जिनपिंग के लिए ट्रंप ने तोड़ दिए सारे प्रोटोकॉल, भागे-भागे एयरपोर्ट पहुंचे
Last Updated:
US-China Relations: शी जिनपिंग की 11 साल बाद अमेरिका की राजकीय यात्रा शुरू होते ही ट्रंप ने प्रोटोकॉल से हटकर उनका खास स्वागत किया. शी का विमान जॉइंट बेस एंड्रयूज पहुंचा तो ट्रंप और मेलानिया खुद रनवे पर मौजूद थे. सैन्य सम्मान और भव्य स्वागत के बीच दोनों नेताओं की मुलाकात हुई.
शी जिनपिंग को रिसीव करने के लिए ट्रंप एयरपोर्ट पर पहुंचे.
Xi Jinping China VIsit: चीन के राष्ट्रपति शी जिनपिंग के अमेरिका पहुंचते ही अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने ऐसा स्वागत किया, जिसने पूरी दुनिया का ध्यान खींच लिया. 23 सितंबर को शी जिनपिंग और उनकी पत्नी पेंग लियुआन का विमान जैसे ही जॉइंट बेस एंड्रयूज पर उतरा, उस दौरान ट्रंप और उनकी पत्नी मेलानिया ट्रंप खुद एयरपोर्ट के रनवे पर पहुंच गए. अमेरिकी राष्ट्रपति का किसी विदेशी नेता को एयरपोर्ट पर इस तरह रिसीव करना आज के दौर में बेहद दुर्लभ माना जाता है. अमेरिकी सेना के जेट्स ने उनका स्वागत किया. साथ ही B-1 बॉम्बर ने फ्लाई पास्ट दिया.
व्हाइट हाउस में इंतजार नहीं, सीधे एयरपोर्ट पहुंचे ट्रंप
आमतौर पर किसी विदेशी राष्ट्राध्यक्ष की अमेरिका यात्रा में राष्ट्रपति व्हाइट हाउस में उनका औपचारिक स्वागत करते हैं. लेकिन इस बार तस्वीर अलग थी. शी जिनपिंग का विमान जॉइंट बेस एंड्रयूज पर उतरा और ट्रंप पहले से वहां मौजूद थे. करीब 100 फीट लंबे लाल कालीन पर दोनों नेताओं की मुलाकात हुई. मेलानिया ट्रंप ने पेंग लियुआन का स्वागत किया. सैन्य बैंड, सम्मान समारोह और फ्लाईओवर ने इस पूरे स्वागत को और भव्य बना दिया. यह वही सैन्य अड्डा है जहां अमेरिकी राष्ट्रपति के विमान एयर फोर्स वन की मेजबानी होती है.