कैसे शुरु हुई श्राद्ध की परंपरा, किसने किया था पहला पितृकर्म? जानें
Last Updated:
सनातन धर्म में पितरों की तृप्ति के लिए श्राद्ध और पिंडदान का बड़ा महत्व है. गयाजी के आचार्य के अनुसार श्राद्ध की यह परंपरा महर्षि निमि ने शुरू की थी. पुत्र के वियोग में उन्होंने महर्षि अत्रि के उपदेश पर पहला पितृकर्म किया था. यह कथा महाभारत के अनुशासन पर्व में मिलती है.
गयाजीः भारतीय सनातन परंपरा में पितरों के प्रति श्रद्धा व्यक्त करने के लिए श्राद्ध, तर्पण और पिंडदान का विशेष महत्व माना गया है. पिंडदान में पितरों के निमित्त अन्न से बने पिंड अर्पित किए जाते हैं और जल, तिल आदि से तर्पण किया जाता है. गया में होने वाला पिंडदान इसी प्राचीन पितृ परंपरा का एक महत्वपूर्ण रूप माना जाता है. इसके पीछे अनेक पौराणिक कथाएं और धार्मिक मान्यताएं जुड़ी हुई हैं.
गया में होने वाला पिंडदान केवल किसी एक व्यक्ति के लिए नहीं बल्कि कई पीढ़ियों के पितरों के निमित्त भी किया जा सकता है. परिवार अपनी परंपरा और पुरोहित के मार्गदर्शन के अनुसार पितृकर्म करता है. सनातन परंपरा में माना जाता है कि मनुष्य अपने माता-पिता, दादा-दादी और पूर्वजों के कारण इस संसार में आया है. इसलिए पितृकर्म को पूर्वजों के प्रति कृतज्ञता व्यक्त करने का माध्यम माना गया.
कैसे शुरु हुई परंपरा?
लेकिन क्या आपको पता है कि पिंडदान या श्राद्ध की परंपरा कैसे शुरु हुई? सबसे पहला श्राद्ध-पिडदान किसने किया था? इस संदर्भ में गयाजी के विष्णुपद क्षेत्र में स्थित मंत्रालय वैदिक पाठशाला के पंडित राजा आचार्य ने बताया कि महाभारत के अनुशासन पर्व में भीष्म पितामह ने युधिष्ठिर को धर्म, दान, नीति, कर्तव्य, श्राद्ध और जीवन मूल्यों का उपदेश दिया था. उपदेश के अनुसार सबसे पहला श्राद्ध महर्षि निमि ने किया था और महर्षि निमि को उपदेश अत्रि मुनि के द्वारा दिया गया था.
श्राद्ध की कथा में अत्रि मुनि का महत्व इसलिए है क्योंकि परंपरा के अनुसार उन्होंने महर्षि निमि को पितृकर्म के बारे में जानकारी दी. इसी कारण महर्षि निमि और अत्रि मुनि की कथा को श्राद्ध तथा पितृकर्म की प्राचीन परंपरा से जोड़ा जाता है. अत्रि मुनि की भूमिका इस कथा में ज्ञान देने वाले ऋषि की है. वे निमि को बताते हैं कि पितरों के लिए किया जाने वाला कर्म श्रद्धा के साथ होना चाहिए.
महर्षि निमि और अत्रि मुनि से जुड़ी कथा पितृश्राद्ध की प्राचीन धार्मिक परंपरा को समझने के लिए महत्वपूर्ण है. कथा के अनुसार, पुत्र-वियोग के बाद निमि ने श्रद्धापूर्वक अपने पुत्र के निमित्त कर्म किया और महर्षि अत्रि से इसके धार्मिक स्वरूप का ज्ञान प्राप्त किया. इसी आख्यान को श्राद्ध परंपरा के प्रारंभिक प्रसंगों में गिना जाता है.