Last Updated:
Ujjain News: खेत से एक पनडुब्बी मोटर चोरी हो गई. पुलिस ने जांच शुरू की. इस दौरान पुलिस को मौके से एक खास डिजाइन की चप्पल मिली. पुलिस ने चप्पल का फोटो ग्राम जन सुरक्षा प्रहरियों के व्हाट्सएप ग्रुप में शेयर कर दिया. एक प्रहरी ने इसी तरह की चप्पल इंस्टाग्राम की एक रील में देखी थी. वहीं से सुराग मिला और मोटर चोर धर लिए गए.
नाबालिग आरोपियों को बाल सुधार गृह भेज दिया गया है.
रिपोर्ट- अजय कुमार पटवा, उज्जैन. मध्य प्रदेश के उज्जैन के घट्टिया में पुलिस ने चोरी के एक मामले का अनोखे अंदाज में खुलासा किया है. खेत से चोरी हुई पनडुब्बी मोटर की जांच के दौरान पुलिस को मौके से एक खास डिजाइन की चप्पल मिली थी. पुलिस ने चप्पल का फोटो ग्राम जन सुरक्षा प्रहरियों के ग्रुप में शेयर किया था. एक प्रहरी ने इसी डिजाइन की चप्पल इंस्टाग्राम की एक रील में देखी थी. इसके बाद पुलिस ने इंस्टाग्राम प्रोफाइल और स्थानीय स्तर पर तस्दीक की, जिससे चक नाला क्षेत्र के 17 वर्षीय आरोपी तक पुलिस पहुंच गई.
पुलिस ने देर रात नाबालिग को अभिरक्षा में लेकर पूछताछ की. पूछताछ में उसने अपने दो अन्य साथियों के साथ मिलकर पिछले तीन महीनों में अलग-अलग कुओं से पनडुब्बी मोटर चोरी करना स्वीकार किया. नाबालिग के दोनों साथियों को भी पकड़ लिया गया.
आरोपियों की निशानदेही पर मोटरें बरामद
जिसके बाद पुलिस ने तीनों नाबालिगों की निशानदेही पर करीब एक लाख रुपये कीमत की तीन बड़ी पनडुब्बी मोटरें बरामद कर लीं. थाना प्रभारी करण खोवाल के नेतृत्व में हुई इस कार्रवाई में पारंपरिक पुलिसिंग के साथ इंस्टाग्राम और ग्राम जन सुरक्षा प्रहरियों की मदद ने अहम भूमिका निभाई. आरोपियों को बाल सुधार गृह भेज दिया गया है. मामले की जांच जारी है.
शोरूम की दीवार में किया छेद
बताते चलें कि हाल ही में नीमच के कैंट थाना क्षेत्र में चोरी की एक हैरान कर देने वाली घटना सामने आई थी. गांधी भवन के सामने स्थित ‘फैशन क्लीनिक्स’ शोरूम पर चोरों ने धावा बोला. चोर ने शोरूम के अंदर घुसने के लिए अनोखा रास्ता चुना था. शोरूम के पास ही एक बिल्डिंग का निर्माण कार्य चल रहा था. चोर ने इसी निर्माणाधीन इमारत का सहारा लिया. वह बिल्डिंग की चौथी मंजिल पर पहुंचा और वहां शोरूम की दीवार में करीब दो बाई दो फीट का छेद कर दिया. इसी छेद के रास्ते वह शोरूम के भीतर दाखिल हो गया.
नई शर्ट निकालकर पहन ली
शोरूम के अंदर लगे सीसीटीवी कैमरों में चोर की करतूत कैद हो गई थी. फुटेज में चोर का व्यवहार बेहद चौंकाने वाला दिखा. वह शोरूम के अंदर घूमता दिखा. चोरी करने से पहले उसने वहां रखे बिस्किट निकाले और आराम से खाए. इतना ही नहीं, उसने शोरूम में टंगी एक नई शर्ट भी निकाली और पहन ली. इसके बाद उसने चोरी की वारदात को अंजाम दिया. चोर करीब डेढ़ लाख रुपये कैश और पूजा स्थल पर रखे चांदी के सिक्के लेकर फरार हो गया.