उज्जैन के माधव कॉलेज में गणेश विसर्जन पर हंगामा, NSUI ने उतारी प्राचार्या की आरती, चढ़ाए लड्डू

उज्जैन के माधव कॉलेज में गणेश विसर्जन पर हंगामा, NSUI ने उतारी प्राचार्या की आरती, चढ़ाए लड्डू


Last Updated:

Ujjain News: उज्जैन के शासकीय माधव कला एवं वाणिज्य महाविद्यालय में गणेश विसर्जन को लेकर विवाद खड़ा हो गया. NSUI कार्यकर्ताओं ने आरोप लगाया कि ABVP से गणेश विसर्जन कराया गया. विरोध में NSUI ने प्राचार्या डॉ. कल्पना सिंह की आरती उतारकर टेबल पर लड्डू चढ़ाए. जानें पूरा माजरा…

Zoom

माधव कॉलेज प्राचार्य के कार्यालय में प्रदर्शन.

Ujjain News: उज्जैन के शासकीय माधव कला एवं वाणिज्य महाविद्यालय में शुक्रवार को गणेश विसर्जन को लेकर भारी विवाद हो गया. NSUI कार्यकर्ताओं और कॉलेज प्रशासन के बीच करीब दो घंटे तक हाई वोल्टेज ड्रामा चला. विरोध जताते हुए NSUI कार्यकर्ताओं ने कॉलेज की प्राचार्या डॉ. कल्पना सिंह की आरती उतारी. इसके बाद उन्होंने प्राचार्या की टेबल पर लड्डुओं का भोग लगाया. NSUI का आरोप है कि कॉलेज प्रशासन ने गणेश प्रतिमा का विसर्जन ABVP कार्यकर्ताओं से करवाया है. इस पूरे घटनाक्रम के बाद कॉलेज प्रशासन ने मामले की जांच अनुशासन समिति को सौंप दी है.

ढोल-डीजे की अनुमति नहीं मिलने से बढ़ा विवाद
NSUI के जिला अध्यक्ष हिमांशु शुक्ला ने बताया कि कॉलेज परिसर में हर साल गणेश प्रतिमा स्थापित की जाती है. इस बार प्राचार्या ने कहा था कि आयोजन किसी राजनीतिक संगठन की ओर से नहीं होगा. इसमें केवल कॉलेज प्रशासन और विद्यार्थी ही भाग लेंगे. इस फैसले पर NSUI ने भी अपनी सहमति दे दी थी. हिमांशु के अनुसार, शुक्रवार को अनंत चतुर्दशी के अवसर पर महाआरती के दौरान ढोल-डीजे बजाने की अनुमति मांगी गई थी. लेकिन प्राचार्या ने कलेक्टर के आदेश का हवाला देकर अनुमति देने से इनकार कर दिया. साथ ही कॉलेज परिसर में बाहरी नेताओं और संगठनों के प्रवेश पर पूरी तरह रोक लगा दी गई.

ABVP पर विसर्जन कराने का आरोप
NSUI पदाधिकारियों का आरोप है कि पाबंदी के बावजूद ABVP पदाधिकारियों को बुलाकर गणेशजी की आरती करवाई गई. इसके बाद प्रतिमा का विसर्जन भी उन्हीं से कराया गया। इस बात की जानकारी मिलते ही NSUI कार्यकर्ताओं ने कॉलेज में धरना दे दिया. विरोध स्वरूप कार्यकर्ताओं ने प्राचार्या डॉ. कल्पना सिंह की प्रतीकात्मक आरती उतारी और उन्हें लड्डू चढ़ाए.

अनुशासन समिति करेगी मामले की जांच
दूसरी ओर, प्राचार्या डॉ. कल्पना सिंह ने कॉलेज प्रशासन का पक्ष रखा है. उन्होंने कहा कि कॉलेज ने जिला प्रशासन की तय गाइडलाइन का पूरी तरह पालन किया है. कॉलेज में किसी भी बाहरी संगठन के पदाधिकारी ने प्रवेश नहीं किया, उपस्थित लोग छात्र ही थे. प्राचार्या ने बताया कि NSUI से जुड़े कुछ छात्रों और नेताओं ने उनके कक्ष में प्रवेश कर हंगामा किया. कॉलेज की अनुशासन समिति ने इस मामले पर संज्ञान लिया है. वीडियो रिकॉर्डिंग की जांच की जा रही है. दोषियों की पहचान कर कार्रवाई की जाएगी.



Source link