Damoh: जुआ फड़ पर रेड के दौरान एक व्यक्ति की मौत, शव लेकर गांव पहुंची पुलिस पर पथराव! 8 पुलिसकर्मी लाइन अटैच

Damoh: जुआ फड़ पर रेड के दौरान एक व्यक्ति की मौत, शव लेकर गांव पहुंची पुलिस पर पथराव! 8 पुलिसकर्मी लाइन अटैच


Last Updated:

दमोह के हिनौता गांव में जुआ फड़ पर पुलिस कार्रवाई के दौरान शिव सिंह लोधी की मौत के बाद तनाव फैल गया. शव गांव पहुंचने पर नाराज महिलाओं ने पुलिस पर कीचड़-गिट्टी, पत्थर आदि फेंके. मामले की गंभीरता को देखते हुए एसपी ने 8 पुलिसकर्मियों को लाइन अटैच कर जांच कमेटी गठित की है.

Zoom

गांव में शव पहुंचने के बाद बवाल.

Damoh News: दमोह के हिंडोरिया थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम हिनौता में जुआ फड़ पर पुलिस रेड के दौरान एक व्यक्ति की मौत हो गई. शुक्रवार को तनाव की स्थिति तब बन गई, जब पुलिस मृतक शिव सिंह लोधी उर्फ संधू का शव लेकर गांव पहुंची. इसके पहले शिव सिंह लोधी की मौत को लेकर देर रात हिंडोरिया अस्पताल में हंगामा हुआ था.

शुक्रवार सुबह पुलिस और प्रशासन की टीम ने सागर के मेडिकल कॉलेज में डॉक्टरों के पैनल से मृतक का पोस्टमार्टम करवाया. इसके बाद पुलिस और राजस्व (रेवेन्यू) अधिकारियों की मौजूदगी में शव को पूरे सम्मान के साथ हिनौता गांव लाया गया. गांव में शव पहुंचते ही कुछ महिलाओं ने आक्रोश में आकर पुलिस टीम पर कीचड़, गिट्टी, मुरम, पत्थर फेंके.

इस दौरान हिंडोरिया थाना प्रभारी (टीआई) के माथे पर हल्की चोट आई और एसडीएम के पैर में मोच आ गई. इसके अलावा किसी भी अधिकारी या कर्मचारी को कोई गंभीर चोट नहीं लगी है. हालांकि, गुस्साई भीड़ को शांत कराने के लिए महिला एसडीपीओ ने हाथ जोड़कर माफी मांगी, विनती की तब ग्रामीण शांत हुए.

8 पुलिसकर्मी लाइन अटैच, जांच कमेटी गठित
मामले की जानकारी देते हुए दमोह पुलिस अधीक्षक आनंद कलदगी ने बताया कि स्थिति को नियंत्रित कर लिया गया है. घटना की निष्पक्ष जांच के लिए एक वरिष्ठ पुलिस अधिकारी के नेतृत्व में जांच कमेटी गठित कर दी गई है. यह कमेटी पुलिस की रेड, अधिकारियों की भूमिका और पोस्टमार्टम रिपोर्ट सहित पूरे घटनाक्रम की पड़ताल करेगी.

एसपी ने बताया कि प्रथम दृष्टया कार्रवाई करते हुए लगभग 8 पुलिसकर्मियों को तुरंत लाइन अटैच कर दिया गया है. साथ ही मृतक के परिवार को आर्थिक सहायता राशि देने के संबंध में कलेक्टर के साथ लगातार चर्चा की जा रही है.

गांव में शांतिपूर्ण माहौल, अंतिम संस्कार संपन्न
पुलिस अधीक्षक के अनुसार, ग्रामीणों ने शांति व्यवस्था बनाए रखने में पुलिस का पूरा सहयोग किया है. ग्रामीणों की मांग पर ही निष्पक्ष जांच के आदेश दिए गए हैं. ग्रामीणों के सहयोग से मृतक का सम्मानजनक अंतिम संस्कार संपन्न करा दिया गया है. फिलहाल गांव में स्थिति पूरी तरह सामान्य और नियंत्रण में है.



Source link