Last Updated:
Allahabad High Court News : इलाहाबाद हाईकोर्ट बार एसोसिएशन के चुनाव के रिजल्ट सामने आ चुके हैं. अध्यक्ष और उपाध्यक्ष चुन लिए गए हैं. इधर, जश्न के दौरान एक वकील की जान चली गई. किसे कौन सा पद मिला, कितने वोट मिले… अचानक खुशियां मातम में कैसे बदली आइए जानते हैं सब.
इलाहाबाद हाई कोर्ट. (फाइल फोटो)
प्रयागराज: इलाहाबाद हाईकोर्ट बार एसोसिएशन के चुनाव में अध्यक्ष और महासचिव पद के नतीजे घोषित कर दिए गए हैं. वरिष्ठ अधिवक्ता डॉ. सीपी उपाध्याय अध्यक्ष और संतोष कुमार मिश्र महासचिव चुने गए हैं.
कितने वोटों से हराया?
अध्यक्ष पद पर डॉ. उपाध्याय ने अपने प्रतिद्वंद्वी पीसी श्रीवास्तव को 74 वोटों से हराया. उन्हें 2446 वोट मिले, जबकि पीसी श्रीवास्तव को 2372 वोट मिले. पूर्व अध्यक्ष आरके ओझा 2019 वोटों के साथ तीसरे और अशोक कुमार सिंह 1824 वोटों के साथ चौथे स्थान पर रहे. वहीं महासचिव पद पर संतोष कुमार मिश्र ने 3270 वोट हासिल किए. उन्होंने राय साहब यादव को 283 वोटों से हराया. राय साहब यादव को 2987 वोट मिले.
इस पद के अन्य प्रत्याशियों में शशि प्रकाश सिंह को 928, धर्मेंद्र प्रताप सिंह को 806, अभिषेक तिवारी को 454, उदय शंकर तिवारी को 301, आनंद मोहन पांडेय को 292, नन्हें लाल त्रिपाठी को 255, बीके पांडेय को 143, हरिन्द्र प्रसाद को 134, धर्मेंद्र कुमार शुक्ल को 131, कुमार अनीश को 108, डॉ. डीके तिवारी को 106 व राजेश सिंह को 40 वोट मिले.
जीत के जश्न में हुआ हादसा
डॉ. सीपी उपाध्याय की जीत के बाद समर्थक खुशी मना रहे थे. इसी दौरान हाईकोर्ट बार के पूर्व उपाध्यक्ष और पूर्व संयुक्त सचिव प्रेस राहुल पांडेय की अचानक तबीयत बिगड़ गई. वह डॉ. उपाध्याय और अन्य समर्थकों के साथ हाईकोर्ट परिसर स्थित हनुमान मंदिर दर्शन के लिए गए थे.
मंदिर के पास राहुल पांडेय के सीने में तेज दर्द उठा और वह अचानक गिर पड़े. साथी अधिवक्ताओं ने उन्हें तुरंत अस्पताल पहुंचाया, लेकिन डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया. घटना की खबर फैलते ही अधिवक्ताओं में शोक की लहर दौड़ गई. इसके बाद विजय जुलूस भी स्थगित कर दिया गया. चुनाव अधिकारी वशिष्ठ तिवारी ने देर रात बताया कि हाईकोर्ट बार के पूर्व उपाध्यक्ष व संयुक्त सचिव प्रेस राहुल पांडेय के आकस्मिक निधन के कारण शनिवार और रविवार को मतगणना स्थगित रहेगी.