Muzaffarpur News: महिला का वीडियो बनाया, फिर करने लगा ब्लैकमेल, घर में घुसकर रेप की कोशिश

Muzaffarpur News: महिला का वीडियो बनाया, फिर करने लगा ब्लैकमेल, घर में घुसकर रेप की कोशिश


Last Updated:

Muzaffarpur News: बिहार में महिलाओं के खिलाफ अपराध की लगातार खबरें सामने आ रही हैं. जमुई, समस्तीपुर में छात्राओं से छेड़खानी के बाद अब मुजफ्फरपुर में एक महिला की आबरू लूटने की कोशिश की गई. आरोप है कि एक युवक महिला के घर में घुसकर रेप करने की कोशिश की. इतना ही नहीं बल्कि उसके पति के साथ मारपीट भी की गई. पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया.

Zoom

रेप की कोशिश के आरोप में युवक गिरफ्तार.

मुजफ्फरपुरः बिहार के मुजफ्फरपुर में एक महिला को ब्लैकमेल करने और उसके घर में घुसकर जबरदस्ती करने की कोशिश का मामला सामने आया. आरोप है कि सिकंदरपुर थाना इलाके के एक युवक ने करीब तीन साल पहले महिला का आपत्तिजनक वीडियो बना लिया था. इसके बाद वह वीडियो वायरल करने की धमकी देकर महिला पर दबाव बना रहा था. महिला की शिकायत पर पुलिस ने आरोपी संजीव पटेल को गिरफ्तार कर लिया.

पीड़िता के मुताबिक, आरोपी वीडियो वायरल करने की धमकी देकर उसे लगातार परेशान कर रहा था. वह महिला पर शारीरिक संबंध बनाने का दबाव भी डालता था. जब महिला ने उससे संपर्क बंद कर दिया, तो आरोपी ने उसके फोटो और वीडियो मोहल्ले के लोगों को दिखाकर बदनाम करने की कोशिश की.

घर में घुसकर जबरदस्ती का आरोप
महिला ने पुलिस को बताया कि मंगलवार को आरोपी जबरन उसके घर में घुस आया. आरोप है कि उसने महिला के साथ जोर-जबरदस्ती करने की कोशिश की. महिला के पति ने जब इसका विरोध किया तो आरोपी ने उनके साथ भी मारपीट की. पति का आरोप है कि आरोपी ने उनका गला दबाने की कोशिश की. शोर सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंच गए. इसके बाद आरोपी वहां से चला गया. महिला ने घटना की शिकायत सिकंदरपुर थाने में की. शिकायत के आधार पर पुलिस ने प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू की और आरोपी को गिरफ्तार कर लिया. महिला ने आरोपी पर उसके गले से सोने का ढोलना गायब करने का भी आरोप लगाया है. पुलिस इस आरोप की भी जांच कर रही है.

आरोपी के भाई पर भी धमकी देने का आरोप
पीड़िता के परिवार ने आरोपी के भाई संतोष पटेल पर भी गंभीर आरोप लगाए हैं. शिकायत में कहा गया है कि पुलिस में शिकायत करने के बाद संतोष ने महिला और उसके पति को जान से मारने की धमकी दी. उनके बच्चे के अपहरण की धमकी देने का भी आरोप लगाया गया है. पुलिस अब इन आरोपों की भी जांच कर रही है. इस मामले में नगर-2 के SDPO सुरेश कुमार ने बताया कि पुलिस ने शिकायत के आधार पर कार्रवाई की है. मामले से जुड़े सभी पहलुओं की जांच की जा रही है. वहीं, मुजफ्फरपुर पुलिस ने एक अन्य मामले में भी कार्रवाई की है. चाकूबाजी, मारपीट और रंगदारी के मामले में आरोपी भुल्लु कुमार को गिरफ्तार किया गया है. पुलिस उससे भी पूछताछ कर रही है.



Source link