Chardham Yatra News: उत्तराखंड में लगातार बारिश हो रही है. भारी बारिश की वजह से पहाड़ों पर रेड अलर्ट जारी है. खराब मौसम को देखते हुए उत्तराखंड सरकार ने चारधाम यात्रा पर अस्थाई रूप से रोक लगा दी है. गढ़वाल मंडल, पौड़ी के आयुक्त आनंद स्वरूप ने श्रद्धालुओं की सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए इस संबंध में 26 सितंबर 2026 को आधिकारिक पत्र जारी किया है.
चारधाम यात्रा प्रबन्धन एवं नियंत्रण संगठन के पत्र के अनुसार, उत्तराखण्ड राज्य इमरजेंसी ऑपरेशन सेंटर के पूर्वानुमान को देखते हुए 26 सितंबर की दोपहर से 27 सितंबर तक चारों धामों की यात्रा स्थगित कर दी गई है. गढ़वाल मंडल के सभी जिलाधिकारियों को निर्देश दिया गया है कि वे अपने-अपने जनपदों में तीर्थयात्रियों को सुरक्षित स्थानों पर रोकें और आदेश का सख्ती से अनुपालन सुनिश्चित कराएं. प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि मौसम सामान्य होने के उपरांत ही यात्रा पुनः प्रारम्भ करने के लिए आवश्यक कार्यवाही की जाएगी.
पहाड़ों पर भारी बारिश का अलर्ट
उत्तराखंड में भारी बारिश के बीच मौसम विभाग के ‘रेड’ और ‘ऑरेंज अलर्ट’ को देखते हुए शनिवार को चारधाम यात्रा 27 सितंबर तक के लिए स्थगित कर दी गई जबकि एहतियातन पांच जिलों में स्कूल भी बंद कर दिए गए. राज्य के अधिकतर हिस्सों में सुबह से भारी बारिश हो रही है, जबकि ऊंचाई वाले इलाकों में रुक-रुककर बर्फबारी भी हुई. फिलहाल राज्य में किसी जनहानि या बड़े नुकसान की सूचना नहीं है.
किन जिलों में बारिश का अलर्ट
मौसम विभाग ने शनिवार के लिए बागेश्वर, पिथौरागढ़, चंपावत, नैनीताल और ऊधमसिंह नगर के लिए ‘रेड अलर्ट’ जारी किया है. देहरादून, पौड़ी, रुद्रप्रयाग, चमोली और अल्मोड़ा के लिए ‘ऑरेंज अलर्ट’ तथा हरिद्वार, उत्तरकाशी और टिहरी के लिए ‘येलो अलर्ट’ जारी किया गया है. एहतियात के तौर पर बागेश्वर, पिथौरागढ़, चंपावत, नैनीताल और रुद्रप्रयाग में कक्षा 12 तक के सभी स्कूल बंद कर दिये गये हैं.
रेड और येलो अलर्ट
रविवार को देहरादून, टिहरी, पौड़ी और हरिद्वार के लिए ‘रेड अलर्ट’ जारी किया गया है. उत्तरकाशी, चमोली, नैनीताल और रुद्रप्रयाग के लिए ‘ऑरेंज’, बागेश्वर, अल्मोड़ा, चंपावत, ऊधमसिंह नगर और पिथौरागढ़ के लिए ‘येलो अलर्ट’ जारी किया गया है. मौसम विभाग ने इस दौरान कई स्थानों पर भारी से बहुत भारी बारिश तथा कुछ स्थानों पर अत्यंत भारी बारिश का पूर्वानुमान व्यक्त किया है जिससे पहाड़ी क्षेत्रों में भूस्खलन और सड़कें बाधित होने, नदियों में जलस्तर बढ़ने तथा मैदानी इलाकों में जलभराव का खतरा है.
सीएम की अपील
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने लोगों और पर्यटकों से सतर्क रहने की अपील करते हुए ‘रेड अलर्ट’ के दौरान अनावश्यक यात्रा से बचने को कहा है. उन्होंने नदियों, नालों और जलभराव वाले क्षेत्रों के पास न जाने तथा तेज बहाव को पार करने का प्रयास नहीं करने की सलाह दी.
उन्होंने अधिकारियों को 24 घंटे अलर्ट रहने और नदियों-नालों के जलस्तर, भूस्खलन संभावित क्षेत्रों, पहाड़ी सड़कों, चारधाम मार्गों और प्रमुख पर्यटन स्थलों की लगातार निगरानी के निर्देश दिए हैं. उन्होंने राहत एवं बचाव के लिए टीम, जेसीबी, आवश्यक उपकरण और अन्य मशीनरी रणनीतिक स्थानों पर तैयार रखने को कहा है, ताकि जरूरत पड़ने पर तत्काल राहत एवं बचाव अभियान शुरू किया जा सके.