Home Gardening Tips: सर्दियों का मौसम आते ही घर की गार्डनिंग का तरीका बदल जाता है. अगर आप चाहते हैं कि ठंड में आपका गार्डन सफेद, गुलाबी और लाल गुलाब के फूलों से खिल उठे, तो तैयारी अभी से शुरू कर दें. सितंबर का महीना गुलाब और सर्दियों के पौधों की तैयारी के लिए सबसे अच्छा माना जाता है. इस मौसम में दिन में हल्की गर्मी और रात में हल्की ठंडक रहती है. यह मौसम पौधों के तेजी से बढ़ने के लिए बहुत अनुकूल माहौल देता है.
गार्डनिंग एक्सपर्ट बी डी सनखरे की सलाह
गार्डनिंग एक्सपर्ट बी डी सनखरे बताते हैं कि गुलाब की अलग-अलग रंगों वाली किस्मों को घर में आसानी से लगाया जा सकता है. अगर आप अभी से नया पौधा लगाते हैं या सही तरीके से तैयार की गई कलम (कटिंग) रोपते हैं, तो आने वाली सर्दियों में पौधे पर सुंदर फूल देखने को मिल सकते हैं.
गुलाब लगाने के लिए सही मिट्टी कैसे तैयार करें?
गुलाब के पौधे को आप गमले में लगा सकते हैं या जमीन पर भी रोप सकते हैं. हालांकि, इस बात का ध्यान रखना जरूरी है कि मिट्टी में पानी रुकना नहीं चाहिए. गमले में पौधा लगाते समय जल निकासी (ड्रेनेज) की व्यवस्था अच्छी होनी चाहिए. पौधे की बेहतर ग्रोथ के लिए मिट्टी को भुरभुरा रखें. मिट्टी में जैविक खाद की अच्छी मात्रा होनी चाहिए.
गमले के लिए मिट्टी का मिश्रण: गमले के लिए 50 प्रतिशत कोकोपीट और 50 प्रतिशत वर्मी कम्पोस्ट (या सड़ी हुई गोबर की खाद) को मिलाकर मिट्टी तैयार करें. मिट्टी का उपयोग करने से पहले उसे कुछ देर धूप में रख दें. इससे मिट्टी की अतिरिक्त नमी खत्म हो जाती है.
बीज से पौधा उगाने का तरीका: यदि आप बीज से पौधा तैयार कर रहे हैं, तो मिट्टी को बहुत हल्का और भुरभुरा रखें. इसके लिए 60 प्रतिशत कोकोपीट, 30 प्रतिशत वर्मी कम्पोस्ट और 10 प्रतिशत रेत का मिश्रण तैयार करें.
कलम (कटिंग) से नया पौधा तैयार करने का तरीका
अगर आपके घर में पहले से कोई पुराना गुलाब का पौधा है, तो आप उसकी कलम से नया पौधा उगा सकते हैं.
– सही शाखा का चुनाव: कलम के लिए बहुत नरम या बहुत पुरानी लकड़ी जैसी सख्त शाखा न चुनें. हमेशा अर्ध-परिपक्व (semi-mature) तने का चुनाव करें.
– शाखा की मोटाई: करीब 6 से 10 मिलीमीटर मोटाई वाली स्वस्थ शाखा लें.
– कट लगाने का तरीका: कटिंग काटते समय हमेशा साफ और धारदार कैंची या प्रूनर का इस्तेमाल करें. शाखा के निचले हिस्से में करीब 45 डिग्री के कोण पर कट लगाएं.
पत्तियां हटाना: कलम के ऊपरी हिस्से की केवल कुछ पत्तियां छोड़ दें और बाकी पत्तियां हटा दें. इससे पौधे की ऊर्जा नई जड़ें बनाने में लगती है.
कटिंग को गमले में रोपते समय सावधानियां
गुलाब की कटिंग काटने के बाद उसे बहुत देर तक धूप में न सुखाएं. ज्यादा देर धूप में रखने से कटिंग सूख सकती है. कटिंग को साफ जगह रखें और जल्द ही तैयार मिट्टी या रूटिंग माध्यम में लगा दें. कुछ लोग कटिंग को पानी में रखकर जड़ें निकालने की कोशिश करते हैं. हालांकि, गुलाब की हर किस्म में पानी में जड़ें बनना जरूरी नहीं है, इसलिए नमी वाली लेकिन बिना जलभराव वाली मिट्टी में कटिंग लगाना ज्यादा आसान तरीका है. कटिंग रोपने के बाद हल्की सिंचाई करें. गमले को ऐसी जगह रखें जहां पर्याप्त रोशनी मिले. शुरुआती दिनों में पौधे को दोपहर की तेज धूप से बचाएं.
तीन रंगों के गुलाबों से सजेगा गार्डन
अगर आप अपने गार्डन में लाल, गुलाबी और सफेद गुलाब लगाते हैं, तो रंगों का बहुत खूबसूरत कॉम्बिनेशन बनता है. गुलाब के पौधों को रोजाना कई घंटे धूप की जरूरत होती है, इसलिए पौधों को ऐसी जगह रखें जहां अच्छी धूप आती हो.
कैसे और कितना दें पानी?
पानी देते समय ध्यान रखें कि मिट्टी हमेशा पानी से भरी न रहे. जब ऊपर की मिट्टी सूखी दिखे, तभी आवश्यकतानुसार पानी दें. समय-समय पर सूखी पत्तियां और मुरझाए हुए फूल हटाते रहें. इससे पौधे में साफ-सफाई बनी रहती है. ध्यान रखें कि फूल आने का समय और संख्या पौधे की किस्म, धूप, मौसम और सही देखरेख पर निर्भर करेगी.