जा रहा है. पिछले 24 घंटे में लगातार बारिश के बाद नदी-नाले उफान पर हैं. आलम यह है कि मंडला के रिहायशी इलाकों में मां नर्मदा का पानी घुस गया. मुख्य सड़क मार्ग पर घुटने तक पानी भर गया है. घर पानी में डूबे नजर आ रहे हैं. पुलिस-प्रशासन अलर्ट मोड पर है. जलभराव वाले क्षेत्रों में बैरिकेडिंग कर दी गई है. पुलिसबल तैनात किया गया है. लोगों को प्रभावित इलाकों में आवाजाही करने से रोका जा रहा है.
भोपाल में बरसेंगे बादल
राजधानी भोपाल में आज बादल छाए रहेंगे. शहर में 18 से 20 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से हवा चल सकती है. गरज-चमक के साथ बारिश होने की संभावना बन रही है. अधिकतम तापमान लगभग 29 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 21 डिग्री सेल्सियस के आसपास रह सकता है.
कैसा रहेगा ग्वालियर का मौसम?
वैसे तो ग्वालियर में आज धूप खिलेगी लेकिन दिन में आंशिक रूप से बादल छाए रह सकते हैं. बारिश होने की संभावना कम है. अधिकतम तापमान 32 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 23 डिग्री सेल्सियस रह सकता है. दिन में लगभग 14-15 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से उत्तर-पश्चिमी हवा चलेगी.
उज्जैन में कैसा रहेगा मौसम?
उज्जैन में भी आज बादलों की आवाजाही बनी रहेगी. यहां हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है. ग्वालियर और उत्तर-पूर्वी मध्य प्रदेश के मुकाबले उज्जैन में भारी बारिश की कोई संभावना नहीं बन रही है. दिनभर बादल छाए रहने से तापमान में ज्यादा बढ़ोतरी नहीं होगी और मौसम अपेक्षाकृत सुहावना बना रहेगा.
बरसात के दौरान सावधान रहें
IMD ने बिजली गिरने, झोंकेदार हवा चलने और भारी बारिश की संभावनाओं को देखते हुए लोगों से सावधानी बरतने की अपील की है. विभाग ने कहा कि जलभराव वाली सड़कों, पुलों और निचले इलाकों में जाने से बचें. अनावश्यक यात्रा से बचें. वज्रपात के दौरान पेड़ या बिजली के खंभों के नीचे न खड़े हों. इसके अलावा बारिश में वाहन चलाते समय गति पर नियंत्रण रखें.