साक्षात लक्ष्मी का आगमन, बेटा होने पर ढोल बजाने वालों, जमुई आकर देखो…नन्हीं आरोही का हुआ शाही स्वागत

साक्षात लक्ष्मी का आगमन, बेटा होने पर ढोल बजाने वालों, जमुई आकर देखो…नन्हीं आरोही का हुआ शाही स्वागत


Last Updated:

Jamui News: जमुई के गिद्धौर प्रखंड के गंगरा गांव में एक परिवार ने अपनी नवजात बेटी के जन्म पर भव्य स्वागत किया. अस्पताल से घर लौटने पर फूलों से सजी गाड़ियों के काफिले के साथ नवजात आरोही का पारंपरिक विधि-विधान से गृह प्रवेश कराया गया, परिवार ने समाज को संदेश दिया कि बेटियां बोझ नहीं, गौरव होती हैं.

ख़बरें फटाफट

जमुई: बेटियां किसी से कम नहीं होतीं और उनके जन्म को लेकर समाज में बदलती सोच की एक खूबसूरत तस्वीर जमुई के गिद्धौर प्रखंड क्षेत्र के गंगरा गांव से सामने आई है. यहां एक परिवार ने अपनी नवजात बेटी के जन्म पर ऐसा भव्य स्वागत किया कि देखने वाले भी भावुक हो गए. बेटी के अस्पताल से घर लौटने के मौके पर परिवार ने उत्सव जैसा माहौल बनाया. फूलों से सजी गाड़ियों के काफिले के साथ नवजात को घर लाया गया और पूरे पारंपरिक विधि-विधान के साथ उसका गृह प्रवेश कराया गया. परिवार ने अपनी नन्हीं बेटी का नाम आरोही रखा है.

गिद्धौर के गंगरा में सामने आया मामला
पूरा मामला जिले के गिद्धौर के गंगरा गांव में सामने आया है. जहां के निवासी अमित कुमार सिंह के घर बेटी ने जन्म लिया. प्रसूता को अस्पताल से छुट्टी मिलने के बाद जब नवजात को घर लाया जा रहा था, तो परिवार ने इस पल को यादगार बनाने के लिए विशेष तैयारी की. करीब एक दर्जन गाड़ियों को फूलों से सजाया गया था. परिवार के लोग डीजे की धुन पर खुशी से झूमते हुए नवजात के साथ घर की ओर रवाना हुए. सड़क से गुजर रहे लोगों को जब यह नजारा दिखाई दिया तो हर कोई कुछ देर के लिए रुककर इसे देखने लगा. पूरे माहौल को देखकर ऐसा लग रहा था, जैसे किसी बड़े उत्सव या बारात का आयोजन किया गया हो.

पारंपरिक तरीके से किया अपनी बेटी का स्वागत
घर पहुंचने के बाद परिवार ने मंगलाचरण और पारंपरिक रीति-रिवाजों के साथ नवजात आरोही का गृह प्रवेश कराया. परिवार के सदस्यों ने बच्ची का स्वागत बेहद उत्साह और खुशी के साथ किया. इस दौरान घर में उत्सव जैसा माहौल बना रहा. परिवार के लोगों का कहना है कि बेटी के जन्म को लेकर उनके मन में किसी तरह की निराशा नहीं, बल्कि अपार खुशी है. उनके लिए यह पल जिंदगी के सबसे खास पलों में से एक है.

दादा बोले-घर में साक्षात लक्ष्मी का जन्म हुआ
नवजात आरोही के दादा दिलीप सिंह ने कहा कि उनके घर केवल बेटी का जन्म नहीं हुआ है, बल्कि उनके घर साक्षात लक्ष्मी का आगमन हुआ है. उन्होंने कहा कि आज बेटियां हर क्षेत्र में अपनी पहचान बना रही हैं और किसी भी मामले में बेटों से कम नहीं हैं. बेटियों को समान अवसर और सम्मान मिलना चाहिए. उन्होंने कहा कि बेटी के जन्म पर इस तरह खुशी मनाने का उद्देश्य समाज को भी यह संदेश देना है कि बेटियां बोझ नहीं, बल्कि परिवार का गौरव होती हैं. गौरतलब है कि जमुई में बेटी के जन्म पर परिवार द्वारा भव्य तरीके से खुशी मनाने का यह पहला मामला नहीं है. इससे पहले अगस्त महीने में चकाई प्रखंड क्षेत्र में भी एक परिवार में करीब 38 साल बाद बेटी के जन्म पर भव्य उत्सव मनाया गया था. परिवार ने नवजात के स्वागत में विशेष आयोजन किया था.



Source link