Last Updated:
CM Mohan Yadav Ujjain House: सिंहस्थ 2028 को लेकर उज्जैन में लगातार विकास काम किए जा रहे हैं. सड़कों के चौड़ीकरण का काम भी हो रहा है. इसी कड़ी में खजूर वाली मस्जिद से अब्दालपुरा, जीवाजीगंज थाना होते हुए गणेश चौक तक करीब 730 मीटर लंबे मार्ग का चौड़ीकरण किया जाना है. अब यहां पर मुख्यमंत्री मोहन यादव का भी एक पुश्तैनी मकान है, जिसे उनके दादा ने 1974 में बनवाया था.
सिंहस्थ 2028 के लिए टूटेगा सीएम मोहन यादव का मकान
CM Mohan Yadav House Simhastha 2028: सिंहस्थ-2028 को लेकर उज्जैन में सड़क चौड़ीकरण की कवायद लगातार आगे बढ़ रही है. इसी कड़ी में खजूर वाली मस्जिद से अब्दालपुरा, जीवाजीगंज थाना होते हुए गणेश चौक तक सड़क को चौड़ा किया जा रहा है. करीब 730 मीटर लंबे इस मार्ग को 15 मीटर चौड़ा करने का प्रस्ताव है. परियोजना पर लगभग 9 करोड़ 80 लाख रुपए खर्च होने का अनुमान है.
नगर निगम की टीम ने शुरू की मार्किंग
नगर निगम की टीम ने सड़क की सीमा तय करने के लिए नपती और मार्किंग का काम शुरू कर दिया है. भवन निरीक्षक शिवम गुप्ता सहित निगम की टीम ने मौके पर पहुंचकर प्रभावित निर्माणों की जानकारी जुटाई है. इस सड़क चौड़ीकरण की जद में कुल 272 भवन आ रहे हैं. इनमें मुख्यमंत्री मोहन यादव का पुश्तैनी मकान भी शामिल है. लंबे समय से बंद इस पुराने मकान की भी निगम टीम ने नपती की और अब यहां लाल निशान लगाए गए हैं.
CM के पिता ने बनवाया था मकान
बताया जाता है कि मुख्यमंत्री मोहन यादव के दादा रामचंद्र यादव ने साल 1974 में यह मकान बनवाया था. इसी घर में यादव परिवार की कई पीढ़ियों का बचपन बीता. मुख्यमंत्री के परिवार के अलावा उनके चाचा शंकरलाल यादव का परिवार भी इस मकान से जुड़ा रहा है.
सीएम की बहन का घर भी आया जद में
नगर निगम सभापति और मुख्यमंत्री की बड़ी बहन कलावती यादव का मकान भी इसी चौड़ीकरण की जद में आ रहा है. उन्होंने कहा कि सिंहस्थ के लिए विकास कार्य जरूरी हैं और प्रभावित नागरिकों की समस्याओं का अधिकारियों से चर्चा कर समाधान कराने का प्रयास किया जाएगा. उन्होंने यह भी कहा कि किसी के साथ जाति, धर्म या राजनीतिक आधार पर भेदभाव नहीं होना चाहिए।
भाजपा विधायक अनिल जैन कालूखेड़ा ने कहा कि मुख्यमंत्री का पुश्तैनी मकान भी सड़क चौड़ीकरण की जद में है और परिवार की ओर से इसे स्वेच्छा से देने की बात कही गई है. उन्होंने कहा कि सिंहस्थ और बढ़ते यातायात को देखते हुए प्रमुख सड़कों का चौड़ीकरण जरूरी है.
सिंहस्थ 2028 को लेकर सड़क चौड़ीकरण का हो रहा काम
उज्जैन में सिंहस्थ-2028 के लिए करीब 62 प्रमुख सड़कों के चौड़ीकरण की योजना पर काम चल रहा है. इसके साथ ही शिप्रा नदी के दोनों किनारों पर करीब 29 किलोमीटर लंबे घाटों के विकास सहित शिलारखेड़ी-सेवरखेड़ी डैम, खान डायवर्शन और अन्य बड़े प्रोजेक्ट भी चल रहे हैं.
शहर में इससे पहले कंठाल, तेलीवाड़ा और सराफा सहित कई प्रमुख मार्गों के चौड़ीकरण का काम किया जा चुका है. अब खजूर वाली मस्जिद से गणेश चौक तक के मार्ग पर नपती और मार्किंग पूरी होने के बाद नियमों के तहत आगे की कार्रवाई की जाएगी.
सड़क की लंबाई – 730 मीटर
प्रस्तावित चौड़ाई – 15 मीटर
अनुमानित लागत – ₹9.80 करोड़
प्रभावित भवन – 272
स्थिति – नपती और मार्किंग शुरू
प्रमुख प्रभावित भवन – CM का पुश्तैनी मकान, कलावती यादव और जगदीश पांचाल का मकान