Last Updated:
पाकिस्तान और अफगानिस्तान के बीच एक बार फिर तनाव देखने को मिल रहा है. गुरुवार को कंधार शहर में फाइटर जेट और जोरदार धमाकों के आवाज की खबर सामने आई है. रिपोर्ट के मुताबिक इसके बाद शहर में आग की लपटें देखने को मिली. इससे एक दिन पहले पाकिस्तान ने दावा किया था क उसने अफगानिस्तान की ओर से आ रहे 8 ड्रोन को मार गिराया.
पाकिस्तान ने अफगानिस्तान पर की एयर स्ट्राइक.
पाकिस्तान ने अफगानिस्तान पर एक बार फिर हवाई हमला किया है. इस बार निशाना कंधार शहर बना है. AFP की रिपोर्ट के मुताबिक, गुरुवार तड़के कंधार में फाइटर जेट की आवाज के साथ जोरदार धमाका हुआ. इसके बाद शहर में आग की लपटें भी दिखाई दीं. कंधार इसलिए बेहद अहम है क्योंकि इसे तालिबान का गढ़ माना जाता है. तालिबान सरकार के सुप्रीम लीडर का भी कंधार से खास नाता है. यह हमला ऐसे समय हुआ है जब एक दिन पहले ही पाकिस्तान ने दावा किया था कि उसने अफगानिस्तान की तरफ से आए 8 ड्रोन मार गिराए हैं.
पहले 8 ड्रोन गिराए, अब कंधार पर हमला
बुधवार को पाकिस्तान ने कहा था कि अफगानिस्तान की तरफ से 8 ड्रोन उसके हवाई सीमा में घुस आए थे. पाकिस्तान के मुताबिक, इनमें 4 ड्रोन तोरखम बॉर्डर के पास और 4 ड्रोन कोहाट के पास पहाड़ी इलाके में गिराए गए. पाकिस्तान का कहना है कि उसकी एयर डिफेंस सिस्टम ने इन सभी ड्रोन को समय रहते पकड़ लिया और उन्हें नष्ट कर दिया. पाकिस्तान ने आरोप लगाया कि इन ड्रोन के पीछे अफगान तालिबान का हाथ है और यह आतंकवादी संगठनों को मिल रहे समर्थन का सबूत है.
इसके ठीक अगले दिन कंधार में हवाई हमला हुआ.कंधार के एक स्थानीय व्यक्ति ने AFP को बताया कि उसने पहले जेट की आवाज सुनी. इसके कुछ देर बाद जोरदार धमाका हुआ और शहर के बीच में आग दिखाई दी. अफगान अधिकारियों ने उस समय हमले को लेकर कोई तत्काल आधिकारिक बयान नहीं दिया था.
कंधार पर हमला करके गलती कर दी?
कंधार अफगानिस्तान का कोई आम शहर नहीं है. इसे तालिबान का पारंपरिक गढ़ माना जाता है. यही वजह है कि अगर सीमा के पास किसी इलाके की जगह कंधार जैसे बड़े शहर में हमला होता है, तो इसे ज्यादा गंभीर माना जाता है. AFP के मुताबिक, अफगानिस्तान के शहरों पर इस तरह के हवाई हमले बहुत आम नहीं हैं. इससे पहले फरवरी के अंत में दोनों देशों के बीच तनाव काफी बढ़ने के दौरान कंधार और काबुल भी हमलों की चपेट में आए थे.
पाकिस्तान ने गुरुवार को एक और बड़ा दावा किया. पाकिस्तान के सूचना मंत्री अताउल्लाह तरार के मुताबिक, अफगानिस्तान में ड्रोन से जुड़े 10 ठिकानों को निशाना बनाया गया. पाकिस्तान का कहना है कि इन जगहों का इस्तेमाल कथित तौर पर उसके खिलाफ भेजे जाने वाले ड्रोन को रखने या लॉन्च करने के लिए किया जा रहा था.