चाणक्य नीति: बचपन में ही बच्चों को सिखाएं मनी मैनेजमेंट के 5 नियम, होंगे सफल
Last Updated:
Chanakya Niti Financial Lessons: आज के समय में बच्चों को पढ़ाई के साथ-साथ पैसों की समझ देना भी बेहद जरूरी है. अगर छोटी उम्र में बच्चों को कमाई, बचत, खर्च और कर्ज की सही समझ मिल जाए, तो वे बड़े होकर आर्थिक फैसले अधिक सोच-समझकर ले सकते हैं. चाणक्य के अर्थशास्त्र और नीति-विचारों से प्रेरित ये 5 बातें हर माता-पिता अपने बच्चों को 15 साल की उम्र से पहले जरूर सिखा सकते हैं.
Chanakya Niti Financial Lessons: चाणक्य नीति में जीवन को सफल बनाने के लिए धन के सही उपयोग और प्रबंधन को महत्वपूर्ण माना गया है. आज के दौर में बच्चों को केवल पढ़ाई और करियर की शिक्षा देना ही पर्याप्त नहीं है, बल्कि उन्हें 15 साल की उम्र से ही पैसों की समझ देना भी जरूरी है. पॉकेट मनी से लेकर बचत, खर्च और कर्ज तक, अगर बच्चे इन चीजों को समय रहते समझ लें तो भविष्य में वे आर्थिक फैसले अधिक समझदारी से ले सकते हैं. चाणक्य के अर्थशास्त्र और नीति-विचारों से प्रेरित ये 5 महत्वपूर्ण बातें हर माता-पिता को अपने बच्चों को 15 साल की उम्र से पहले जरूर सिखानी चाहिए…
आचार्य चाणक्य कहते हैं कि अधिकतर बच्चों के लिए पॉकेट मनी का मतलब होता है, पैसा आया और खर्च हो गया. लेकिन उन्हें यह समझना जरूरी है कि पैसा कमाने के पीछे मेहनत और मूल्य का निर्माण होता है. चाणक्य कहते हैं कि 15 साल की उम्र में बच्चों को यह पता होना चाहिए कि पैसा जेब में हाथ डालने से नहीं आता है. बच्चे को छोटी उम्र में ऐसा काम करने का अवसर दें, जिससे उनको मेहनत के बदले पैसे मिलने का अनुभव हो. जैसे घर के बाहर कोई छोटा काम पूरा करना, घर में उगाई सब्जियां बेचना या कोई छोटी चीज बनाकर बेचना. रकम कितनी है, यह महत्वपूर्ण नहीं है. महत्वपूर्ण यह समझना है कि मेहनत और कमाई के बीच सीधा संबंध होता है.
चाणक्य नीति में कहा गया है कि बच्चों को अक्सर यह सिखाया जाता है कि जो पैसा खर्च नहीं किया, वही बचत है. लेकिन बेहतर आदत यह है कि पैसा मिलते ही उसका एक हिस्सा पहले अलग रख दिया जाए और बाकी रकम खर्च की जाए. उदाहरण के लिए, अगर बच्चे को 200 रुपए मिलते हैं तो वह पहले तय कर सकता है कि इसमें से कुछ राशि बचानी है और बाकी खर्च करनी है. रकम का कोई एक निश्चित नियम जरूरी नहीं, लेकिन नियमित रूप से बचत करने की आदत बहुत महत्वपूर्ण है. 15 साल की उम्र में बच्चे अगर खर्च और बचत की जान जाएंगे तो उनको बड़े होने पर धन से संबंधित समस्या का सामना नहीं करना पड़ेगा.
Add News18 as
Preferred Source on Google
चाणक्य नीति में आगे कहते हैं कि बच्चे को यह समझना चाहिए कि 3000 रुपए की कोई वस्तु सिर्फ 3000 रुपए की ही नहीं है. उस रकम के पीछे किसी व्यक्ति की मेहनत, समय और काम के घंटे जुड़े हैं. उसे समझाएं कि किसी चीज को खरीदने से पहले यह भी सोचना चाहिए कि इसे खरीदने के लिए कितनी मेहनत करनी पड़ती है. इसका उद्देश्य बच्चों को खर्च करने के लिए दोषी महसूस कराना नहीं, बल्कि उन्हें पैसे की वास्तविक कीमत समझाना है. अमेरिका और वेस्टर्न कंट्री में आपने देखा होगा कि वहां बड़े-बड़े घर के बच्चे भी बचपन से काम करना शुरू कर देते हैं और पॉकेट मनी नहीं मांगते, ऐसा उनको पैसे की कीमत समझाने के लिए किया जाता है.
कर्ज को लेकर आचार्य चाणक्य ने सीधी चेतावनी दी है कि भूलकर भी कर्ज नहीं लेना चाहिए लेकिन कभी-कभी यह संभव नहीं हो पाता. चाणक्य कहते हैं कि बच्चों को छोटी उम्र से ही यह समझना चाहिए कि उधार लिया गया पैसा मुफ्त नहीं होता, उसे ब्याज के साथ लौटाना पड़ सकता है. उन्होंने तर्क दिया कि एक कर्जदार अपने भविष्य के निर्णयों का एक हिस्सा किसी और को सौंप देता है, फिर चाहें वह होम लोन, वाहन ईएमआई, क्रेडिट कार्ड रोलओवर आदि हो.
चाणक्य कहते हैं कि बच्चों को छोटी उम्र से ही यह समझना चाहिए कि उधार लिया गया पैसा मुफ्त नहीं होता, उसे ब्याज के साथ लौटाना पड़ सकता है. उदाहरण के तौर पर, अगर कोई व्यक्ति 10000 रुपए 18 प्रतिशत वार्षिक ब्याज पर उधार लेता है, तो उसे समझना चाहिए कि तय अवधि में वापस की जाने वाली रकम मूलधन से अधिक होगी. इस अंतर को ही उधार लेने की कीमत समझा जा सकता है. 15 साल की उम्र में बच्चों को यह सिखाना जरूरी है कि कर्ज अपने आप में हमेशा गलत नहीं होता, लेकिन उसे लेने से पहले उसकी लागत और जरूरत समझना चाहिए.
आचार्य चाणक्य नीति के अंत में कहते हैं कि सिर्फ पैसे जमा करना बच्चों के लिए लंबे समय तक प्रेरणादायक नहीं होता. एक बच्चा जो बचत करना तो सीख जाता है लेकिन उसे यह नहीं पता कि बचत किस लिए कर रहा है तो वह कुछ समय बाद पैसा खर्च कर देगा जैसे ही उसके सामने कोई अच्छा ऑफर आता है. इसलिए बच्चों के जिस चीज की जरूरत हो, वह खुद ही उसके लिए पैसा इकट्ठा करे, ऐसे बताएं. जैसे कोई किताब, साइकिल, खिलौना, यात्रा या कोई स्पेशल एक्सपीरियंस. बच्चे को लक्ष्य की कीमत बताएं और फिर यह तय करने दें कि वह हर सप्ताह या महीने कितनी राशि बचाएगा. जब बच्चे को अपनी बचत का उद्देश्य पता होता है, तो बैंक खाते में दिखाई देने वाली रकम महज एक संख्या नहीं रहती, बल्कि अपने लक्ष्य की ओर बढ़ता हुआ कदम बन जाती है.