Last Updated:
रायपुर और भिलाई के पांच दोस्त कान्हा किसली घूमने जा रहे थे, तभी खैरागढ़-छुईखदान-गंडई जिले के दनिया पुल पर उनकी कार बाढ़ के तेज बहाव में फंस गई.कार बहकर नदी के बीच पहुंच गई. सूचना मिलते ही गंडई पुलिस ने अंधेरे और तेज बहाव के बीच रेस्क्यू ऑपरेशन चलाकर सभी पांचों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया.
खैरागढ़ में बाढ़ के बीच फंसी कार, टीआई ने कूदकर बचाई लोगों की जान
खैरागढ़. कान्हा किसली राष्ट्रीय उद्यान घूमने निकले रायपुर और भिलाई के पांच दोस्तों की कार खैरागढ़-छुईखदान-गंडई जिले में बाढ़ के बीच फंस गई. गंडई क्षेत्र के दनिया पुल पर तेज बहाव के बीच कार बहकर नदी के बीच जा पहुंची. कार में सवार पांच लोग किसी तरह पेड़ का सहारा लेकर अपनी जान बचाते रहे और 112 पर पुलिस को सूचना दी. सूचना मिलते ही गंडई पुलिस मौके पर पहुंची और थाना प्रभारी शिवांकर गिनडले ने टीम के साथ अंधेरे और तेज बहाव के बीच रेस्क्यू ऑपरेशन चलाकर पांचों को सुरक्षित बाहर निकाला.
दरअसल, 25 सितंबर को हुई लगातार भारी बारिश के बाद केसीजी जिले में नदी-नाले उफान पर हैं. इसी दौरान 26 सितंबर की रात करीब ढाई बजे रायपुर की ओर से आ रही स्विफ्ट डिजायर कार दनिया पुल पर पहुंची. पुल पर पुलिस ने सुरक्षा के लिए स्टॉपर लगाए थे, लेकिन कार चालक ने स्टॉपर को टक्कर मारते हुए बाढ़ के पानी में कार आगे बढ़ा दी.
कार में सवार लोगों ने लगाई मदद की गुहार
पुल के दूसरे छोर पर मौजूद पुलिस जवानों ने कार चालक को रोकने की कोशिश की, लेकिन कार तेज बहाव की चपेट में आ गई और बहते हुए नदी के बीच जाकर फंस गई. कार में सवार पांचों लोगों ने मदद के लिए 112 पर फोन किया. सूचना मिलते ही गंडई पुलिस मौके पर पहुंची, भारी बारिश और रात के अंधेरे के बीच पुलिस ने रेस्क्यू ऑपरेशन शुरू किया और सभी पांचों लोगों को सुरक्षित बाहर निकालकर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र गंडई पहुंचाया. प्राथमिक उपचार के बाद सभी सुरक्षित बताए जा रहे हैं.
पुलिस के मुताबिक कार में सवार पांचों लोग रायपुर और भिलाई के रहने वाले हैं और कान्हा किसली घूमने जा रहे थे. कार कुबेर साहू चला रहे थे. हादसे में कमलेश साहू, कुबेर साहू, निहाल सक्सेना, महक कौर और प्रीति रात्रे को सुरक्षित बचा लिया गया.