Jaipur News: आईफोन खरीदने के लिए युवक को किया किडनैप, फिर लाठी-सरियों से पीटा, हुई मौत

Jaipur News: आईफोन खरीदने के लिए युवक को किया किडनैप, फिर लाठी-सरियों से पीटा, हुई मौत


Last Updated:

जयुपर के तूंगा के दनाऊ कलां में अगवा कर बेरहमी से पीटे गए 25 साल के युवक ने अस्पताल में दम तोड़ दिया. हत्या की खबर मिलते ही आक्रोशित ग्रामीणों ने शव की मांग की. मुआवजे और लापरवाह पुलिसकर्मियों पर कार्रवाई को लेकर थाने पर 2 घंटे तक धरना दिया. पुलिस ने मामले की गंभीरता को देखते हुए 5 आरोपियों को डिटेन कर लिया है. 15 सितंबर को 15-20 युवकों ने पिस्तौल की नोक पर ओमप्रकाश को अगवा किया, फार्म हाउस में बेरहमी से पीटा. उससे 1 लाख रुपये लूटे और 5 लाख की फिरौती मांगी.

Zoom

जयपुर. राजधानी जयपुर के तूंगा थाना क्षेत्र से एक रूह कंपा देने वाली सनसनीखेज वारदात सामने आई है. पुरानी रंजिश और रंगदारी के नाम पर 5 दिन पहले अगवा किए गए 25 साल के युवक ओमप्रकाश बैरवा ने मंगलवार को अस्पताल में जिंदगी की जंग हार गया. बदमाशों ने ओमप्रकाश से आईफोन के लिए पैसे मांगे थे और मना करने पर अगवा कर लिया. युवक की मौत की खबर फैलते ही पूरे इलाके में सनसनी फैल गई और आक्रोशित ग्रामीणों का गुस्सा फूट पड़ा.

एफआईआर के मुताबिक, घटना 15 सितंबर की दोपहर की है. ओमप्रकाश जब अपने खेत में मवेशियों को संभाल रहा था. तभी बोलेरो और बाइकों पर सवार होकर आए 15-20 बेखौफ बदमाशों ने उसे घेर लिया. iPhone खरीदने के लिए पैसे मांगे. विरोध करने पर पिस्तौल की नोक पर उसे अगवा कर लिया गया.

लोहे के सरियों-लाठियों से पीटा

बदमाश उसे खतैपुरा के एक फार्म हाउस ले गए. जहां पहले से 30-40 लोग मौजूद थे. वहां लोहे के सरियों और लाठियों से उसे पीटा गया. उसकी जेब से 1 लाख रुपये लूट लिए गए और मारपीट का वीडियो बनाकर 5 लाख रुपये की और फिरौती मांगी गई. रात 9 बजे अधमरी हालत में उसे सड़क किनारे फेंककर आरोपी फरार हो गए.

थाने के बाहर 2 घंटे तक गर्जा आक्रोश

परिजन जब पुलिस के पास पहुंचे तो शुरुआत में टालमटोल की गई, जिसके बाद अदालत के दखल पर 7 नामजद समेत कई आरोपियों पर संगीन धाराओं में केस दर्ज हुआ. मंगलवार को ओमप्रकाश की मौत के बाद ग्रामीणों ने तूंगा थाने का घेराव कर 2 घंटे तक जोरदार प्रदर्शन किया.

बस्सी एसीपी हरजी लाल यादव ने स्थिति को संभालते हुए बताया कि पुलिस ने तुरंत कार्रवाई करते हुए 5 संदिग्धों को हिरासत में ले लिया है. बाकी आरोपियों की तलाश में दबिश दी जा रही है.



Source link