नई दिल्ली. बॉलीवुड एक्ट्रेस राधिका आप्टे ने हाल ही में अपने करियर के सबसे भयावह अनुभव को लेकर बात की है. एक फिल्म से इंटीमेट सीन ऑनलाइन लीक हो जाने के बाद वह इस कदर खौफ में आ गई थीं कि अपनी सुरक्षा को लेकर डर के मारे लगातार चार दिनों तक घर में ही कैद रहीं. राधिका आप्टे ने बताया कि उन्हें घर से बाहर कदम निकालने तक में डर लगने लगा था. एक्ट्रेस ने यह भी खुलासा किया कि इस घटना के बाद उन्हें अपनी सुरक्षा की चिंता सताने लगी थी, क्योंकि उस वक्त वह अपने अपार्टमेंट में अकेली रहती थीं.
इंडिया टुडे को दिए इंटरव्यू में राधिका ने बताया, ‘कैमरे के सामने सीन देना एक बात है, लेकिन जब मेरा वो वीडियो लीक हुआ, तो जिंदगी रातों-रात बदल गई. ऐसी चीजें बहुत जल्दी आपकी निजी जिंदगी तक पहुंच जाती हैं. डर रहता है कि कोई अचानक आपके घर का दरवाजा न खटखटा दे. मेरी स्टाइलिस्ट ने मुझे बताया कि उसका ड्राइवर लगातार वो वीडियो देख रहा था और पूछ रहा था कि क्या आप उन्हीं के घर जा रही हैं? मेरे बिल्डिंग के वॉचमैन ने भी उसे देखा था. जब आपके आस-पास के लोग ही आपको उस नजर से देखने लगें, तो स्थिति संभालना बेहद मुश्किल हो जाता है.’
राधिका आप्टे को अपनी सुरक्षा का सताया डर
ड्राइवर और स्पॉट बॉय से कही थी ये बात
राधिका ने उस मुश्किल घड़ी को याद करते हुए बताया, ‘मैंने अपने ड्राइवर और स्पॉट दादा को पास बुलाया और कहा कि एक क्लिप लीक हो गई है. क्या तुम दोनों ने इसे देखा है? अगर नहीं देखा तो मैं भेज देती हूं, देख लो. अगर तुम मेरे साथ काम करने में सहज हो और मुझे सुरक्षा दे सकते हो, तभी रुको.वरना यह तुम्हारी सैलरी है, तुम जा सकते हो. उन दोनों ने मुझे भरोसा दिलाया और कहा कि हम आपका पूरी तरह ध्यान रखेंगे. उस वक्त मैं अपार्टमेंट में बिल्कुल अकेली रह रही थी और बहुत ज्यादा डरी हुई थी.’
राजनीतिक माहौल की वजह से छोड़ा प्रोजेक्ट
इसी बातचीत के दौरान राधिका ने अपने करियर से जुड़े एक ऐसे फैसले का जिक्र किया, जिसका अफसोस उन्हें आज भी है. उन्होंने खुलासा किया कि वह एक फिल्म में काम करना चाहती थीं, लेकिन देश के तत्कालीन राजनीतिक माहौल की वजह से उन्होंने उस प्रोजेक्ट से पीछे हटने का फैसला किया. यह पहला मौका था. जब राधिका ने अपने डर को किसी प्रोफेशनल फैसले पर हावी होने दिया, क्योंकि उन्हें अपने पूरे परिवार की सुरक्षा का खौफ सता रहा था.
किस फैसले पर आज भी शर्मिंदा हैं राधिका आप्टे?
राधिका ने स्वीकार किया कि इस फैसले को लेकर वह आज भी शर्मिंदा महसूस करती हैं, लेकिन उस वक्त अपने परिवार की सुरक्षा उनकी पहली प्राथमिकता थी. उन्होंने यह भी बताया कि अनुराग कश्यप ने भी उन्हें उस प्रोजेक्ट में काम न करने की सलाह दी थी. वर्क फ्रंट की बात करें तो राधिका आप्टे की हाल ही में एंथोलॉजी फिल्म ‘लस्ट स्टोरीज 3’ रिलीज हुई, जिसमें उन्होंने विजय वर्मा के साथ स्क्रीन शेयर किया है.