Last Updated:
Adroit Industries IPO : अड्रॉइट इंडस्ट्रीज IPO के लिए सब्सक्रिप्शन 23 सितंबर को खुला था और आज, 25 सितंबर को बंद हो जाएगा. कंपनी ने शेयर का प्राइस बैंड 126-134 रुपये प्रति शेयर तय किया है.
पब्लिक सब्सक्रिप्शन खुलने से ठीक पहले कंपनी ने छह बड़े एंकर निवेशकों से ₹45.21 करोड़ जुटा लिए थे.
नई दिल्ली. अड्रॉइट इंडस्ट्रीज (इंडिया) (Adroit Industries IPO) का आईपीओ आज बंदद हो जाएगा. इस आईपीओ में लोग जमकर पैसा लगा रहे हैं. दोपहर एक बजे तक यह इश्यू 66 गुना भर चुका था.ग्रे मार्केट में भी अड्रॉइट इंडस्ट्रीज के अनलिस्टेड शेयरों को अच्छा रिस्पॉन्स मिल रहा है और ये 28% प्रीमियम पर कारोबार कर रहे हैं. कुल ₹150.7 करोड़ के इस आईपीओ में कंपनी ने 78,72,900 शेयर बिक्री के लिए रखे हैं. अब तक गैर-संस्थागत निवेशकों (NIIs) का कोटा 151 गुना भर गया. वहीं, छोटे यानी रिटेल निवेशकों की कैटेगरी में भी जोरदार खरीदारी देखने को मिली और यह हिस्सा 58.55 गुना सब्सक्राइब हो चुका है.
अड्रॉइट इंडस्ट्रीज आईपीओ 23 सितंबर को खुला था और आज 25 सितंबर की शाम बोली बंद हो जाएगी. कंपनी ने इसके लिए ₹126 से ₹134 प्रति शेयर का प्राइस बैंड तय किया है. इस पूरे इश्यू में 98.97 लाख नए शेयर जारी किए गए हैं, जबकि प्रमोटर एंटिटी मुकेश सांगला एचयूएफ की तरफ से 13.5 लाख शेयरों का ऑफर फॉर सेल है. चॉइस कैपिटल एडवाइजर्स इस पब्लिक इश्यू का मर्चेंट बैंकर है. शेयरों की लिस्टिंग नेशनल स्टॉक एक्सचेंज और बॉम्बे स्टॉक एक्सचेंज पर होगी.
एंकर निवेशकों से जुटाए ₹45 करोड़
पब्लिक सब्सक्रिप्शन खुलने से ठीक पहले कंपनी ने छह बड़े एंकर निवेशकों से ₹45.21 करोड़ जुटा लिए थे. इन्हें ₹134 के ऊपरी प्राइस बैंड पर कुल 33.74 लाख शेयर अलॉट किए गए हैं. अबाकस वेंचर अपॉर्चुनिटीज फंड (Abakkus Venture Opportunities Fund) ने ₹10 करोड़ में 7.46 लाख शेयर खरीदे. फंड के पास आईपीओ से पहले ही कंपनी की 3.18% हिस्सेदारी है. छत्तीसगढ़ इन्वेस्टमेंट्स ने भी ₹10 करोड़ में 7.46 लाख शेयर लिए. वेलर कैपिटल ट्रस्ट और कॉग्निजेंट कैपिटल डायनेमिक अपॉर्चुनिटीज फंड ने ₹7.5-₹7.5 करोड़ के शेयर खरीदे. अर्थ एआईएफ ग्रोथ फंड ने ₹5.2 करोड़ और फॉर्च्यून हैंड्स ग्रोथ फंड स्कीम ने ₹5 करोड़ का निवेश किया.
अड्रॉइट इंडस्ट्रीज आईपीओ GMP
ग्रे मार्केट पर नजर रखने वाली वेबसाइट, इन्वेस्टरगेन के ताजा आंकड़ों के मुताबिक, ग्रे मार्केट में अड्रॉइट इंडस्ट्रीज (Adroit Industries GMP) के शेयर अपने ₹134 के ऊपरी प्राइस बैंड के मुकाबले 28% के प्रीमियम पर ट्रेड कर रहे हैं. हालांकि, यह जरूरी नहीं कि शेयर की लिस्टिंग ग्रे मार्केट के अनुमानों के अनुसार ही हो. जीएमपी केवल बाजार की अनौपचारिक धारणा को दर्शाता है.
आईपीओ से जुटाए पैसों का क्या करेगी कंपनी?
अड्रॉइट इंडस्ट्रीज ऑटोमोबाइल ड्राइवलाइन सिस्टम के प्रोपेलर शाफ्ट और 5,000 से अधिक प्रकार के टॉर्क-ट्रांसमिशन कंपोनेंट्स बनाती है. कंपनी के प्लांट्स देवास, पीथमपुर और सांवेर में स्थित हैं. फ्रेश इश्यू से मिलने वाले पैसों में से ₹63.8 करोड़ देवास और पीथमपुर प्लांट्स के लिए नई मशीनरी, उपकरण और आंतरिक ट्रांसपोर्ट वाहन खरीदने में खर्च होंगे. इसके अलावा ₹24.1 करोड़ का इस्तेमाल सब्सिडियरी कंपनी अड्रॉइट ड्राइवशाफ्ट्स के कर्ज को चुकाने में किया जाएगा.
(Disclaimer: IPO में किया गया निवेश बाजार जोखिमों के अधीन है. यदि आप आईपीओ में पैसा लगाना चाहते हैं तो पहले सर्टिफाइड इनवेस्टमेंट एडवायजर से परामर्श कर लें. आपके किसी भी तरह की लाभ या हानि के लिए लिए News18 जिम्मेदार नहीं होगा.)