PM मोदी से मिले योगी, फिर नितिन नवीन से भी मुलाकात, यूपी चुनाव की तैयारी पर मंथन?

PM मोदी से मिले योगी, फिर नितिन नवीन से भी मुलाकात, यूपी चुनाव की तैयारी पर मंथन?


लखनऊ: उत्तर प्रदेश में 2027 के विधानसभा चुनाव की तैयारियों के बीच मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की दिल्ली में हुई मुलाकातों ने सियासी हलचल बढ़ा दी है. शनिवार को सीएम योगी ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से मुलाकात की. इसके बाद उनकी केंद्रीय नेतृत्व के साथ दूसरी अहम मुलाकातों का दौर भी चला.

पीएम मोदी के साथ मुख्यमंत्री योगी की मुलाकात करीब एक घंटे से ज्यादा चली. बताया जा रहा है कि बैठक में उत्तर प्रदेश में चल रहे विकास और जनकल्याण के काम, आने वाले चुनाव से जुड़े कार्यक्रम और संगठन को और मजबूत करने को लेकर चर्चा हुई. यूपी में अगले साल होने वाले विधानसभा चुनाव को देखते हुए इस मुलाकात को अहम माना जा रहा है.

दरअसल, इससे एक दिन पहले ग्रेटर नोएडा में यूपी इंटरनेशनल ट्रेड शो के कार्यक्रम में भी प्रधानमंत्री मोदी की मौजूदगी में मुख्यमंत्री योगी और केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह की मुलाकात हुई थी. इसके बाद शनिवार को दिल्ली में योगी की केंद्रीय नेतृत्व के साथ बैठकों का सिलसिला जारी रहा.

मुख्यमंत्री योगी ने भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन से भी मुलाकात की. इससे पहले भाजपा अध्यक्ष नितिन नवीन यूपी में संगठन की जमीनी स्थिति और चुनाव की तैयारियों को लेकर लगातार बैठकें कर रहे हैं. 21 सितंबर को मेरठ में भी उन्होंने मुख्यमंत्री योगी के साथ संगठन की तैयारियों की समीक्षा की थी.

मंत्रियों से भी मिले नितिन नवीन
इसी कड़ी में यूपी सरकार के कुछ मंत्रियों की भी भाजपा अध्यक्ष नितिन नवीन से मुलाकात हुई. सूत्रों के मुताबिक, बैठक में चुनाव की तैयारियों के दौरान जमीनी स्तर पर कार्यकर्ताओं के सामने आ रही दिक्कतों और अलग-अलग सामाजिक समूहों से जुड़े समीकरणों पर बात हुई. मंत्रियों से इन मुद्दों की जानकारी लेने और जरूरी सुधार करने को कहा गया.

सूत्रों के मुताबिक, पार्टी की कोशिश है कि चुनाव से पहले कार्यकर्ताओं में जोश बढ़ाया जाए, संगठन को बूथ स्तर तक मजबूत किया जाए और पिछले लोकसभा चुनाव में सामने आई कमियों से सीख लेकर तैयारियों को आगे बढ़ाया जाए. विपक्ष की ओर से उठाए जा रहे मुद्दों पर पार्टी का जवाब भी इसी तैयारी का हिस्सा है. भाजपा ने हाल में यूपी के लिए संगठन को लेकर कई स्तरों पर बैठकें शुरू की हैं.

आने वाले दिनों में और बैठकें
सूत्रों के मुताबिक, आने वाले दिनों में यूपी सरकार के दूसरे मंत्रियों को भी दिल्ली बुलाकर भाजपा के केंद्रीय नेतृत्व के साथ बैठकें कराई जा सकती हैं. इन बैठकों में सरकार और संगठन के बीच तालमेल, कार्यकर्ताओं की स्थिति और चुनाव की तैयारियों पर फीडबैक लिया जाएगा. मंत्री मनोज पांडेय ने कहा कि प्रधानमंत्री से मुलाकात उनके लिए हमेशा मार्गदर्शन और प्रेरणा का अवसर होती है. उन्होंने बताया कि भाजपा अध्यक्ष से भी मुलाकात हुई और प्रदेश की परिस्थितियों को लेकर महत्वपूर्ण बातचीत हुई.

वहीं मंत्री दिनेश प्रताप सिंह ने कहा कि राष्ट्रीय अध्यक्ष से कई मुद्दों पर चर्चा हुई है. उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री की प्रधानमंत्री के साथ होने वाली मुलाकातें भी उनके लिए प्रेरणादायक रहती हैं. इस पूरे घटनाक्रम को यूपी में 2027 की तैयारी के बीच सरकार और संगठन के बीच तालमेल बढ़ाने की कवायद के तौर पर देखा जा रहा है. भाजपा की ओर से पहले ही बूथ, मंडल और जिला स्तर पर तैयारियों को तेज करने पर जोर दिया गया है.



Source link