Last Updated:
UP Politics : असीम अरुण ने सपा-कांग्रेस गठबंधन को लेकर भी सवाल उठाए. उन्होंने कहा कि उन्हें लगता है कि सपा और कांग्रेस का गठबंधन है ही नहीं. उनके मुताबिक NDA का गठबंधन नीतियों पर आधारित है, जबकि सपा-कांग्रेस के बीच खींचतान चल रही है.
असीम अरुण का अखिलेश यादव पर तंज.
मेरठ: समाज कल्याण मंत्री और मेरठ के प्रभारी मंत्री असीम अरुण ने सपा मुखिया अखिलेश यादव की PDA रथ यात्रा को लेकर तीखा हमला बोला. उन्होंने कहा कि गरीबों की बात करने वाले अखिलेश यादव चार करोड़ रुपये की गाड़ी में घूमते हैं. कोई भी रंग रथ में चिपका लीजिए, आपका रंग मन में क्या है, सब जानते हैं.
असीम अरुण ने सपा-कांग्रेस गठबंधन को लेकर भी सवाल उठाए. उन्होंने कहा कि उन्हें लगता है कि सपा और कांग्रेस का गठबंधन है ही नहीं. उनके मुताबिक NDA का गठबंधन नीतियों पर आधारित है, जबकि सपा-कांग्रेस के बीच खींचतान चल रही है. रायबरेली को PDA यात्रा के लिए चुने जाने पर उन्होंने कहा कि अखिलेश यादव ने कुछ सोच-समझकर ही यह जगह तय की होगी. चुनाव का मतलब किसी भी तरह जीत हासिल करना नहीं होना चाहिए.
सपा सरकारों पर कानून-व्यवस्था को लेकर आरोप लगाए और कहा कि योगी सरकार में कानून-व्यवस्था में अंतर सभी के सामने है. आगामी चुनाव में भाजपा के नेतृत्व वाला NDA गठबंधन सरकार बनाएगा. चुनाव आयोग को लेकर राहुल गांधी की टिप्पणी पर असीम अरुण ने कहा कि चुनाव आयोग में जो हुआ, वह सामान्य लोकतांत्रिक परंपरा का हिस्सा है. राहुल गांधी भ्रम फैला रहे हैं. कांग्रेस के समय क्या था कौन नहीं जानता. कांग्रेस का इतिहास संविधान का गला घोंटने का रहा है. कॉकरोच जनता पार्टी अगर अल्टीमेटम दे तो विकास का दे.
BSP पर निशाना साधते हुए उन्होंने कहा कि बसपा में फैमिली ड्रामा चल रहा है. कांशीराम जी ने परिवारवाद और जातिवाद को खत्म करने का संदेश दिया था. दूसरे के बच्चों के अंगूठे काट लें ये व्यवस्था गलत है. बसपा में घनघोर परिवारवाद हो गया है. बहुजन समाज पार्टी केवल परिवारवादी पार्टी रह गई है. भाजपा समाज को जोड़कर चलने और समाज का ‘गुलदस्ता’ बनाने पर ध्यान देती है.
चुनाव की तैयारी पर बोले- ‘बूथ जीता तो चुनाव जीता’
भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष के दौरे का जिक्र करते हुए असीम अरुण ने कहा कि संगठन को मजबूत करने का मंत्र दिया गया है. संगठन में दरार नहीं आनी चाहिए और अगर कहीं दिखाई देती है तो उसे पाटना होगा. उन्होंने कहा कि करीब 100-125 दिन बाद चुनाव की घोषणा हो सकती है और भाजपा चुनाव के लिए तैयार है. कार्यकर्ताओं को ‘बूथ जीता तो चुनाव जीता’ का मंत्र दिया गया है. उन्होंने पुराने और वरिष्ठ कार्यकर्ताओं के सम्मान तथा उन सीटों को मजबूत करने की बात कही, जहां पार्टी पहले पीछे रह गई थी.
मेरठ सेंट्रल मार्केट मामले पर भी बोले
मेरठ के सेंट्रल मार्केट प्रकरण पर असीम अरुण ने कहा कि मुख्यमंत्री ने जनप्रतिनिधियों की बात सुनी और समाधान निकाला है. उन्होंने बताया कि दुकानों को नॉमिनल किराए पर देने की व्यवस्था की जाएगी और करीब छह महीने में यह प्रक्रिया पूरी होने की बात कही गई है. निर्माण नियमों के मुताबिक होना चाहिए, लेकिन 50 साल पुराने निर्माण को सीधे ध्वस्त करना उचित नहीं होगा. उनका कहना था कि ऐसा री-डेवलपमेंट होना चाहिए, जिसमें किसी को नुकसान न हो.
असीम अरुण ने कहा कि सुप्रीम कोर्ट के आदेश के तहत जिन व्यापारियों की दुकानें ध्वस्त हुई हैं, उन्हें दुकानें देने की व्यवस्था की जाएगी. उन्होंने लोगों से धरना-प्रदर्शन के बजाय बातचीत के जरिए समाधान निकालने की अपील की. साथ ही कहा कि सुप्रीम कोर्ट के आदेशों का पालन होगा, लेकिन किसी को नुकसान पहुंचाए बिना समाधान निकालने का प्रयास किया जाएगा.