सिंहस्थ की राह में आश्रम का बड़ा सहयोग, 4 हजार वर्गफीट जमीन कर दी दान, जेसीबी का पूजन कर चालक का किया सम्मान

सिंहस्थ की राह में आश्रम का बड़ा सहयोग, 4 हजार वर्गफीट जमीन कर दी दान, जेसीबी का पूजन कर चालक का किया सम्मान


Last Updated:

Ujjain Simhastha: उज्जैन में सिंहस्थ-2028 की तैयारियों के बीच जयसिंहपुरा में सहयोग की मिसाल सामने आई. श्री अभिराम आश्रम ने सड़क चौड़ीकरण के लिए 4 हजार वर्गफीट जमीन स्वेच्छा से प्रशासन को दी. आचार्य आशुतोष ने पक्का निर्माण भी हटवाया और जेसीबी का पूजन कर चालक का सम्मान किया.

उज्जैन में सिंहस्थ-2028 की तैयारियों के बीच सड़क चौड़ीकरण का काम तेजी से आगे बढ़ रहा है. कई इलाकों में जमीन और निर्माण हटाने को लेकर लोगों की नाराजगी सामने आई है, लेकिन जयसिंहपुरा से सहयोग की मिसाल देखने को मिली है. यहां स्थित श्री अभिराम आश्रम ने सड़क विस्तार के लिए अपनी करीब 4 हजार वर्ग फीट जमीन स्वेच्छा से प्रशासन को सौंप दी. आश्रम की इस पहल से चौड़ीकरण की राह आसान हुई है. सिंहस्थ के दौरान शहर में बढ़ने वाली श्रद्धालुओं की भीड़ और यातायात को देखते हुए सड़कें चौड़ी की जा रही हैं. प्रशासन के मुताबिक, ऐसे सहयोग से विकास कार्यों को गति मिलेगी.

श्री अभिराम आश्रम के संस्थापक आचार्य आशुतोष ने सड़क विस्तार में सहयोग करते हुए अपनी जमीन पर बने पक्के निर्माण को भी स्वयं हटवा दिया. जेसीबी पहुंची तो उन्होंने चालक का फूल माला पहनाकर स्वागत किया और विकास कार्य में सहयोग का संदेश दिया.

60 फीट चौड़ा बनेगा मार्ग
दरअसल सिंहस्थ-2028 की तैयारियों के तहत जयसिंहपुरा अंडरपास से नूतन स्कूल होते हुए चारधाम पार्किंग तक नया मार्ग विकसित किया जा रहा है. करीब 60 फीट चौड़ी यह सड़क लगभग 18 मीटर की होगी और सीसी रोड के रूप में तैयार की जाएगी. इससे त्रिवेणी घाट तक आवागमन सुगम होने की उम्मीद है. इसी प्रस्तावित मार्ग की जद में श्री अभिराम आश्रम की जमीन भी आ रही थी. आश्रम ने विकास कार्य में सहयोग करते हुए जमीन स्वेच्छा से प्रशासन को सौंप दी.

जेसीबी का पूजन कर चालक का किया सम्मान
जयसिंहपुरा स्थित श्री अभिराम आश्रम में निर्माण हटाने पहुंची जेसीबी को देखकर माहौल कुछ अलग नजर आया. आश्रम के आचार्य आशुतोष ने मशीन पर फूल माला चढ़ाई और विधि-विधान से उसका पूजन किया. इसके बाद जेसीबी चालक का सम्मान किया गया. इस दौरान आश्रम परिसर में निर्माण हटाने का काम कर रहे कर्मचारी और अन्य लोग मौजूद रहे.

शहर के विकास में हमारा योगदान
आचार्य आशुतोष ने कहा कि मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के नेतृत्व में उज्जैन में विकास कार्य तेजी से आगे बढ़ रहे हैं. शहर को भव्य और सुविधाजनक बनाने की इस मुहिम में श्री अभिराम आश्रम ने भी अपना योगदान दिया है. उन्होंने इस पहल के लिए मुख्यमंत्री का आभार जताया. नगर निगम के कार्यपालन यंत्री राहुल चौहान ने बताया कि आश्रम ने स्वेच्छा से करीब 4 हजार वर्ग फीट जमीन दी है. साथ ही आश्रम प्रबंधन अपने स्तर पर पक्का निर्माण भी हटा रहा है.



Source link