निवेशकों को जिस पल का इंतजार था आखिर आज वो आ गया. आज 24 सितंबर को सुबह 10 बजे NSE के शेयर्स की लिस्टिंग BSE पर हो गई है. बीएसई पर 1800 रुपये प्रति शेयर पर NSE का शेयर लिस्ट हुआ है. निवेशकों को करीब 0.84 फीसदी का मुनाफा हुआ है. NSE की लिस्टिंग से पहले ग्रे मार्केट में इसके शेयर का GMP ₹38 प्रति शेयर था. इसके आधार पर NSE के शेयर की लिस्टिंग ₹1,823 पर होने का अनुमान था, जो ₹1,785 के IPO प्राइस से करीब 2.13% ज्यादा है. हालांकि, ग्रे मार्केट के भाव अनऑफिशियल ही होते हैं और वास्तविक लिस्टिंग इससे अलग हो सकती है.
NSE का IPO 17 सितंबर को खुला था और 21 सितंबर को बंद हुआ. इसका प्राइस बैंड ₹1,700 से ₹1,785 प्रति शेयर तय किया गया था. यह पूरा IPO ऑफर फॉर सेल था, यानी मौजूदा शेयरधारकों ने अपने शेयर बेचे. ₹22,562 करोड़ के NSE IPO को कुल 5.71 गुना सब्सक्रिप्शन मिला. QIB कैटेगरी में 12.68 गुना और NII कैटेगरी में 6.55 गुना सब्सक्रिप्शन हुआ. वहीं, रिटेल निवेशकों के लिए आरक्षित हिस्से को 1.39 गुना सब्सक्रिप्शन मिला.
कंपनी के शेयर्स का हाल
कंपनी के शेयर्स लिस्टिंग के बाद सुबह 11:15 बजे पर 2.93 फीसदी की तेजी के साथ 1852 रुपये पर कारोबार कर रहे हैं. CNBC की रिपोर्ट के अनुसार, Motilal Oswal AMC के पूर्व CIO निकेत शाह ने बताया है कि अगर आप भारत की अर्थव्यवस्था और बाजार की ग्रोथ को लेकर सकारात्मक हैं, तो NSE को लेकर पॉजिटिव नजरिया रखना मुश्किल है. NSE को एक लंबी अवधि में लगातार बढ़ने वाली कंपनी के तौर पर देखना चाहिए. उनके मुताबिक शेयरों की ज्यादा सप्लाई से बड़ी समस्या नहीं होगी.
अगर कंपनी की कमाई बढ़ती रहती है, तो नए निवेशक बाजार में आएंगे. उनका मानना है कि रेगुलेटरी बदलाव निवेशकों के हित में होते हैं. ऐसे बदलावों पर बाजार में थोड़े समय के लिए रिस्पांस हो सकती है, लेकिन निवेशक धीरे-धीरे इनके अनुसार खुद को ढाल लेते हैं.
भारत का दूसरा सबसे बड़ा IPO
NSE का IPO भारत का दूसरा सबसे बड़ा IPO रहा. इससे पहले 2024 में Hyundai Motor India का ₹27,858.75 करोड़ का IPO देश का सबसे बड़ा पब्लिक इश्यू था. NSE के IPO के लिए कुल 20 बुक-रनिंग लीड मैनेजर नियुक्त किए गए हैं. इनमें Kotak Capital, JM Financial, Morgan Stanley India, Citigroup, HSBC Securities, DAM Capital, Equirus Capital, Avendus Capital, Axis Capital, HDFC Bank, ICICI Securities, IDBI Capital, JPMorgan India, SBI Capital, Anand Rathi Advisors, IIFL Capital, Motilal Oswal, Nuvama Wealth, Pantomath Capital और 360 ONE WAM शामिल हैं.