Last Updated:
दिवंगत एक्टर मुश्ताक खान को उनके करीबियों और दोस्तों ने अंतिम विदाई दी. वे ‘वेलकम’ और ‘गदर’ जैसी फिल्मों से पॉपुलर हुए थे. एक्टर के निधन से पूरी फिल्म इंडस्ट्री में शोक की लहर है. एक्टर के अंतिम संस्कार में शामिल हुए गजेंद्र चौहान, सुनील पाल और राजपाल यादव जैसे कलाकारों ने उन्हें नम आंखों से विदाई दी और उनसे जुड़ी यादें साझा कीं.
मुश्ताक खान ने 56 साल की आयु में अंतिम सांस ली थी. (फोटो साभार: )
नई दिल्ली: एक्टर मुश्ताक खान ने ‘वेलकम’, ‘गदर’, ‘हम हैं राही प्यार के’ सहित कई फिल्मों में यादगार रोल निभाए थे. एक्टर के निधन से फैंस के दिलों में एक खालीपन पसर गया है. फिल्म इंडस्ट्री में उनके कई साथी दुखी हैं. वे अपने अलग अंदाज से दर्शकों को हंसाते थे. मुश्ताक खान को उनके साथी कलाकारों ने अंतिम विदाई दी. एक्टर के अंतिम संस्कार में शामिल हुए एक्टर गजेंद्र चौहान, कमीडियन सुनील पाल और एक्टर राजपाल यादव ने मुश्ताक से जुड़ी अपनी यादें बयां कीं.
एक्टर गजेंद्र चौहान ने आईएएनएस से बात करते हुए एक इमोशनल किस्सा सुनाया. वे बोले, ‘एक हंसता-खिलता चेहरा अब हमारे बीच नहीं रहा. करीब छह महीने पहले मेरी एक अवॉर्ड फंक्शन में मुश्ताक से मुलाकात हुई थी. उस मुलाकात में मुश्ताक ने मुझे गले लगाया था और एक ऐसी बात कही थी, जिसका मतलब उस समय मैं समझ नहीं पाया था.’
मुश्ताक की बात को याद कर इमोशनल हुए गजेंद्र चौहान
गजेंद्र चौहान ने फिर मुश्ताक की बात को याद करते हुए कहा, ‘मुश्ताक ने मुझे गले लगाते हुए कहा था कि एक बार जोर से गले मिल, पता नहीं फिर कब मिलना हो. मैं उस वक्त यह बात समझ नहीं पाया था, लेकिन उनके निधन की खबर मिलने के बाद मुझे उस लाइन का मतलब समझ आया. अब लगता है कि उनको अपनी बीमारी की गंभीरता का अंदाजा था और शायद उन्हें पता था कि उनके लिए इस बीमारी से बाहर आना मुश्किल है.’
मुश्किल वक्त में भी मुस्कुराते रहे मुश्ताक
कमीडियन सुनील पाल ने भी मुश्ताक खान को याद करते हुए उनकी मिमिक्री के शौक का जिक्र किया. उन्होंने कहा, ‘जब भी वह मुझसे मिलते, तो अमिताभ बच्चन, राजेंद्र कुमार और अन्ना हजारे की मिमिक्री करने को कहते थे. ये तीनों आवाजें उनकी फेवरेट थीं और वह मेरी मिमिक्री को काफी एंजॉय करते थे. उन्होंने मेरी होम प्रोडक्शन फिल्म में भी काम किया था. वह बेहद प्यारे इंसान थे. उनकी जिंदगी में हमेशा संघर्ष रहा, लेकिन इसके बावजूद उनके चेहरे से मुस्कान कभी गायब नहीं हुई.’
मौत से 2 घंटे पहले मिले थे राजपाल यादव
एक्टर राजपाल यादव ने भी मुश्ताक खान के साथ अपने लंबे जुड़ाव को याद किया. उन्होंने कहा, ‘मुश्ताक भाई ने बॉलीवुड को करीब 50 साल दिए और इस दौरान उन्होंने अलग-अलग तरह के किरदार निभाए. वह जितने बेहतरीन कलाकार थे, उतने ही दिल से भी अच्छे इंसान भी थे. हम दोनों ने कई फिल्मों में साथ काम किया था.’ राजपाल यादव ने अपनी आखिरी मुलाकात का भी जिक्र किया. उन्होंने कहा, ‘निधन से करीब दो घंटे पहले ही मैंने अस्पताल में उनसे मुलाकात की थी. उन्होंने मेरा हाथ पकड़ा और हाथ भी मिलाया. उस समय मुझे लगा कि शायद उनकी तबीयत में सुधार हो रहा है. लेकिन कुछ ही समय बाद उनके निधन की खबर आ गई. आखिरकार, भगवान का फैसला ही आखिरी फैसला होता है.’