सड़कें बंद, पुलिस-सेना-रेंजर्स तैयार, 27 सितंबर के मार्च से पहले पाकिस्तान ने इस्लामाबाद को बनाया किला

सड़कें बंद, पुलिस-सेना-रेंजर्स तैयार, 27 सितंबर के मार्च से पहले पाकिस्तान ने इस्लामाबाद को बनाया किला


Last Updated:

Pakistan March: इमरान खान की रिहाई की मांग को लेकर PTI के 27 सितंबर के इस्लामाबाद मार्च से पहले पाकिस्तान में सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई है. M-1, M-14 और GT रोड के कई हिस्से बंद हैं. पंजाब में धारा 144 लागू है और इस्लामाबाद, रावलपिंडी व अटक में हजारों सुरक्षाकर्मियों की तैनाती की तैयारी है.

Zoom

पाकिस्तान में पुलिस तैनाती बढ़ा दी गई.

Imran Khan News: इमरान खान की पार्टी पाकिस्तान तहरीक-ए-इंसाफ (PTI) के संभावित मार्च को लेकर पाकिस्तान की सरकार हिली हुई है. 27 सितंबर को होने वाले इस्लामाबाद मार्च से पहले पाकिस्तान में सड़कों से लेकर मोबाइल नेटवर्क तक पर पहरा बढ़ा दिया गया है. इस्लामाबाद जाने वाले कई बड़े रास्ते बंद कर दिए गए हैं, कंटेनर खड़े किए जा रहे हैं और पंजाब सरकार ने रेंजर्स की तैनाती भी मांगी है. PTI ने यह मार्च जेल में बंद पूर्व प्रधानमंत्री इमरान खान की रिहाई की मांग को लेकर बुलाया है. मामला इतना बढ़ गया है कि खैबर पख्तूनख्वा से इस्लामाबाद और पंजाब की तरफ आने वाले प्रमुख रास्तों पर आवाजाही रोक दी गई है. M-1 और M-14 मोटरवे के साथ GT रोड को भी कुछ हिस्सों में दोनों तरफ से बंद किया गया है. अधिकारियों का कहना है कि ये पाबंदियां PTI के प्रस्तावित मार्च को देखते हुए सुरक्षा व्यवस्था का हिस्सा हैं.

कई रास्तों को बंद किया गया

नेशनल हाईवेज एंड मोटरवे पुलिस के मुताबिक M-1 मोटरवे को इस्लामाबाद टोल प्लाजा से छाच इंटरचेंज के बीच दोनों दिशाओं में बंद किया गया है. वहीं M-14 को हकला से कुंडल तक बंद रखा गया है. GT रोड यानी N-5 पर अटक खुर्द के पास भी दोनों तरफ की आवाजाही रोक दी गई है. इन रास्तों का महत्व इसलिए भी ज्यादा है क्योंकि अटक खैबर पख्तूनख्वा और पंजाब के बीच अहम कड़ी है. इसी रास्ते से इस्लामाबाद और रावलपिंडी की तरफ पहुंचा जाता है. अटक में अहम पुलों और एंट्री-एग्जिट प्वाइंट पर कंटेनर और रेत से भरी बोरियां रखे जाने की भी खबर है. इसके अलावा हजारा मोटरवे और कुछ दूसरे संपर्क मार्गों पर भी रोक लगाई गई है. यानी PTI के काफिलों के राजधानी तक पहुंचने से पहले ही कई रास्तों को नियंत्रित करने की तैयारी कर ली गई है.

हजारों सुरक्षाकर्मी मैदान में

इस मार्च को देखते हुए बड़ी संख्या में पुलिसकर्मियों की तैनाती की जा रही है. इस्लामाबाद पुलिस ने पंजाब से 16 हजार और सिंध से 2 हजार अतिरिक्त पुलिसकर्मियों की मांग की है. साथ ही दंगा नियंत्रण के लिए जरूरी सामान भी मांगा गया है. अटक में भी सुरक्षा काफी बढ़ा दी गई है. रिपोर्टों के मुताबिक वहां करीब 30 हजार सुरक्षाकर्मियों की तैनाती की तैयारी है. राजधानी और आसपास के इलाकों में भी बड़ी संख्या में पुलिस बल लगाया जा रहा है.

रेंजर्स की भी होगी तैनाती?

पंजाब सरकार ने रावलपिंडी, अटक, झेलम और मियांवाली में रेंजर्स की तैनाती के लिए केंद्र से अनुरोध किया है. यह तैनाती 5 अक्टूबर तक रखने का अनुरोध किया गया है. रावलपिंडी में तीन कंपनियां मांगी गई हैं, जिनमें दो तक्षशिला के लिए हैं. यानी तैयारी सिर्फ पुलिस तक सीमित नहीं है. PTI मार्च के दौरान कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए सुरक्षा का पूरा ढांचा तैयार किया जा रहा है.

पंजाब और इस्लामाबाद में धारा 144

पंजाब में भी धारा 144 लागू की गई है. इस दौरान सार्वजनिक जगहों, सड़कों, हाईवे और खुले स्थानों पर लोगों के इकट्ठा होने और जुलूस निकालने पर पाबंदी रहेगी. इस्लामाबाद में भी धारा 144 लागू है. जिला प्रशासन ने सार्वजनिक सभाओं पर रोक लगाई है और लोगों से प्रतिबंधों का पालन करने को कहा है.



Source link