Last Updated:
Bihar Kal Ka Mausam: बिहार में मानसून सक्रिय है. 27 सितंबर को राज्य के कई हिस्सों में बारिश की संभावना है. हालांकि कोई विशेष चेतावनी नहीं है. 26 सितंबर को कुछ जिलों में भारी बारिश और वज्रपात का अलर्ट था. मधुबनी और खगड़िया में भारी बारिश दर्ज की गई. जानें बिहार कल के मौसम का अलर्ट.
पटना: बिहार में मानसून की गतिविधियां अभी सक्रिय बनी हुई हैं. मौसम विज्ञान केंद्र पटना के अनुसार 27 सितंबर 2026 को राज्य के कई हिस्सों में बारिश होने की संभावना है. हालांकि 27 सितंबर के लिए मौसम विभाग ने किसी तरह की विशेष चेतावनी जारी नहीं की है. 26 सितंबर को राज्य के कई जिलों में भारी बारिश, वज्रपात और तेज हवा को लेकर अलर्ट जारी किया गया है. जानें बिहार के कल का मौसम का अपडेट.
मौसम विभाग के मुताबिक पिछले 24 घंटों के दौरान बिहार में मानसून की गतिविधि सक्रिय रही. मधुबनी और खगड़िया जिले में एक-दो स्थानों पर भारी बारिश दर्ज की गई. जबकि राज्य के अधिकांश हिस्सों में हल्की से मध्यम बारिश हुई. 25 सितंबर को भभुआ, कैमूर में राज्य का सर्वाधिक अधिकतम तापमान 31.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया. 26 सितंबर को वाल्मीकिनगर, पश्चिमी चंपारण में सबसे कम न्यूनतम तापमान 21 डिग्री सेल्सियस दर्ज हुआ.
कल कहां-कहां होगी बारिश?
मौसम विज्ञान केंद्र के पूर्वानुमान के अनुसार 27 सितंबर को उत्तर-पश्चिम बिहार के जिलों के अनेक स्थानों पर बारिश हो सकती है. इसके अलावा उत्तर-मध्य, दक्षिण-पश्चिम और दक्षिण-पूर्व बिहार के कुछ हिस्सों में भी बारिश की संभावना है. राज्य के बाकी जिलों में एक-दो स्थानों पर बारिश हो सकती है. इस दौरान 27 सितंबर के लिए किसी विशेष मौसम चेतावनी की संभावना नहीं जताई गई है. हालांकि, स्थानीय स्तर पर बादल छाने और बारिश की स्थिति बन सकती है.
आज इन जिलों में भारी बारिश और वज्रपात का अलर्ट
मौसम विभाग ने 26 सितंबर को पूर्वी चंपारण, गोपालगंज और पश्चिमी चंपारण में मेघ गर्जन, वज्रपात और 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवा चलने की संभावना जताई है. इन जिलों में अत्यधिक भारी बारिश की भी आशंका है. इसके अलावा सारण और सीवान में भी मेघ गर्जन और वज्रपात के साथ तेज हवा चल सकती है. वहीं मुजफ्फरपुर, पटना, शिवहर, सीतामढ़ी, सीवान और वैशाली में भारी बारिश की संभावना जताई गई है.
तापमान में कब आएगा बदलाव?
मौसम विभाग के अनुसार अगले दो दिनों तक राज्य के अधिकांश हिस्सों में अधिकतम तापमान में कोई बड़ा बदलाव नहीं होगा. इसके बाद तापमान में 3 से 5 डिग्री सेल्सियस तक बढ़ोतरी हो सकती है. अगले पांच दिनों के दौरान न्यूनतम तापमान में भी खास बदलाव की संभावना नहीं है. इस बीच, मध्य प्रदेश और आसपास बना निम्न दबाव का क्षेत्र धीरे-धीरे कमजोर होने की दिशा में बढ़ रहा है. जिसका असर बिहार के मौसम पर भी देखने को मिल सकता है.