Last Updated:
Bihar Aaj Ka Mausam: बिहार में बारिश का दौर जारी है. मौसम विभाग ने आज पटना और गोपालगंज समेत 19 जिलों में भारी बारिश का अलर्ट जारी किया है. बारिश के साथ तेज हवाएं चलने के भी आसार हैं. मौसम वैज्ञानिकों के मुताबिक 26 सितंबर के बाद लोगों को इस मूसलाधार बारिश से राहत मिलने के संकेत हैं.
बिहार वेदर अपडेट(सांकेतिक फोटो)
पटनाः बिहार में पिछले तीन दिनों से मौसम का मिजाज पूरी तरह बदला हुआ है. पूरे प्रदेश में लगातार झमाझम बारिश का दौर जारी है. मौसम विज्ञान केंद्र ने शनिवार (26 सितंबर) को राज्य के 19 जिलों में बारिश का येलो अलर्ट जारी किया है. इन जिलों में तेज हवा चलने और बिजली चमकने के साथ झमाझम बारिश होने की संभावना जताई गई है.
जिन 19 जिलों में यलो अलर्ट जारी किया गया है, उनमें पटना, पश्चिम चंपारण, पूर्वी चंपारण, गोपालगंज, सीवान, सारण, बक्सर, भोजपुर, कैमूर, रोहतास, अरवल, औरंगाबाद, जहानाबाद, गया, नालंदा, नवादा, शेखपुरा, बेगूसराय और लखीसराय शामिल हैं. पटना में दिनभर रुक-रुककर बारिश होने के आसार हैं, जबकि बाकी अन्य जिलों में मौसम सामान्य रहने का अनुमान है.
बिहार वेदर अपडेट
26 सितंबर तक भारी बारिश, कल से राहत के संकेत
- मौसम वैज्ञानिकों के अनुसार प्रदेश में मौसम प्रणालियों के प्रभाव और वातावरण में नमी की वजह से बादल बन रहे हैं. इसी कारण से राज्य के अलग-अलग हिस्सों में बारिश और गरज-चमक की गतिविधियां जारी हैं.
- मौसम विभाग का कहना है कि 26 सितंबर को बिहार में भारी बारिश हो सकती है. इसके बाद 27 सितंबर से मौसम सामान्य होने की उम्मीद है. हालांकि, कुछ स्थानों पर हल्की फुल्की बौछारें पड़ती रहेंगी.
सीतामढ़ी में सबसे ज्यादा 144 मिमी बारिश
- बीते 24 घंटे में बिहार के कई इलाकों में मूसलाधार बारिश दर्ज की गई. सबसे ज्यादा 144 मिमी बारिश सीतामढ़ी के ढेंगब्रिज में हुई. इसके अलावा खगड़िया के बलतारा में 116.2 मिमी, मधुबनी के झंझारपुर में 110.6 मिमी, पश्चिम चंपारण के बगहा में 98.2 मिमी और खगड़िया शहर में 97 मिमी बारिश हुई.
कल कहां कितना रहा तापमान
- लगातार हो रही बारिश के कारण बिहार के कई जिलों में अधिकतम तापमान में भारी गिरावट दर्ज की गई है. शुक्रवार को राज्य में सबसे अधिक तापमान कैमूर में 31.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज हुआ. इसके अलावा पटना में 27.3 डिग्री, छपरा में 28.8 डिग्री, भागलपुर में 29.2 डिग्री, पूर्णिया में 28.4 डिग्री, रोहतास में 26.6 डिग्री, दरभंगा में 28 डिग्री और मुजफ्फरपुर में 26 डिग्री तापमान दर्ज किया गया.
बिहार वेदर अपडेट
राजधानी पटना का मौसम
- राजधानी पटना में आज भी आसमान में काले बादल छाए रहेंगे. शहर में एक या दो दौर की तेज बारिश और गरज-चमक के साथ बौछारें पड़ने का अनुमान है. इस दौरान तेज हवा भी चल सकती है। पटना का अधिकतम तापमान करीब 28 डिग्री और न्यूनतम तापमान 24 डिग्री सेल्सियस रहने की संभावना है.
उड़ानों पर असर
- तेज बारिश और खराब मौसम का असर उड़ानों पर भी पड़ा है. शुक्रवार को दिल्ली से पटना आ रही एयर इंडिया एक्सप्रेस की फ्लाइट पटना एयरपोर्ट पर लैंड नहीं कर सकी. इसके बाद विमान को डायवर्ट करके सुरक्षित कोलकाता भेजा गया.
10 साल के बच्चे और 2 महिलाओं की मौत
- लगातार हो रही तेज बारिश की वजह से राज्य में दर्दनाक हादसे भी सामने आए हैं. खगड़िया जिले के बेलदौर प्रखंड अंतर्गत कुर्बान पंचायत के बघड़ा गांव में कच्चे घर की दीवार गिर गई. दीवार के मलबे में दबने से 10 वर्षीय मासूम शिवम कुमार की मौत हो गई. वहीं हादसे में उसकी मां ममता देवी और एक साल का नवजात बच्चा गंभीर रूप से घायल हो गए.
- दूसरा हादसा अररिया में हुआ. नेपाल में लगातार हो रही बारिश से अररिया की बलुआही धार में अचानक पानी बढ़ गया. मानिकपुर पंचायत में पानी के तेज बहाव में डूबने से दो महिलाओं की जान चली गई.
बिहार में अब तक 33 फीसदी कम बरसा मानसून
- भले ही पिछले दो-तीन दिनों से भारी बारिश हो रही है, लेकिन इस मानसून सीजन में बिहार में अब तक सामान्य से कम पानी बरसा है. राज्य में मानसून के दौरान अब तक 959.4 मिमी बारिश होनी चाहिए थी. हालांकि, वास्तव में केवल 646.7 मिमी ही बारिश दर्ज हुई है. इस तरह पूरे राज्य में अब तक सामान्य से 33 फीसदी (312.7 मिमी) कम बारिश हुई है.