भारत को मिल गया दूसरा ईशान किशन, शतकों की बारिश कर रहा है झारखंड का ये सूरमा
Last Updated:
Kumar Kushagra century: ऑस्ट्रेलिया ए के खिलाफ पहले अनऑफिशियल टेस्ट मैच में विकेटकीपर बल्लेबाज कुमार कुशाग्र ने शतक ठोककर सनसनी मचा दी है. कुमार कुशाग्रा ने इंडिया ए की तरफ से 240 गेंदों का सामना करते हुए 113 रनों की पारी खेली. कुशाग्र की इस दमदार पारी के बदौलत इंडिया ए ने अपनी पहली पारी में ऑस्ट्रेलिया के सामने 334 रनों का चुनौतीपूर्ण स्कोर खड़ा किया.
कुमार कुशाग्र ने इंडिया के लिए जड़ा शतक
नई दिल्ली: झारखंड के विकेटकीपर बल्लेबाज कुमार कुशाग्र प्रचंड फॉर्म में चल रहे हैं. पहले दलीप ट्रॉफी और अब इंडिया ए के लिए कुशाग्र ने शतक ठोककर सनसनी मचा दी है. कुशाग्र का ये शतक ऑस्ट्रेलिया ए के खिलाफ पहले अनऑफिशियल टेस्ट मैच में आया है. उन्होंने इंडिया ए के लिए पहली पारी में 113 रनों की संघर्षपूर्ण पारी खेली. अपनी इस पारी में कुशाग्र ने 240 गेंदों का सामना किया, जिसमें 12 चौके शामिल रहे.
कुशाग्र ने इंडिया ए के लिए ये शतकीय पारी तब खेली, जब 100 रन के भीतर आधी टीम आउट हो चुकी थी. इसके बाद मिडिल ऑर्डर में कुशाग्र ने पारी को संभाला और इंडिया ए के लिए दीवार बनकर खड़े हो गए. कुशाग्र की इस शतकीय पारी के बदौलत ही इंडिया ए की टीम अपनी पहली पारी में 334 रनों का विशाल स्कोर खड़ा कर पाई. साई सुदर्शन को छोड़कर इंडिया के लिए टॉप ऑर्डर में और कोई भी बल्लेबाज प्रभावी नहीं दिखे.
साई सुदर्शन और तनुष कोटियान ने लगाई फिफ्टी
कुमार कुशाग्र के अलावा इंडिया ए की तरफ से साई सुदर्शन और तनुष कोटियान ने भी दमदार खेल दिखाया. पारी की शुरुआत करते हुए सुदर्शन ने 103 गेंद में 57 रनों की पारी खेली. अपनी इस पारी में उन्होंने कुल 3 चौके लगाए. सुदर्शन के अलावा निचेलक्रम में तनुष कोटियान ने भी 69 रनों का अहम योगदान दिया. अपनी इस पारी में उन्होंने 138 गेंद का सामना करते हुए 4 चौके और 1 छक्का भी लगाया. इसके अलावा अंशुल कंबोज ने भी 23 रनों की अहम पारी खेली.
ऑस्ट्रेलिया ए के लिए गेंदबादी में कोरी रोचिचिओली चमके
ऑस्ट्रेलिया ए की तरफ से गेंदबाजी में कोरी रोचिचिओली ने दमदार खेल का प्रदर्शन किया. कोरी रोचिचिओली ने अपनी टीम के लिए 25 ओवर में 95 रन देकर 4 विकेट अपने नाम किए. इसके अलावा ऑस्ट्रेलिया ए के लिए टॉड मर्फी ने भी 33.3 ओवर में 77 रन देकर 3 विकेट झटके. वहीं, ब्रेंडन डॉगेट, फर्गस ओ’नील और लियाम स्कॉट के खाते में 1-1 विकेट आया.