नई दिल्ली. दशहरा और दिवाली पर घर जाने की तैयारी कर रहे लोगों के लिए एक खुशखबरी है. त्योहारी सीजन में लंबी वेटिंग लिस्ट और टिकट की मारामारी से निजात दिलाने के लिए भारतीय रेलवे ने प्रमुख रूटों पर स्पेशल ट्रेन चलाने का फैसला लिया है. ये ट्रेनें 102 स्पेशल ट्रिप्स लगाएगी. रेलवे के इस कदम से मुंबई, चेन्नई, लातूर, कोल्हापुर और कलबुर्गी जैसे व्यस्त शहरों के बीच सफर करने वाले यात्रियों को फायदा होगा.
इन स्पेशल ट्रेनों में यात्रा के लिए बुकिंग 27 सितंबर से शुरू की जा रही है. सीटें विशेष किराये के तहत उपलब्ध होंगी. यात्री IRCTC की आधिकारिक वेबसाइट और RailOne मोबाइल ऐप के जरिए घर बैठे टिकट बुक कर सकते हैं. रेलवे स्टेशनों पर बने कंप्यूटरीकृत पैसेंजर रिजर्वेशन सिस्टम (PRS) काउंटरों से भी टिकट लिए जा सकते हैं.
मुंबई-चेन्नई वीकली स्पेशल ट्रेन
मुंबई-चेन्नई वीकली स्पेशल ट्रेन 14 अक्टूबर से चलेगी. मुंबई के छत्रपति शिवाजी महाराज टर्मिनस (CSMT) और चेन्नई बीच के बीच चलने वाली यह साप्ताहिक स्पेशल ट्रेन दोनों दिशाओं में 6-6 फेरे लगाएगी. यह 18 नवंबर तक चलेगी, जबकि चेन्नई बीच से वापसी सेवा 15 अक्टूबर से 19 नवंबर तक संचालित होगी. आते-जाते वक्त यह दादर, ठाणे, कल्याण, लोनावला, पुणे, दौंड, सोलापुर, कलबुर्गी, वाडी, रायचूर, मंत्रालयम रोड, गुत्तिकल, रेणिगुंटा, अरक्कोणम और पेरंबूर में रुकेगी
हफ्ते में दो दिन चलेगी मुंबई-लातूर बाई-वीकली स्पेशल
महाराष्ट्र के मराठवाड़ा क्षेत्र के यात्रियों के लिए मुंबई और लातूर के बीच हफ्ते में 2 दिन स्पेशल ट्रेन चलाई जाएगी, जो दोनों तरफ से 13-13 ट्रिप लगाएगी. मुंबई से यह ट्रेन 13 अक्टूबर से 24 नवंबर के बीच हर मंगलवार और गुरुवार को रवाना होगी. वापसी में लातूर से भी यह इसी अवधि में प्रत्येक मंगलवार और गुरुवार को चलेगी. दादर, ठाणे, कल्याण, लोनावला, पुणे, दौंड, कुर्डुवाड़ी, बार्शी टाउन, धाराशिव और हरंगुल.
कोल्हापुर-कलबुर्गी रूट पर 64 फेरे
कोल्हापुर और कलबुर्गी के बीच स्पेशल ट्रेन कुल 64 ट्रिप लगाएगी. यह ट्रेन शुक्रवार को छोड़कर सप्ताह के बाकी सभी 6 दिन दौड़ेगी. यह स्पेशल ट्रेन 10 अक्टूबर से 15 नवंबर तक दोनों दिशाओं में 32-32 फेरे लगाएगी. कोल्हापुर से यह सुबह 6:10 बजे खुलेगी और उसी दिन शाम 4:10 बजे कलबुर्गी पहुंचेगी. वापसी में कलबुर्गी से शाम 6:10 बजे चलेगी और अगली सुबह 5:40 बजे कोल्हापुर पहुंचेगी. रास्ते में यह हटकणंगले, जयसिंगपुर, मिराज जंक्शन, सांगोला, पंढरपुर, मोडनिंब, कुर्डुवाड़ी और सोलापुर स्टेशन पर रुकेगी.
सोलापुर मंडल के अधिकारियों के मुताबिक, त्योहारों के दौरान लंबी दूरी और इंटरसिटी रूट्स पर सीटों की भारी कमी हो जाती है. ऐसे में यात्री स्टेशन निकलने से पहले NTES (नेशनल ट्रेन इन्क्वायरी सिस्टम) या RailOne ऐप पर अपनी ट्रेन का लाइव स्टेटस और समय जरूर चेक कर लें.