Last Updated:
हिमाचल में मौसम विभाग ने 26 से 28 सितंबर तक भारी बारिश, बर्फबारी और आंधी-तूफान का अलर्ट जारी किया है. कुछ जिलों के लिए येलो और ऑरेंज अलर्ट है. तापमान में गिरावट की संभावना है.
हिमाचल में मौसम विभाग ने तीन दिन के लिए येलो और ऑरेंज जारी किया है.
शिमला. हिमाचल प्रदेश में एक सप्ताह से मौसम ड्राई चल रहा है और अच्छी धूप खिल रही है. लेकिन अब मौसम करवट लेने वाला है. मौसम विभाग ने तीन दिन भारी बारिश और बर्फबारी के आसार जताए हैं. इस दौरान आंधी तूफान भी चलेगा. मौसम विभाग ने तीन दिन के लिए येलो और ऑरेंज जारी किया है.
जानकारी के अनुसार, मौसम विभाग ने 24 और 26 सितंबर के लिए बारिश के आसार जताए हैं. हालांकि, इस दौरान कोई अलर्ट जारी नहीं किया है. लेकिन 26 सितंबर को येलो अलर्ट जारी किया है और इस दौरान शिमला, सोलन औऱ सिरमौर में बारिश के आसार जताए गए हैं. बाकी 9 जिलों के लिए अलर्ट नहीं है, लेकिन बारिश हो सकती है. 27 सितंबर के लिए प्रदेश में केवल सिरमौर जिले के लिए ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है. बाकी अन्य हमीरपुर, चंबा और लाहौल स्पीति को छोड़कर बाकी जिलों के लिए येलो अलर्ट रहेगा और बारिश के आसार हैं. 28 सितंबर के येलो अलर्ट में सोलन, शिमला और सिरमौर में बारिश के आसार हैं.
तापमान की बात करें तो अगले 48 घंटों के दौरान प्रदेश के अधिकांश हिस्सों में न्यूनतम तापमान में कोई बड़ा बदलाव नहीं होगा. इसके बाद अगले 2 से 3 दिनों के दौरान न्यूनतम तापमान में धीरे-धीरे 2 से 3 डिग्री सेल्सियस की गिरावट आ सकती है. वहीं, अगले 4 से 5 दिनों के दौरान अधिकतम तापमान में 2 से 5 डिग्री सेल्सियस तक की गिरावट होने की संभावना है.
गौर रहे कि हिमाचल में मॉनसून की विदाई में भी बेहद कम वक्त बचा है और जल्द ही विदाई हो सकती है. लेकिन विदाई से पहले मॉनसून रौद्र रूप दिखा सकता है. गुरुवार को लाहौल स्पीति के कुकुमसेरी में न्यूनतम पारा 4.7 डिग्री दर्ज किया है और ऊना में सबसे अधिक 34 डिग्री पारा रिकॉर्ड किया गया है.