Last Updated:
Solar Panel Subsidy: बिजली बिल कम करने के लिए घर की छत पर सोलर पैनल लगवाए जा स कते हैं. केंद्र सरकार की पीएम-सूर्य घर मुफ्त बिजली योजना के तहत 3 किलोवाट तक के सिस्टम पर ₹98,000 तक की सब्सिडी मिल सकती है. जीविका से लगवाने पर अतिरिक्त लाभ मिलेगा.
पटना. अगर हर महीने आने वाला बिजली का भारी-भरकम बिल आपकी जेब पर बोझ डाल रहा है, तो घर की छत पर सोलर पैनल लगाना एक बेहतरीन ऑप्शन हो सकता है. खास बात यह है कि सोलर सिस्टम लगवाने पर सरकारी सब्सिडी के साथ कुछ मामलों में अतिरिक्त छूट और सहायता का भी लाभ मिल सकता है. इसी तरह, अगर आप जीविका के जरिए अपने घर में सोलर पैनल लगवाते हैं तो आपको केंद्र और बिहार सरकार से मिलने वाली सब्सिडी और छूट के अलावा जीविका की तरफ से भी एक्स्ट्रा छूट मिलेगी. साथ ही ईएमआई की भी सुविधा उपलब्ध है.
जीविका से जुड़े प्रतिनिधि गुड्डू कुमार ने बताया कि फिलहाल जीविका के माध्यम से तीन अलग-अलग कंपनियों के पैनल उपलब्ध कराए जा रहे हैं. कंपनी और क्षमता के हिसाब से सोलर सिस्टम की कीमत अलग-अलग हो सकती है.
3 किलोवाट तक लगवाने पर मिल सकती है बड़ी सब्सिडी
सोलर लगवाने वालों को केंद्र सरकार की पीएम-सूर्य घर मुफ्त बिजली योजना के तहत केंद्रीय वित्तीय सहायता मिलती है. योजना के मौजूदा प्रावधान के अनुसार, अगर 1 किलोवाट का पैनल लगाते हैं तो उसमें 40 हजार रुपये की सब्सिडी मिलेगी. इस तरह 3 किलोवाट के सिस्टम पर अधिकतम सहायता राशि ₹98,000 तक होती है. 2 किलोवाट का लगवाने पर ₹80,000 की सब्सिडी मिलेगी.
इसके अलावा, ऐसे परिवार जो जीविका से जुड़े छोटे-मोटे घरेलू कारोबार कर रहे हैं और सोलर पैनल लगवाते हैं, तो उन्हें जीविका की ओर से ₹9,000 की अतिरिक्त सहायता भी दी जा रही है. इस सहायता की पात्रता और मौजूदा राशि आवेदन के समय संबंधित जीविका कार्यालय से जरूर जांच लें.
25 साल तक पैनल की गारंटी, 5 साल की मुफ्त सर्विस का दावा
उन्होंने बताया कि सोलर पैनल पर कंपनी की ओर से 25 साल तक की गारंटी दी जाती है. इसके अलावा, जीविका के माध्यम से लगवाए गए सोलर सिस्टम पर 5 साल तक मुफ्त सर्विस की सुविधा भी उपलब्ध है. यानी इस अवधि में सर्विस के लिए अलग से शुल्क नहीं लिया जाएगा.
कौन-कौन से दस्तावेज चाहिए?
सोलर सिस्टम के लिए आवेदन करते समय आधार कार्ड, पैन कार्ड और बैंक पासबुक जैसे दस्तावेजों की जरूरत है. अगर चेक की सुविधा उपलब्ध है तो चेक भी दिया जा सकता है. जीविका के माध्यम से किस्त यानी ईएमआई की सुविधा मिलेगी. विशेष जानकारी के लिए नजदीक के जीविका ऑफिस में संपर्क करें या फिर गया के डोभी स्थित कार्यालय से पूरे बिहार के लिए जानकारी मिल जाएगी. मोबाइल नंबर 9386369122 और 7783036582 पर भी बात की जा सकती है.