कालकाजी के आस्था कुंज पार्क गैंगरेप मामले में कई बड़े और चौंकाने वाले खुलासे हुए हैं. जिसने दिल्ली के पार्कों में फैली असुरक्षा पर सवाल खड़े कर दिए हैं. पुलिस जांच में सामने आया है कि कालकाजी गैंगरेप के आरोपी नाबालिग के साथ रेप करने से पहले 45 मिनट तक पार्क में घूम रहे थे. घटना वाले दिन वे पार्क में दो हथियारों के साथ कंडोम भी लेकर आए थे. इससे पहले से योजना बनाकर वारदात को अंजाम देने की आशंका मजबूत हो रही है.
इसके साथ ही आसपास के लोगों से पता चला है कि आरोपी आसिफ इस पार्क में पहले भी एक कपल के साथ घिनौनी हरकत कर चुका है. लोगों के मुताबिक पार्क में साथ बैठे एक जोड़े पहले भी इसने चाकू लेकर डराया और धमकाया था, हालांकि उस वक्त यह अकेला था और किसी वारदात को अंजाम नहीं दे सका था.
हिंदुस्तान टाइम्स की रिपोर्ट के मुताबिक दिल्ली के कालकाजी मंदिर के पास 142 एकड़ वाले आस्था कुंज पार्क में सोमवार शाम को 3 आरोपियों ने एक 17 साल की लड़की के साथ दरिंदगी की थी. नाबालिग अपने 17 साल के दोस्त के साथ जन्मदिन के मौके पर पार्क में बैठी थी, तभी वहां पहुंचे आसिफ, मुकेश और हेमंत सिंह ने खुद को पुलिसकर्मी बताया और दोनों को डरा-धमकाकर लड़की के साथ गैंगरेप किया.
इलाके के लोगों ने बताया कि इस गैंगरेप के एक आरोपी आसिफ ने पहले भी एक जोड़े को चाकू दिखाकर परेशान किया था. उस वक्त कई लोगों ने पार्क के स्टाफ और गार्ड्स से मौखिक शिकायत की थी, लेकिन कोई भी आधिकारिक शिकायत दर्ज नहीं कराई गई थी. इसकी जानकारी पुलिस ने बुधवार को दी.
एक वरिष्ठ पुलिस अधिकारी ने कहा, “हमें पता चला कि लोग ज्यादातर शिकायत करते थे कि आसिफ अक्सर चाकू लेकर देखा जाता था. हम यह भी जांच कर रहे हैं कि क्या ये तीनों ही आरोपी अक्सर जोड़ों को परेशान करते थे. हालांकि यह बात हमें पहले रिपोर्ट नहीं की गई थी, इसलिए हम और सबूत ढूंढ रहे हैं.”
पार्क के स्टाफ, गार्ड्स और रेगुलर यहां आने वाले लोगों ने माना कि आसिफ इस इलाके में बदमाश की तरह घूमता था. बता दें कि वारदात के बाद मंगलवार सुबह करीब 6 बजे दिल्ली पुलिस ने आरोपी आसिफ को मुठभेड़ के बाद अमर कॉलोनी से गिरफ्तार किया था. इस दौरान उसके पास बिना लाइसेंस की पिस्तौल और चाकू मिला. उसके बाद दो अन्य आरोपी मुकेश और हेमंत को उनके घर श्रीनिवासपुरी से गिरफ्तार किया गया.
क्या हुई थी घटना
बता दें कि हरियाणा की रहने वाली 11 वीं की छात्रा अपने 17वें जन्मदिन पर कालकाजी दर्शन करने आई थी. करीब 7 बजे दर्शन करने के बाद वह अपने दोस्त के साथ 7:15 से 7:30 बजे नजदीक के ही आस्था कुंज पार्क में चली गई. वहां वे दोनों बैठे थे कि तीन आरोपी आसिफ, मुकेश और हेमंत वहां पहुंच गए और दोनों नाबालिगों को डराकर उन्होंने घिनौनी वारदात को अंजाम दिया.
फिलहाल अब दिल्ली पुलिस जांच कर रही है कि क्या इन लोगों ने पार्क में अन्य महिलाओं को भी इसी तरीके से निशाना बनाया था. चूंकि ये नियमित रूप से पार्क में आते थे और चाकू लहराते थे.
घटना वाले दिन कंडोम लेकर आए थे आरोपी
पुलिस की जांच में सामने आया है कि घटना वाले दिन ये कम से कम दो हथियार एक बंदूक और एक चाकू और कंडोम लेकर आए थे.अधिकारी ने कहा, “हमें शक है कि यह पहले से योजना बनाकर किया गया था.” पार्क स्टाफ और अन्य लोगों से और जानकारी ली जा रही है.
पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि वे करीब 45 मिनट तक घूमकर निशाना ढूंढ रहे थे. जब उन्होंने दोनों नाबालिगों को एकांत जगह पर बैठा देखा तो उन्हें आसान शिकार समझकर पुलिस वाला बनकर धमकी दी और कांड को अजांम दिया.
एक भागा तो दोनों भाई ने घर जाकर धोए कपड़े
जानकारी के मुताबिक जैसे ही आसिफ को पता चला कि पुलिस उसे ढूंढ रही है तो वह भागने की कोशिश करने लगा. हालांकि पुलिस ने आसपास के सीसीटीवी फुटेज और कॉल डिटेल रिकॉर्ड की जांच करके घटना के बाद तीनों की मूवमेंट पता की.
जबकि दोनों भाई मुकेश और हेमंत पहले एक रेस्तरां में खाना खाने गए फिर श्रीनिवासपुरी के अपने घर लौटे और सबूत मिटाने के लिए कपड़े धो दिए. पुलिस ने बताया कि उनके पास से धुले हुए कपड़े और फोन बरामद हुआ है, जिसमें से बहुत सारा डेटा डिलीट कर दिया गया है.पुलिस फॉरेंसिक लैब (FSL) डेटा रिकवर करने की कोशिश करेगी. इसके अलावा आसिफ के फोन में भी आपत्तिजनक और पॉर्नोग्राफिक कंटेंट मिला है. पुलिस ने FSL से रिपोर्ट मांगी है.
एक लॉ का छात्र तो एक बीएससी का?
आरोपियों की कुंडली खंगालने पर पता चला है कि आसिफ के पास सालों से पुरानी बिना लाइसेंस की बंदूक है. जबकि हेमंत का दावा है कि उसने रोहतक की एक सरकारी यूनिवर्सिटी से 2014-15 में कानून की पढ़ाई की है और अभी प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी कर रहा है. जबकि मुकेश पलवल के एक कॉलेज में बी.एससी. (मैथ्स) का अंतिम वर्ष का छात्र है. हालांकि उनके पड़ोसियों ने बताया कि वे कई सालों से अक्सर पार्क में ही ज्यादा समय बिताते थे.
ऐसे में पुलिस अब पीछे जाकर अन्य मामलों की भी जांच कर रही है और आरोपियों से पूछताछ कर रही है कि इन्होंने किन किन घटनाओं को अंजाम दिया है.