Last Updated:
दानापुर की मिथिला कॉलोनी में पुलिसकर्मी ओमचंद ने अपनी सर्विस रिवॉल्वर से बहन गायत्री की हत्या कर दी. फिर खुद को भी गोली मार ली. वह मोतिहारी में तैनात था. घटना के पीछे घरेलू विवाद की आशंका जताई जा रही है. पुलिस मामले की जांच कर रही है.
घटना के बाद जांच करते पुलिसकर्मी(सांकेतिक फोटो)
पटना: दानापुर की मिथिला कॉलोनी में एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है. यहां एक पुलिसकर्मी भाई ने अपनी बहन की गोली मारकर हत्या कर दी. इसके बाद उसने खुद को भी गोली मार ली. इस सनसनीखेज वारदात से पूरे इलाके में हड़कंप मच गया है.
सर्विस रिवॉल्वर से चलाई गोली
मृत पुलिसकर्मी की पहचान ओमचंद के रूप में हुई है. वह मोतिहारी जिले में पदस्थापित था. ओमचंद ने अपनी सर्विस रिवॉल्वर से बहन गायत्री को गोली मार दी. गोली लगते ही गायत्री की मौके पर ही मौत हो गई. इसके तुरंत बाद ओमचंद ने खुद को भी गोली मार ली.
काफी समय से मायके में रह रही थी बहन
मिली जानकारी के अनुसार, मृतक गायत्री शादीशुदा थीं. वह काफी दिनों से अपने मायके में ही रह रही थीं. पिछले करीब एक साल से वह मिथिला कॉलोनी में स्थानीय बीजेपी नेता ब्रजेश सिंह के मकान में किराए पर रह रही थीं.
मौके पर पहुंची पुलिस और एफएसएल टीम
घटना की जानकारी मिलते ही स्थानीय पुलिस मौके पर पहुंची. सिटी एसपी (वेस्ट) संकेत कुमार भी दल-बल के साथ घटनास्थल पर पहुंचे. पुलिस ने मामले की गंभीरता को देखते हुए एफएसएल (FSL) टीम को भी जांच के लिए बुलाया.
पारिवारिक विवाद या कुछ और?
सिटी एसपी वेस्ट संकेत कुमार ने बताया कि पहली नज़र में यह मामला हत्या के बाद आत्महत्या का लग रहा है. शुरुआती जांच में घरेलू परेशानी और पारिवारिक विवाद की बात सामने आ रही है. हालांकि, पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर जाँच कर रही है.
पुलिसकर्मी के गले पर मिले निशानों ने खड़े किए सवाल
घटनास्थल से सामने आई तस्वीरों में मृत पुलिसकर्मी ओमचंद के गले पर चोट या रस्सी जैसे निशान दिखाई दे रहे हैं. इन निशानों ने इस पूरी वारदात पर कई गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं. अब सवाल उठ रहा है कि क्या यह मामला सिर्फ हत्या और आत्महत्या का है, या इसके पीछे कोई और गहरी साजिश है? पुलिस अब इस एंगल से भी मामले की गहन जांच कर रही है.